लाइव न्यूज़ :

कोलकाता नगर निगम चुनाव में हार के बाद तथागत रॉय ने कहा, भाजपा को ‘‘गद्दार’’ चला रहे हैं

By भाषा | Updated: December 22, 2021 16:34 IST

Open in App

कोलकाता, 22 दिसंबर कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निराशाजनक प्रदर्शन के एक दिन बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता तथागत रॉय ने प्रदेश नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी को ‘अय्याशों और गद्दारों’ का झुंड चला रहा है।

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने राज्य विधानसभा चुनाव में अपनी शानदार जीत के सात महीने बाद मंगलवार को 144 सदस्यीय केएमसी में 134 सीटों पर कब्जा किया। विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा को सिर्फ तीन वार्ड, कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे को दो-दो वार्ड और निर्दलीय को तीन वार्ड में जीत मिली।

त्रिपुरा और मेघालय के पूर्व राज्यपाल रॉय ने ट्वीट किया, ‘‘हिंदू बंगाली विनाश और विलुप्त होने की ओर अग्रसर प्रतीत होते हैं। उनके मुख्य निवास पश्चिम बंगाल राज्य में पिछले 44 वर्षों से कुशासन रहा है। यहां सबसे विनाशकारी और बुरे लोग सत्ता में रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा, जो इसमें फिर से जान डाल सकती थी, उसको अय्याशों और गद्दारों के झुंड के हवाले छोड़ दिया गया है। परिणाम 2021 के विधानसभा चुनाव में हार थी और चूंकि उसके बाद कोई गंभीर सुधार नहीं हुआ इसलिए नगर निगम के चुनाव में पराजय मिली।’’

आलोचनाओं के बावजूद वाम मोर्चा प्राप्त वोट के मामले में तृणमूल के बाद दूसरे स्थान पर रहा और अधिकांश वार्ड में इसने भाजपा को तीसरे स्थान पर धकेल दिया। प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ अपना हमला जारी रखते हुए रॉय ने कहा कि उन्होंने कई बार पार्टी के विभिन्न मंचों पर कमियों की ओर इशारा किया, लेकिन गलतियों को सुधारने के लिए कुछ भी नहीं किया गया।

उन्होंने लिखा, ‘‘कुछ लोग सार्वजनिक रूप से भाजपा के खिलाफ मेरी टिप्पणियों को लेकर बुरा महसूस कर रहे हैं। मैं भी इससे परेशान हूं। लेकिन कोई रास्ता नहीं है। मैंने पार्टी मंचों पर गोपनीय तरीके से उन चीजों के बारे में बताया, लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं जीवित हूं या नहीं। महत्वपूर्ण यह है कि हिंदू बंगालियों की हार आसन्न है।’’

विधानसभा चुनाव में पराजय के बाद से पार्टी के पश्चिम बंगाल नेतृत्व पर हमला कर रहे रॉय ने कहा था कि पिछले महीने उन्होंने भाजपा की प्रदेश इकाई से फिलहाल ‘‘विदा’’ लेने का फैसला किया है। उनकी इस टिप्पणी से माना जा रहा था कि वह हमले और तेज करेंगे। उन्होंने कहा था कि वह नगर निगम चुनाव के नतीजों का इंतजार करेंगे।

पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि केवल रॉय ही अपने बयान पर जवाब दे सकते हैं। रॉय, लंबे समय से भाजपा के पश्चिम बंगाल मामलों के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष और वरिष्ठ नेताओं अरविंद मेनन एवं शिव प्रकाश के फैसलों की आलोचना करते रहे हैं और विधानसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए उन्हें दोषी ठहराते हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबाररुपये की तेज छलांग! 2013 के बाद सबसे बड़ा उछाल

क्रिकेटIPL 2026: समीर रिज़वी और रवि बिश्नोई शीर्ष पर, मौजूदा ऑरेंज और पर्पल कैप लीडर्स की सूची देखें

कारोबारGold Rate Today: 6 अप्रैल 2026 को सोना हुआ सस्ता, 24 कैरेट सोने की कीमत ₹ 1,51,765 प्रति 10 ग्राम

ज़रा हटकेचाचा जी, मुझे बचा लो?, 4 साल की लड़की को जंजीर से बांधकर पूर्व सैनिक ने पीटा

क्रिकेट3 मैच में 6-7 और 9 रन?, आरआर से सीएसके में लौटे सैमसन का बल्ला नहीं चला, कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा- माहौल में ढल रहे और जल्द रन बरसाएंगे?

भारत अधिक खबरें

भारतरामअवतार जग्गी हत्याः अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा

भारतबीजेपी 47वां स्थापना दिवस समारोहः करोड़ों कार्यकर्ता को बधाई, हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं?, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा-भावुक पोस्ट, वीडियो

भारतBaramati Bypoll 2026: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती उपचुनाव में महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से टक्कर?

भारतअसम की जनता ने इस बार दो काम पक्के किए?, पीएम मोदी बोले- एनडीए की हैट्रिक और कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार की हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड?

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?