आप नेता संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों को रद्द करने की गुहार लगाई
By भाषा | Updated: January 30, 2021 18:26 IST2021-01-30T18:26:27+5:302021-01-30T18:26:27+5:30

आप नेता संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों को रद्द करने की गुहार लगाई
नयी दिल्ली, 30 जनवरी आम आदमी पार्टी के नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उच्चतम न्यायालय से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों को रद्द करने का अनुरोध किया और आरोप लगाया कि ये मामले ‘‘दुर्भावनापूर्ण तरीके से राजनीतिक बदले की भावना के तहत दर्ज किए गए थे।’’
ये मामले सिंह द्वारा पिछले साल अगस्त में की गई एक प्रेसवार्ता के बाद दर्ज किए गए थे।
सिंह ने एक अन्य याचिका में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के 21 जनवरी के उस फैसले को भी चुनौती दी है, जिसमें अदालत ने 12 अगस्त 2020 की प्रेसवार्ता के बाद लखनउ में दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने से इंकार किया था।
सांसद ने कहा कि उन्होंने 12 अगस्त की प्रेसवार्ता में राज्य सरकार पर एक विशेष जाति का पक्ष लेने का आरोप लगाया था।
वकील सुमीर सोढ़ी के जरिए दायर रिट याचिका में सिंह ने कहा, ‘‘ संबंधित प्रेसवार्ता में याचिकाकर्ता ने केवल निश्चित सामाजिक मुद्दे और बिना नाम लिए सरकार द्वारा समाज के एक विशेष वर्ग के प्रति सहानुभूति रखने जैसे सवाल उठाए थे।’’
इन दोनों याचिकाओं पर न्यायमूर्ति अशोक भूषण की अध्यक्षता वाली पीठ दो फरवरी को सुनवाई कर सकती है।
इस मामले में वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा सिंह का पक्ष रख सकते हैं।
आप नेता ने कहा कि प्रेसवार्ता के बाद उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में भाजपा के सदस्यों के इशारे पर उनके खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज की गईं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।