एयर मार्शल विवेक राम चौधरी ने वायुसेना उप प्रमुख के रूप में कामकाज संभाला
By भाषा | Updated: July 1, 2021 23:00 IST2021-07-01T23:00:12+5:302021-07-01T23:00:12+5:30

एयर मार्शल विवेक राम चौधरी ने वायुसेना उप प्रमुख के रूप में कामकाज संभाला
नयी दिल्ली, एक जुलाई एयर मार्शल विवेक राम चौधरी ने बृहस्पतिवार को भारतीय वायु सेना के नए उप प्रमुख के रूप में कामकाज संभाल लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
वायु सेना के उप प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभालने से पहले एयर मार्शल चौधरी वायु सेना की पश्चिमी कमान के कमांडर-इन-चीफ के रूप में पदस्थ थे। यह कमान संवेदनशील लद्दाख क्षेत्र में तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में देश के हवाई क्षेत्र की सुरक्षा को देखती है।
अब एयर मार्शल बी आर कृष्णा ने पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) की जिम्मेदारी संभाली है।
एयर मार्शल चौधरी ने एयर मार्शल हरजीत सिंह अरोड़ा की जगह ली है। एयर मार्शल अरोड़ा बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए थे।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के पूर्व छात्र एयर मार्शल चौधरी 29 दिसंबर, 1982 को वायु सेना की लड़ाकू शाखा में नियुक्ति हुए थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।