लाइव न्यूज़ :

दिल्ली में करीब 10 महीने बाद 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए खुले स्कूल

By भाषा | Updated: January 18, 2021 16:29 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 18 जनवरी राष्ट्रीय राजधानी में करीब 10 महीने बाद सोमवार को खुले स्कूलों में 10वीं और 12वीं के छात्रों का गुब्बारों, फूलों, सेनिटाइजर और मुस्कुराते चेहरों के साथ स्वागत किया गया।

कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर करीब 10 महीने से अधिक समय बाद सोमवार को स्कूल खुले। इस दौरान छात्र मास्क पहने और स्कूल के बाहर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए पंक्तिबद्ध दिखे।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बच्चों को स्कूल में फिर से पढ़ते देखना भावुक कर देने वाला क्षण है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘लम्बे वक्त के बाद दिल्ली के स्कूलों में बच्चों को फिर से पढ़ते देखना, मेरे लिए बेहद भावनात्मक क्षण है। एक अत्यंत मुश्किल वक्त को पीछे छोड़कर आज फिर से स्कूल खुले हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सब कुछ सामान्य होगा और सभी बच्चे स्कूल आकर अपने शिक्षकों एवं दोस्तों से मिलेंगे।’’

दिल्ली सरकार ने कोविड-19 निषिद्ध क्षेत्रों के बाहर के स्कूलों को 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए 18 जनवरी से खोलने की अनुमति दी है। हालांकि विद्यार्थियों के लिए स्कूल आना अनिवार्य नहीं हैं, वे चाहें तो अब भी ऑनलाइन कक्षाएं ले सकते हैं।

कक्षा 12वीं की छात्रा प्रगति दीवान ने कहा, ‘‘यह वैकल्पिक था लेकिन मुझे आना ही था। यह मेरे स्कूल का आखिरी साल है और मैं इस साल एक दिन भी स्कूल नहीं आ पाई थी।’’

‘गीता बाल भारती स्कूल’ की एक अन्य छात्रा ने कहा, ‘‘ऐसा नहीं लग रहा कि मैं 10 महीने बाद स्कूल आ रही हूं, बल्कि ऐसा लग रहा है कि मैं पहली बार स्कूल आई हूं। मैं बोर्ड की परीक्षा की तैयारी को लेकर उत्साहित हूं।’’

स्कूलों ने यहां गलियारों में ‘‘वापसी पर स्वागत है’’ के पोस्टर लगाए और शिक्षक हाथ में सेनिटाइज़र लिए खड़े थे। स्कूलों में प्रवेश करने से पहले प्रत्येक छात्रों का तापमान भी मापा गया।

मंडावली में ‘सर्वोदय कन्या विद्यालय’ के परिसर को गुब्बारों से सजाया गया था और छात्रों के आने पर शिक्षकों ने उन पर फूल भी बरसाए।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सोमवार को चिराग एनक्लेव के एक स्कूल का दौरा कर तैयारी का जायजा लिया।

सिसोदिया ने कहा, ‘‘लंबे वक्त बाद स्कूल में बच्चों से मिलकर वाकई अच्छा लगा। वे सुरक्षा मानकों के हिसाब से नए माहौल में खुद को ढाल रहे हैं लेकिन अपने दोस्तों से मिलकर वे बेहद खुश हैं। शिक्षक भी छात्रों से मिलकर खुश हैं। उनका कहना है कि इससे उनके जीवन का खालीपन भर गया है।’’

इस अकादमिक सत्र में पहली बार 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए स्कूल खोले गए हैं। इस दौरान छात्रों को अलग-अलग समय बुलाया गया है और परिसर को बार-बार संक्रमणमुक्त करने की व्यवस्था की गई है।

राष्ट्रीय राजधानी में 10 महीने बाद स्कूल खुले हैं। कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पिछले साल मार्च में स्कूलों को बंद कर दिया गया था। विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि सोमवार से स्कूल खुलने पर कोविड-19 संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए।

दिल्ली सरकार ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर 10वीं और 12 वीं कक्षा के लिए 18 जनवरी से स्कूल खोलने की अनुमति दी थी। साथ ही स्पष्ट कर दिया था कि छात्रों को अभिभावकों की सहमति से ही (स्कूल) बुलाया जाएगा, स्कूल आना किसी के लिए भी अनिवार्य नहीं होगा।

दिल्ली में 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के लिए तीन लाख से ज्यादा छात्रों ने पंजीकरण कराया है जबकि 12वीं कक्षा के लिए 2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

गौरतलब है कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए पहले ही बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान कर चुका है। ये परीक्षाएं चार मई से 10 जून के बीच होंगी।

दिल्ली सरकार ने पहले सुझाव दिया था कि स्कूलों में कक्षा 12वीं के लिए 20 मार्च से 15 अप्रैल के बीच प्री बोर्ड की परीक्षाएं आयोजित की जाएं जबकि कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए एक अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच प्री बोर्ड के इम्तिहान लिए जाएं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

स्वास्थ्यपुष्पा… नाम सुनकर फ्लावर समझे क्या? फायर है मैं…”

भारतबिहार में मुख्यमंत्री चुनना भाजपा के लिए बनी बड़ी सिरदर्दी, सम्राट चौधरी के नाम पर दल में टूट की संभावना, संघ बैकग्राउंड के नेता की हो रही है मांग

कारोबाररुपये की तेज छलांग! 2013 के बाद सबसे बड़ा उछाल

भारतएनएसजी कमांडोज के करतब देख रोमांचित हुए सीएम डॉ. मोहन, कहा- जवानों ने योग्यता-बुद्धिमत्ता-निडरता का अहसास कराया

क्रिकेटIPL 2026: समीर रिज़वी और रवि बिश्नोई शीर्ष पर, मौजूदा ऑरेंज और पर्पल कैप लीडर्स की सूची देखें

भारत अधिक खबरें

भारतरामअवतार जग्गी हत्याः अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा

भारतबीजेपी 47वां स्थापना दिवस समारोहः करोड़ों कार्यकर्ता को बधाई, हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं?, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा-भावुक पोस्ट, वीडियो

भारतBaramati Bypoll 2026: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती उपचुनाव में महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से टक्कर?

भारतअसम की जनता ने इस बार दो काम पक्के किए?, पीएम मोदी बोले- एनडीए की हैट्रिक और कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार की हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड?

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?