आदमपुर विधानसभा सीट उपचुनाव: भाजपा के भव्य बिश्नोई 10228 मतों से आगे, कांग्रेस दूसरे स्थान पर, जानें आम आदमी पार्टी का हाल
By सतीश कुमार सिंह | Updated: November 6, 2022 12:02 IST2022-11-06T11:57:45+5:302022-11-06T12:02:56+5:30
Adampur assembly seat by-election: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के विधायक पद से इस्तीफा देने और अगस्त में कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के बाद यहां उपचुनाव कराना पड़ा है।

हिसार में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन नवंबर को हुए उपचुनाव में 76.45 प्रतिशत मतदान हुआ था। (file photo- कुलदीप विश्नोई)
हिसारः हरियाणा में आदमपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना रविवार को शुरू हो गई। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई। हिसार में आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन नवंबर को हुए उपचुनाव में 76.45 प्रतिशत मतदान हुआ था।
शुरुआती चरण की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार भव्य बिश्नोई अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जय प्रकाश से 10228 मतों से आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझानों के अनुसार, बिश्नोई को अभी तक 28669 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के प्रकाश को 18441 वोट हासिल हुए हैं।
वहीं, इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के उम्मीदवार कुर्दा राम नंबरदार को 998 वोट और आम आदमी पार्टी (आप) के सतेंद्र सिंह को 786 वोट मिले हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई के विधायक पद से इस्तीफा देने और अगस्त में कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जाने के बाद उपचुनाव कराना पड़ा था।
भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई को चुनाव मैदान में उतारा है। भव्य कुलदीप बिश्नोई के बेटे हैं। हिसार से तीन बार के सांसद और दो बार के विधायक रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री जय प्रकाश को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने कांग्रेस के बागी कुर्दा राम नंबरदार को उम्मीदवार बनाया है जबकि आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा से अलग हो चुके सतेंद्र सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। इस उपचुनाव में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और सभी पुरुष हैं।