लाइव न्यूज़ :

आप ने लखीमपुर खीरी हिंसा की सीबीआई जांच की मांग की

By भाषा | Updated: October 4, 2021 00:37 IST

Open in App

नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा की घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग की। वहां किसानों के एक समूह को दो स्पोर्टस यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) ने कथित तौर पर कुचल दिया और जिसके चलते हुई हिंसा में आठ लोगों की जान चली गई।

दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मांग की कि ‘‘इस तरह के जघन्य अपराध’’ के अपराधियों को ‘‘कड़ी सजा’’ दी जाए।

आप सांसद संजय सिंह ने भी मांग की कि ‘‘हत्यारों’’ को ‘‘कड़ी सजा’’ दी जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ‘‘तीन नये कृषि कानूनों’’ को वापस लेने का आग्रह किया, जिसके खिलाफ किसान पिछले 10 महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।

सिंह ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘कुछ दिन पहले, (केंद्रीय गृह राज्य मंत्री) अजय कुमार मिश्रा ने एक बयान में कहा था कि वह दो मिनट में विरोध करने वाले किसानों को सही रास्ते पर ला देंगे। आज, मेरे पास आने वाली खबरों के अनुसार, उनके बेटे ने तीन किसानों को अपने वाहन के पहियों के नीचे कुचल कर मार डाला है।’’

सिंह ने कहा, ‘‘यह घटना अंग्रेजों के भारत की नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी के भारत की है, आजादी के 75 साल बाद योगी आदित्यनाथ का भारत है, जहां भाजपा सत्ता में है।’’

हालांकि, केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा ने इस आरोप का खंडन किया कि उनके बेटे आशीष मिश्रा उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना में शामिल थे, जिसमें किसानों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं और एक चालक को वहां विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों में मौजूद ‘‘कुछ तत्वों’’ द्वारा पीट-पीट कर मार डाला गया।

मंत्री ने पीटीआई-भाषा से यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पहले भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहनों पर पथराव किया, जिससे वाहन चालक ने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।

आप नेता ने कहा, ‘‘मैं अपील करता हूं कि मोदी जी तीन काले कानूनों को वापस लें और सुनिश्चित करें कि आज की घटना में किसानों के हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए और कड़ी सजा दी जाए। उस घटना की सीबीआई जांच होनी चाहिए जिसमें तीन किसान मारे गए।’’ उन्होंने घटना में घायल हुए किसानों को मुआवजा देने की भी मांग की।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘प्रदर्शनकारी किसानों को पहियों के नीचे कुचलना हिंसक और अन्यायपूर्ण है। घटना में किसान भाइयों के मारे जाने की खबर आ रही है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। दुख की इस घड़ी में मैं किसान भाइयों के साथ हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’’

वहीं आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि लखीमपुर में किसानों की "हत्या" की खबर "बेहद दुखद और हृदय विदारक" है।

उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘देश के 'अन्नदाता' के हत्यारों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए, चाहे वे कितने ही प्रभावशाली क्यों न हों।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

बॉलीवुड चुस्कीVirat Kohli ने देखी 'Dhurandhar 2', बोले- ऐसी फिल्म आज तक नहीं देखी!

स्वास्थ्यबांग्लादेश खसरा प्रकोपः 100 से अधिक बच्चों की मौत?, मार्च से अब तक 900 से अधिक केस, खसरा-रूबेला का आपातकालीन टीकाकरण अभियान चलाया?

विश्वमेरे दिमाग से कभी नहीं जाएगा ईरान युद्ध, नाटो ने मुझे गम दिया?, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा-नाटो एक कागजी शेर, व्लादिमीर पुतिन भी नहीं डरते

ज़रा हटकेVIDEO: रफ्तार और बारिश का कहर, ट्रक में घुसी इनोवा; चेन्नई-कोलकाता नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा

कारोबारकृत्रिम बुद्धिमत्ता पर फोकस कीजिए?, हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने कर्मयोगी प्लेटफॉर्म से जुड़ने को कहा, लिखा पत्र

भारत अधिक खबरें

भारतMBOSE SSLC 10th Result 2026: कक्षा 10 का परिणाम घोषित?, परिणाम देखने के लिए इस लिंक पर जाइये

भारतKarnataka 2nd PUC Result 2026: रोल नंबर तैयार रखें, कभी भी आ सकता है रिजल्ट

भारत3 दिन के भारत दौरे पर बांग्लादेशी विदेश मंत्री, क्या सुलझेंगे पुराने मुद्दे? जानें क्या मुद्दे शामिल

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान