AAP: पंजाब फतेह के बाद आम आदमी पार्टी की इन 8 राज्यों में नजर, यहां इलेक्शन इंचार्ज और प्रभारी नियुक्त
By रुस्तम राणा | Updated: March 21, 2022 18:43 IST2022-03-21T16:58:27+5:302022-03-21T18:43:29+5:30
आम आदमी पार्टी ने पंजाब सहित 9 राज्यों में अपने चुनाव प्रभारी और प्रभारी को नियुक्त किया है। इनमें गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, असम, राजस्थान, तेलंगाना, केरल और पंजाब भी शामिल हैं।

AAP: पंजाब फतेह के बाद आम आदमी पार्टी की इन 8 राज्यों में नजर, यहां इलेक्शन इंचार्ज और प्रभारी नियुक्त
नई दिल्ली: पंजाब फतेह के बाद आम आदमी पार्टी की नजरें अब देशभर में पार्टी के विस्तार पर हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी ने पंजाब सहित 9 राज्यों में अपने चुनाव प्रभारी और प्रभारी को नियुक्त किया है। इन राज्यों में गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, असम, राजस्थान, तेलंगाना, केरल और पंजाब भी शामिल हैं। हालांकि पंजाब में आप ने प्रचंड बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाई है।
इससे पहले आम आदमी पार्टी ने पश्चिम बंगाल में 2023 में होने वाले पंचायत चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर इसकी स्थानीय इकाई ने पहले ही अपना अभियान शुरू कर दिया है। पूर्वोत्तर राज्य असम में पार्टी ने राजेश शर्मा को प्रभारी बनाया है। छत्तीसगढ़ में गोपाल राय को इलेक्शन इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि यहां संजीव झा को प्रभारी और संतोष श्रीवास्तव को संगठन मंत्री बनाया गया है।
इसी प्रकार गुजरात में गुलाब सिंह को इलेक्शन इंचार्ज बनाया गया है और डॉक्टर संदीप पाठक यहां प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। दिल्ली से लगे हरियाणा में पार्टी ने सौरभ भारद्वाज को इलेक्शन इंचार्ज बनाया है तो सुशील गुप्ता को प्रभारी और महेंद्र चौधरी को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान पहले ही कर दिया गया है। यहां इलेक्शन की जिम्मेदारी दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को दी गई है। दुर्गेश पाठक को प्रभारी, जबकि तीन अन्य नेताओं को सह-प्रभारी के तौर पर नियुक्त किया गया है। वहीं यहां पर होने वाले आगामी चुनाव के लिए पार्टी ने एक संगठन मंत्री, इलेक्शन इंचार्ज के लिए सचिव और मीडिया मैनेजर को भी नियुक्त किया है।
उधर, दक्षिण भारतीय राज्य केरल में ए. राजा को प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि पंजाब जहां, हाल ही में चुनाव संपन्न हुए वहां भी पार्टी ने जरनैल सिंह को प्रभारी तो डॉ संदीप पाठक को सह-प्रभारी नियुक्त किया है।
We are all set to increase our footprint throughout India! 🇮🇳
— AAP (@AamAadmiParty) March 21, 2022
And to achieve that, we are announcing new Office Bearers for 9 states -
▪️Gujarat
▪️Himachal Pradesh
▪️Haryana
▪️Chhattisgarh
▪️Assam
▪️Rajasthan
▪️Telangana
▪️Kerala
▪️Punjab pic.twitter.com/V7T3seENHq
मालूम हो कि पार्टी ने हाल ही में पंजाब, उत्तराखंड, यूपी और गोवा में विधानसभा चुनाव लड़ा था। जहां पार्टी ने पंजाब में प्रचंड जीत दर्ज की है। राज्य की 117 सीटों में से 92 सीटों में जीत हासिल की है। हालांकि यूपी और उत्तराखंड में पार्टी को एक भी सीट नहीं मिलीं, लेकिन गोवा में वह 2 सीटें जीतने में सफल रही है।