ADR report: 931 करोड़ के साथ सबसे अमीर सीएम चंद्रबाबू नायडू, पेमा खांडू 332 करोड़ के साथ दूसरे नंबर पर, 8वें स्थान पर सीएम नीतीश कुमार
By एस पी सिन्हा | Updated: December 31, 2024 16:14 IST2024-12-31T16:05:07+5:302024-12-31T16:14:10+5:30
ADR report: एडीआर की 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 1.64 करोड़ रुपए है, जबकि उनकी खुद की आय 4 लाख रुपये से ज्यादा है।

file photo
ADR report: वर्ष 2024 के समाप्ति के दौरान एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स(एडीआर) ने एक रिपोर्ट जारी कर यह बताया है कि देश के अमीर मुख्यमंत्रियों की सूची में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह क्या है और इनके पास कुल कितनी संपत्ति है। एडीआर की 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 1.64 करोड़ रुपए है, जबकि उनकी खुद की आय 4 लाख रुपये से ज्यादा है। 30 दिसंबर को जारी इस रिपोर्ट के अनुसार नीतीश कुमार 1.64 करोड़ रुपये के साथ आठवें नंबर हैं। हालांकि, पिछले साल से नीतीश कुमार की संपत्ति कम हुई है। पिछले साल एडीआर रिपोर्ट के मुताबिक नीतीश कुमार की कुल संपत्ति 3.09 करोड़ रुपये थी। जबकि गरीब मुख्यमंत्रियों की सूची में पहले नंबर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हैं, उनकी संपत्ति 15 लाख है।
दूसरे नंबर पर उमर अब्दुल्ला (जम्मू कश्मीर) 55 लाख, तीसरे नंबर पर पिनाराई विजयन (केरल) 1.18 करोड़, चौथे पर आतिशी (दिल्ली) 1.41 करोड़ और पांचवें नंबर पर भजन लाल शर्मा (राजस्थान) 1.46 करोड़ हैं। वहीं छठे नंबर पर एन बीरेन सिंह (मणिपुर) 1.47 करोड़, सातवें नंबर पर योगी आदित्यनाथ (यूपी) 1.54 करोड़, आठवें नंबर पर नीतीश कुमार (बिहार) 1.64 करोड़, नौवें नंबर पर भगवंत मान (पंजाब) 1.97 करोड़ और 10वें नंबर पर मोहन चरण मांझी (ओडिशा) की संपत्ति 1.97 करोड़ है।
बताया जाता है कि एडीआर ने 31 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेश के मौजूदा सीएम के शपथ पत्रों का विश्लेषण किया। उसके बाद यह रिपोर्ट जारी किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति करीब 52 करोड़ है, जबकि उनकी कुल संपत्ति 1630 करोड़ है. इनमें से सबसे अमीर मुख्यमंत्री आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू हैं।
जबकि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सबसे गरीब हैं। इधर, 31 में से 13 मुख्यमंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें 10 पर गंभीर मामले हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक भी आपराधिक मामला दर्ज नहीं हैं। एडीआर रिपोर्ट में बिहार सीएम पर एक आपराधिक मामला दर्ज करने का जिक्र था। जिसके बाद अदालत से उन्हें राहत मिली थी। यह मामला साल 2009 में दर्ज हुआ था।