लाइव न्यूज़ :

Aaj ki Taja Khabar: अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर फंसे नाविकों को निकालने के पोत परिवहन मंत्रालय योजना तैयार करेगा : पोत परिवहन मंत्री मन्सुख एल मंडाविया

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 27, 2020 21:58 IST

Open in App

भारत समेत पूरी दुनिया में कोरोना का कहर जारी है। भारत में इससे 800 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 28,380 हो गई है, इसमें 21132 सक्रिय मामले, 6362 ठीक / डिस्चार्ज / माइग्रेट और 886 मौतें शामिल हैं। इस बीच कोरोना से ठीक हो रहे मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है और ये राहत की बात है। दूसरी ओर कोरोना के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी को लेकर भी चर्चा जारी है। देश में 3 मई तक लॉकडाउन है और ऐसे में इस अवधि के खत्म होने के बाद कैसे आगे बढ़ा जाना चाहिए, इसे लेकर भी मंथन जारी है। माना जा रहा है कि लॉकडाउन के बाद भी हॉटस्पॉट जिलों में प्रतिबंध लागू रह सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ इसे लेकर बैठक भी कर रहे हैं। तमाम खबरों के ताजा अपडेट और कोरोना वायरस और लॉकडाउन की हर अपडेट के लिए इस Live Blog के साथ बने रहें।

27 Apr, 20 09:44 PM

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) ने सोमवार को कोविड-19 की वजह से लागू लॉकडाउन के कारण स्थगित किए गए अकादमिक सत्र, नए दाखिलों और परीक्षाओं के संचालन पर चर्चा करने के लिए एक आपात बैठक बुलाई।    यूजीसी के अधिकारियों ने कोरोना वायरस महामारी के कारण देश में जारी लॉकडाउन के मद्देनजर अकादमिक नुकसान और ऑनलाइन शिक्षा के मुद्दों को देखने के लिए गठित दो पैनलों द्वारा की गई सिफारिशों पर विचार-विमर्श किया। हरियाणा विश्वविद्यालय के कुलपति आरसी कुहाड़ की अगुवाई में एक समिति का गठन लॉकडाउन के दौरान विश्वविद्यालयों में परीक्षाओं के संचालन के तरीकों और वैकल्पिक शैक्षणिक सत्र के बारे में उपाय करने के लिए किया गया था। दूसरी समिति ऑनलाइन शिक्षा में सुधार के उपाय सुझाने के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के कुलपति नागेश्वर राव के नेतृत्व में गठित की गई थी। दोनों पैनलों ने पिछले सप्ताह शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने कहा, ‘‘वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आज एक आपात बैठक आयोजित की गई। दोनों समितियों की रिपोर्टों, दिशानिर्देशों और कार्यान्वयन योजनाओं पर चर्चा की गई और कुछ सुझाव आयोग के सदस्यों द्वारा दिए गए। हम जल्द ही विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लिए दिशानिर्देश जारी करेंगे।’’

27 Apr, 20 09:43 PM

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष में 2019-20 के दौरान देश का चाय निर्यात इससे पिछले वर्ष की तुलना में 0.55 प्रतिशत घटकर 82.63 करोड़ डॉलर रहा। आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान निर्यात में सर्वाधिक 33.74 प्रतिशत गिरावट इस साल मार्च में आई, जो एक साल पहले के 7.45 करोड़ डॉलर के मुकाबले घटकर 4.93 करोड़ डॉलर रहा। ताजा आंकड़ों के मुताबिक मात्रा के आधार पर 2019-20 के पहले 10 महीनों के दौरान निर्यात एक साल पहले के 21.4 करोड़ किलोग्राम से घटकर 20.5 करोड़ किलोग्राम रह गया। उद्योग के विशेषज्ञों का कहना है कि देश के कुल निर्यात पर नजर डालें तो इस क्षेत्र ने तुलनात्मक रूप से बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत से मुख्य रूप से रूस, यूक्रेन, कजाकिस्तान, ईरान, ब्रिटेन, नीदरलैंड, जर्मनी और आयरलैंड को चाय का निर्यात किया जाता है।

27 Apr, 20 09:43 PM

बिहार के भागलपुर शहर की लालबाग कॉलोनी में एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। सदर पुलिस उपाधीक्षक राजवंश सिंह ने आज बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका डाक्टर प्रियंका प्रियदर्शिनी अविवाहित थीं और अपने परिवार के साथ ही छह सालों से भागलपुर के तिलकामांझी थाना अंतर्गत लालबाग कॉलोनी में किराये के एक मकान में रह रही थीं। पूर्णिया जिले के एक निजी अस्पताल में कार्यरत उक्त महिला चिकित्सक के पिछले कुछ माह से डिप्रेशन में होने की बात कही जा रही है और वह और कुछ दिनों से पूर्णिया काम पर नहीं जा रही थीं। सोमवार को देर सुबह तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर महिला चिकित्सक के पिता ने अपनी पुत्री को पंखे से लटका हुआ पाया जिसके बाद घरवालों ने शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।

27 Apr, 20 09:42 PM

जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ने सोमवार को इस केंद्रशासित प्रदेश में कोविड-19 का मुकाबला करने के लिए तीन मई के बाद के परिदृश्य के लिए पहले से समग्र रणनीति तैयार करने को कहा। एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार वीडियो कांफ्रेंस के जरिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करने के शीघ्र बाद उपराज्यपाल ने एक बैठक की। इसमें उन्होंने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए उभरती नयी स्थिति एवं आगे की योजना पर चर्चा की। मुर्मू ने इस केंद्रशासित प्रदेश कोरोनावायरस के खिलाफ लड़ाई में प्रशासन के सभी स्तरों पर सतत प्रयासों के महत्व पर जोर दिया और अधिकारियों से प्रभावी तीव्र कार्रवाई प्रणाली तैयार करने को कहा ताकि लॉकडाउन हटाये जाने के बाद उभरने वाली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही सक्रिय कदम उठाया जा सके। उपराज्यपाल ने कहा कि परीक्षण में वृद्धि मरीजों की पहचान एवं महामारी का मुकाबला करने के लिए एक अहम बात है और उन्होंने अधिकारियों से परीक्षण की रफ्तार बनाये रखने एवं उसे बढ़ाने की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया।

27 Apr, 20 09:08 PM

महाराष्ट्र में सोमवार को कोविड-19 के 522 नये मामले सामने आए जिससे रोगियों की कुल संख्या अभी तक 8590 हो गई है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा कि राज्य में 27 और लोगों की मौत के साथ ही कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 369 हो गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हुए लोगों की संख्या 1282 है।

27 Apr, 20 08:52 PM

झारखंड कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी अमित खरे ने सोमवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव के रूप में दूसरी बार पदभार ग्रहण किया। खरे को मई 2018 में पहली बार सूचना और प्रसारण मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया था। उसके बाद दिसंबर 2019 में रवि मित्तल ने उनकी जगह ली। रविवार को उच्च शिक्षा सचिव अमित खरे को सूचना और प्रसारण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया, जबकि मित्तल को खेल विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया। काफी समय से मंत्रालय से जुड़े रहे खरे ऐसे समय में आए हैं जब मीडिया उद्योग की आर्थिक स्थिति को कोरोना वायरस महामारी के कारण भारी क्षति पहुंची है।

27 Apr, 20 08:51 PM

केंद्रीय मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कोविड-19 से जुड़े मुद्दों और मध्याह्न भोजन कार्यक्रम पर चर्चा करने के लिए राज्य के शिक्षा मंत्रियों की बैठक बुलायी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह बैठक मंगलवार को दोपहर दो बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘एचआरडी मंत्री कोविड-19 से निपटने, मध्याह्न भोजन कार्यक्रम, समग्र शिक्षा कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर कल वीडियो कॉल के माध्यम से राज्य के शिक्षामंत्रियों के साथ चर्चा करेंगे।’’ इससे पहले सोमवार को पोखरियाल ने अभिभावकों से ऑनलाइन बातचीत की और लॉकडाउन के चलते पुस्तकों की अनुपलब्धता और बोर्ड परीक्षा की अनिश्चितता समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। देशभर में विश्वविद्यालय एवं विद्यालय 16 मार्च से बंद हैं। केंद्र ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पूरे देश में कक्षाओं को बंद करने की घोषणा की थी। बाद में, 24 मार्च को राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन घोषित किया गया। इसे तीन मई तक बढ़ा दिया गया। मार्च के आखिरी सप्ताह में मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से विद्यालयों के बंद रहने के बावजूद विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा था।

27 Apr, 20 08:19 PM

कोरोना वायरस से मुकाबले में देश का सहयोग करते हुए हिंदी फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने मुंबई पुलिस फाउंडेशन को दो करोड़ रुपये दान किए हैं। मुंबई पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह ने ट्वीट कर अक्षय कुमार को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। सिंह ने लिखा, “मुंबई पुलिस फाउंडेशन में दो करोड़ रुपये के सहयोग के लिए मुंबई पुलिस अक्षय कुमार को धन्यवाद देती है। आपका सहयोग शहर की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों के जीवन में काफी मददगार साबित होगा।” ट्वीट के जवाब में 52 वर्षीय अभिनेता ने कोविड-19 से संक्रमित होकर अपनी जान गंवाने वाले हेड कांस्टेबल चंद्रकांत पेंडूरकर और संदीप सुर्वे को श्रद्धांजलि दी और अपने प्रशंसकों से फाउंडेशन में योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने ट्वीट किया, “ मैं मुंबई पुलिस के हेड कांस्टेबल चंद्रकांत पेंडूरकर और संदीप सुर्वे को सलाम करता हूं जिन्होंने कोरोना से लड़ते हुए अपने जीवन का बलिदान दे दिया। मैंने अपना काम कर दिया है, आशा करता हूं आप भी करेंगे। हमें भूलना नहीं चाहिए कि हम उनकी वजह से सुरक्षित और जिंदा हैं।” कुमार ने इसके पहले पीएम-केयर्स में 25 करोड़ रुपये का सहयोग दिया था।

27 Apr, 20 08:18 PM

केरल में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के 13 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 481 हो गई है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने यह जानकारी दी। राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा बैठक में शामिल होने के बाद विजयन ने संवाददाताओं से कहा, “कोट्टायम में छह, इडुक्की में चार, पलक्कड़, मालापुरम और कन्नूर जिले से एक-एक मामला सामने आया है।” उन्होंने बताया कि संक्रमित पाए गए पांच लोग तमिलनाडु से हैं जबकि एक हाल ही में विदेश से लौटा है। बाकी लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए थे। एक व्यक्ति कैसे संक्रमित हुआ इसका पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि राज्य में सोमवार को 13 लोगों के नमूनों की जांच रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। वर्तमान में कोविड-19 के 123 सक्रिय मामले हैं और 355 मरीजों का उपचार किया जा चुका है। राज्य में 20000 से अधिक लोग निगरानी में हैं और 400 से अधिक लोगों को विभिन्न अस्पतालों के पृथक-वास में रखा गया है। राज्य में कोट्टायम और इडुक्की जिलों को कोरोना वायरस से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्र(हॉटस्पॉट) में शामिल कर दिया गया है।

27 Apr, 20 08:17 PM

राजस्थान में पुलिस और होमगार्ड के लगभग एक लाख जवान जिला प्रशासन व अन्य विभागों के साथ मिलकर आम लोगों को कोरोना वायरस संक्रमण महामारी से बचाने में जुटे हुए हैं। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) बी. एल. सोनी ने बताया कि राज्य के 20 जिलों में 90 से ज्यादा ऐसे थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है, जहां हॉटस्पॉट हैं। इन क्षेत्रों में पुलिस मुस्तैदी से नियमों की पालन करवाने में लगी है। उन्होंने बताया कि राज्य में लॉकडाउन का उल्लंघन कर अकारण घूमते पाये गये करीब 10 हजार लोगों को सीआरपीसी के प्रावधानों के तहत एहतियात के तौर पर गिरफ्तार किया गया। पूरे राज्य में 13 हजार से अधिक ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने महामारी के चलते कानून तोड़ा है। सोनी ने बताया कि लॉकडाउन के नियमों के उल्लंघन के करीब 1575 मुकदमे दर्जकर 3687 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग के मामले में भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए अब तक 173 मुकदमे दर्ज कर 247 लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है।

27 Apr, 20 08:17 PM

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कार्यरत 345 पत्रकारों की कोरोना वायरस से संक्रमण की जांच रिपोर्ट सोमवार को आई लेकिन किसी के भी कोविड-19 मरीज होने की पुष्टि नहीं हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पत्रकारों का सर सीवी रमन जनरल अस्पताल में 25 अप्रैल को नमूने लिए गए थे और सोमवार को नतीजे आए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डीपी मुरलीधर ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि गत गुरुवार से सोमवार तक शिविर लगाकर 1,170 पत्रकारों के नमूने लिए गए जिनमें से 480 ने सोमवार को नमूने दिए जिनकी जांच रिपोर्ट बुधवार को आएगी। उन्होंने बताया कि अबतक केवल एक पत्रकार कोरोना पॉजटिव मिला है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके संपर्क में आने वाले 36 लोगों को पृथकवास में रखा गया है।

27 Apr, 20 08:17 PM

राष्ट्रीय राजधानी के राज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली सरकार और पुलिस को कोविड-19 से निपटने की लड़ाई में अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों की उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने का सोमवार को निर्देश देते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा के साथ कोई समझौता ना किया जाए। उपराज्यपाल ने दिल्ली के मुख्य सचिव विजय देव और पुलिस आयुक्त एस. एन श्रीवास्तव से एनसीआर में रहने वाले अग्रणी कर्मियों के लिए यहां रहने की व्यवस्था करने को भी कहा ताकि अंतर-राज्य आवाजाही कम हो सके। लॉकडाउन लागू करने और कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किए गए अन्य उपायों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में उन्होंने यह आदेश दिया। बैजल ने ट्वीट किया, ‘‘ लॉकडाउन लागू करने और कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किए गए अन्य उपायों की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए सीएस, सीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य सचिव (सीएस) और दिल्ली पुलिस को अग्रणी कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चति करने का निर्देश दिया। उनकी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।’’

27 Apr, 20 08:05 PM

मालदा जिले में पिछले हफ्ते हुयी ओलावृष्टि के कारण 60 करोड़ रुपये मूल्य के आम नष्ट हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल में स्थित मालदा आम की विभिन्न किस्मों के लिए मशहूर है और इस जिले में करीब 31,000 हेक्टेयर में आम की खेती की जाती है। मालदा में बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक राहुल चक्रवर्ती ने कहा कि दो दिनों 19 और 20 अप्रैल को जिले में हुयी ओलावृष्टि से 60,000 मीट्रिक टन आम बर्बाद हो गए। एक अनुमान के अनुसार मालदा में हर साल करीब 600 करोड़ रुपये का आम का कारोबार होता है। मालदा के आमों की मशहूर किस्मों में लंगड़ा, गोपालभोग, लक्ष्मणभोग, फजली और खीरसपाटी आदि शामिल हैं। जिले के करीब साढ़े चार लाख लोग आम के कारोबार से जुड़े हुए हैं।

27 Apr, 20 08:05 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोरोना नियंत्रण एवं कोरोना संकट से उत्पन्न परिस्थितियों के संबंध में राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सोमवार को शामिल होने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के अधिकारियों को मोदी के निर्देशों के अनुरूप कोरोना के उपचार, तीन मई के बाद तैयारियों और आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। देश में चल रहे लॉकडाउन का दूसरा चरण तीन मई को समाप्त होना है। मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ''मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के बाद मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और अन्य अधिकारियों से चर्चा की। चौहान ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कोरोना के उपचार, 3 मई के बाद तैयारियों और आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।''

27 Apr, 20 07:58 PM

अमेरिका की प्रतिनिध सभा की अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी ने पूर्व उप राष्ट्रपति जो बाइडेन का 2020 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए सोमवार को समर्थन किया। पेलोसी ने डेमोक्रेट पार्टी के उम्मीदवार को ‘‘उम्मीद, साहस का स्वरूप’’ बताया और कहा कि कोरोना वायरस के संकट से अमेरिका को निकालने में वह मदद कर सकते हैं। पेलोसी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि बाइडेन तर्क एवं धैर्य की आवाज हैं। ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ ने 80 वर्षीय कैलिफोर्निया की डेमोक्रेट नेता के हवाले से कहा, ‘‘चूंकि हम कोरोना वायरस का सामना कर रहे हैं, ऐसे समय में जो तर्क एवं धैर्य की आवाज हैं और संकट से निकालने में वह हमारा मार्ग प्रशस्त करेंगे।’’ नवम्बर 2020 में राष्ट्रपति चुनावों में बाइडेन (77) और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (73) के बीच सीधा मुकाबला है।

27 Apr, 20 07:31 PM

महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोविड-19 से दूसरे सबसे अधिक प्रभावित पुणे में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को और प्रभावी एवं त्वरित बनाने के प्रयास के तहत सोमवार को वहां चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को नियुक्त किया । एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निर्देश पर चार आईएएस अधिकारी सौरव राव, अनिल कावडे, सचिंद्र प्रताप सिंह और कौष्टुभ दिवेगावकर पुणे में नियुक्त किये गये हैं। पवार पुणे जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं। बयान के अनुसार इन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति से इस घातक वायरस के खिलाफ एहतियाती उपायों का क्रियान्वयन उपाय प्रभावी एवं तीव्र हो जाएगा। इस कदम से पुणे में इस वायरस के प्रसार को नियंत्रण में लाने मे मदद मिलेगी। पुणे महाराष्ट्र में मुम्बई के बाद इस महामारी से सबसे प्रभावित शहर है। सरकारी निर्देशों के अनुसार ये अनुभवी नौकरशाह अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के निर्वहन के साथ ही कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष में पुणे के संभागीय आयुक्त और निगमायुक्त की मदद करेंगे। राव फिलहाल पुणे में चीनी आयुक्त हैं और कावडे सहकारी आयुक्त हैं। सिंह पशुधन आयुक्त कार्यालय के प्रमुख हैं जबकि दिवेगावकर भूजल सर्वेक्षण, जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग में निदेशक हैं।

27 Apr, 20 07:29 PM

दिल्ली पुलिस के सातो दिन 24 घंटे खुले रहने वाले हेल्पलाइन पर रविवार दोपहर दो बजे से सोमवार दोपहर दो बजे तक लोगों ने 750 कॉल कर लॉकडाउन के दौरान आ रही परेशानी में सहायता मांगी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 011-23469526 पर शुक्रवार तक 30,899 कॉल आए। इनमें से 750 कॉल रविवार दोपहर दो बजे से सोमवार दोपहर दो बजे के बीच आए। उन्होंने बताया कि 750 कॉल में 52 कॉल दिल्ली के बाहर के इलाकों से जुड़े थे जिन्हें संबंधित राज्य के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि चार कॉल में खाना और पैसा नहीं होने की शिकायत की गई जिसके बाद इन्हें गैर सरकारी संगठनों को अग्रसारित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 558 कॉल आवाजाही पास से संबंधित थे।

27 Apr, 20 07:29 PM

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को कोझिकोड माओवादी मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एर्णाकुलम की विशेष एनआईए अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले में गिरफ्तार किये जा चुके 20 साल के अल्लन शुएब और 24 साल के थ्वाहा फैसल तथा फरार आरोपी सी पी उस्मान (40) के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया। उन पर आईपीसी की धारा 120 बी (आपराधिक षड्यंत्र की सजा) और गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के प्रावधानों के तहत आरोप दर्ज किये गये हैं। मामला मूल रूप से कोझिकोड के पंथीरनकावू थाने में एक नवंबर, 2019 को दर्ज किया गया था। इससे पहले उस्मान के साथ बैठक कर रहे अल्लन और थ्वाहा को भाकपा (माओवादी) का समर्थन करने वाली सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया था। उस्मान भाग जाने में सफल रहा। बाद में एनआईए कोच्चि ने पुन: मामला दर्ज किया।

27 Apr, 20 07:28 PM

करीब 90 प्रतिशत संभावित घर खरीदारों को लॉकडाउन के बाद कीमतों में कमी की उम्मीद है। रियल एस्टेट प्लेटफार्म 99एकड़ डॉट कॉम ने एक सर्वेक्षण में यह बात समाने आई। सर्वेक्षण के अनुसार 40 प्रतिशत संभावित घर खरीदार, जो लॉकडाउन से पहले फ्लैट खरीदने के लिए खोज कर रहे थे, उन्होंने अपनी योजना को टाल दिया है, जबकि 60 प्रतिशत अभी भी अगले 12 महीनों में घर खरीदना चाहते हैं। रियल्टी पोर्टल ने कहा कि घर खरीदने की योजना टालने की सबसे बड़ी वजह बाजार में अनिश्चितता (56 प्रतिशत) है। इसके अलावा 30 प्रतिशत लोग वित्तीय कारणों से प्रभावित हैं। सर्वेक्षण के तहत 1,761 संभावित घर खरीदरों की राय ली गई, जो दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, चेन्नई, चंडीगढ़, अहमदाबाद और लखनऊ सहित देश के प्रमुख शहरों से हैं। कंपनी के मुख्य कारोबार अधिकारी मनीष उपाध्याय ने कहा कि आने वाले समय में प्रॉपर्टी देखने के लिए ‘वर्चुअल टूर’ का चलन बढ़ेगा।

27 Apr, 20 07:28 PM

महाराष्ट्र के लातूर जिले में कोविड-19 से मरने वाली 70 वर्षीय महिला के संपर्क में आए तीन लोगों में सोमवार को संक्रमण की पुष्टि हुई है। महिला की शनिवार को जिले के उदगीर इलाके में मौत हो गई थी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। विलासराव देशमुख सरकारी चिकित्सा एवं विज्ञान संस्थान के डीन डॉ गिरीश ठाकुर ने सोमवार को बताया कि मृतक महिला के संपर्कों का पता लगाने के बाद 26 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे जिनमें से तीन में संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया, “बाकी 23 में से 18 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पायी गई है जबकि दो की जांच रिपोर्ट में निष्कर्ष नहीं निकल पाया है इसलिए उनकी दोबारा जांच की जाएगी। फिलहाल तीन लोगों की जांच रिपोर्ट प्रतीक्षित है।”

27 Apr, 20 07:27 PM

एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस का बीते वित्त वर्ष (2019-20) की चौथी तिमाही का एकल शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत घटकर 311.71 करोड़ रुपये पर आ गया। कंपनी का कहना है कि कोविड-19 संकट की वजह से उसके मुनाफे में कमी आई है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 364.01 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। तिमाही के दौरान निवेश आय में भारी गिरावट के चलते कंपनी की कुल आय केवल 418.64 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 14,375.06 करोड़ रुपये रही थी। बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कोरोना वायरस महामारी की मार से कंपनी की निवेश से आय में 10,229.92 करोड़ रुपये की भारी गिरावट आई। हालांकि, समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का शुद्ध प्रीमियम संग्रह मामूली बढ़कर 10,464.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 10,247.50 करोड़ रुपये था।

27 Apr, 20 07:15 PM

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अकारण गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बारामुला जिले के उरी सेक्टर के सिलिकोट, चुरुंडा और टीलावारी इलाकों में छोटे और भारी हथियारों से गोलाबारी कर भारतीय चौकियों को निशाना बनाया। अधिकारियों ने कहा कि अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

27 Apr, 20 07:13 PM

कोरोना वायरस महामारी का असर दुनियाभर के 20 लाख से अधिक नाविकों पर पड़ा है। ऐसे में सरकार ने नाविकों की पहचान के लिए जारी किए जाने वाले ‘कंटिन्यूस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट’ (सीडीसी) की वैधता छह माह के लिए बढ़ा दी है। पोत परिवहन महानिदेशालय किसी नाविक को सीडीसी जारी करता है। यह नाविकों के प्रशिक्षण के बाद भारत की ओर से जारी किया जाने वाला पहचान पत्र है। किसी जहाज पर काम करने के लिए नाविक को इसकी जरूरत पड़ती है। पोत परिवहन महानिदेशक अमिताभ कुमार ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी ने दुनियाभर में सभी तरह के काम और जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। समुद्र परिवहन क्षेत्र पर भी इसका असर पड़ा है। दुनियाभर में करीब 20 लाख नाविक भी इसके असर का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वजह से नाविकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाना भी मुश्किल हो रहा है। वाणिज्यिक पोत परिवहन नियम 2017 के अनुसार सीडीसी समेत अन्य तरह के कार्यक्रम भी नहीं चलाए जा पा रहे हैं। ऐसे में सरकार ने उन नाविकों की सीडीसी वैधता छह महीने बढ़ाने का निर्णय किया है जिनकी मान्यता एक फरवरी 2020 से एक अक्टूबर 2020 के बीच समाप्त हो रही है।

27 Apr, 20 07:02 PM

देशव्यापी लॉकडाउन (बंद) से सिर्फ उद्योग धंधे ही नहीं प्रभावित हो रहे हैं। बल्कि राज्य के मंदिरों की आय पर भी इसका असर दिख रहा है। तमिलनाडु में 24 मार्च को बंद लागू होने के बाद से मंदिरों में लोगों के लिए दर्शन बंद हैं। मंदिरों की आय का एक बड़ा हिस्सा ‘दानपेटी’ में आने वाले चढ़ावे से आता है। मौजूदा वित्तीय स्थिति से राज्य के उन बड़े मंदिरों पर बोझ बढ़ता दिख रहा है जो हमेशा कम आय वाले छोटे मंदिरों की जरूरत पड़ने पर मदद करने के लिए तैयार रहते हैं। राज्य सरकार के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ न्यास विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि राज्य में करीब 150 मंदिरों को बड़े मंदिर के तौर परिभाषित किया गया है। यह मंदिर दानपेटी में आए चढ़ावे और अन्य गतिविधियों से आय करते हैं। इनके आय में अब स्पष्ट गिरावट देखी गयी है। राज्य सरकार का यह विभाग करीब 36,612 छोटे-बड़े मंदिरों का प्रबंधन देखता है।

27 Apr, 20 07:01 PM

लॉकडाउन के कारण शहरी क्षेत्र के घरों में खाना पकाना और साफ-सफाई समेत रोजमर्रा के तमाम कामों में लगे अंशकालिक घरेलू सहायकों के सामने संकट गहराता जा रहा है। बिना वेतन के उनका भविष्य अधर में है और नौकरी बरकरार रहने को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे घरेलू सहायकों में अधिकतर महिलाएं हैं। इनके नियोक्ता तो जरूर इन्हें वापस काम पर रखना पसंद करेंगे लेकिन कोरोना वायरस के प्रसार और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने को लेकर कॉलोनीवासी और सोसाइटी के लोग इनके प्रवेश पर रोक लगा सकते हैं। इनका भविष्य उनके नियोक्ता की अच्छाई पर निर्भर करता है क्योंकि कुछ लोग बिना काम पर आए भी वेतन का भुगतान कर सकते हैं, तो कुछ इससे इंकार भी कर सकते हैं। ऐसे में घरेलू सहायक लॉकडाउन समाप्त होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे काम पर लौट सकें। सुशीला कौशल्या देवी मदनपुर खादर में रहती हैं और अपने घर से करीब 12 किलोमीटर दूर सीआर पार्क में काम करने जाती हैं। सुशीला ने कहा कि वह तीन घरों में काम करती हैं और लॉकडाउन की घोषणा होने पर इनमें से केवल एक नियोक्ता ने राशन खरीदने के लिए वेतन का अग्रिम भुगतान किया। उन्होंने बताया कि परिवार में पति और दो बच्चों के अलावा एक रिश्तेदार के भी दो बच्चे हैं, जोकि अचानक लॉकडाउन की घोषणा होने के कारण वापस नहीं जा सके। ऐसे में जो राशन पूरा महीना चल सकता था, वो समय से पहले खत्म हो गया और अब उसके पास में पैसे भी नहीं हैं। बाकी दो लोगों से वेतन लेने भी नहीं जा सकती क्योंकि लॉकडाउन के कारण प्रतिबंध लागू हैं।

27 Apr, 20 06:49 PM

भारत में कोरोना संकट से निपटने के लिये घोषित 40 दिन के लॉकडाउन के अंतिम सप्ताह में प्रवेश करने पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना के खिलाफ देशव्यापी अभियान को जारी रखने के साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर भी समान रूप से ध्यान देने को जरूरी बताया। मोदी ने कोरोना वायरस के संक्रमण की मौजूदा स्थिति और संक्रमण पर नियंत्रण के लिये जारी लॉकडाउन से देश को चरणबद्ध तरीके से बाहर लाने के उपायों पर चर्चा के लिये आहूत वीडियो कांफ्रेंसिंग बैठक में मुख्यमंत्रियों से यह बात कही। सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार बैठक शुरु होने पर प्रधानमंत्री ने देश में कोरोना महामारी की मौजूदा स्थिति से मुख्यमंत्रियों को अवगत कराया। उन्होंने मुख्यमंत्रियों से राज्यों में चिन्हित किये गये संक्रमण से प्रभावित हॉटस्पॉट इलाकों में स्थिति को नियंत्रित करने के लिये केन्द्र सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा। मोदी ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि कोविड-19 का खतरा दूर-दूर तक खत्म होने वाला नहीं है, इसलिए लगातार चौकस बने रहना बहुत अहम है। देश में कोरोना संकट की शुरुआत के बाद 22 मार्च से अब तक संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के लिये प्रधानमंत्री मोदी, राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ चार बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक कर चुके हैं। बयान के अनुसार, बैठक में मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कहा, ‘‘हमें कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के साथ अर्थव्यवस्था को भी समान रूप से अहमियत देने की जरूरत है।’’ बैठक में गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री डा. हर्षवर्धन के अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय एवं अन्य संबद्ध मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी बैठक में शामिल हुए। बयान के अनुसार इस दौरान प्रधानमंत्री ने कोरोना संक्रमण रोकने की दिशा में लॉकडाउन को सार्थक उपाय बताते हुये कहा कि इसके सकारात्मक परिणाम मिले हैं और पिछले, लगभग डेढ़ महीने में लॉकडाउन के दौरान देश में हजारों लोगों के जीवन की रक्षा की जा सकी है।

27 Apr, 20 06:48 PM

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले श्रमजीवी पत्रकारों को 15 लाख रुपये की अनुकंपा सहायता देने की सोमवार को घोषणा की। पटनायक ने कहा कि कोरोना वायरस ने दुनिया भर में एक बड़ा स्वास्थ्य मसला खड़ा किया है और आम जनता में जागरूकता पैदा करने में पत्रकार अहम भूमिका निभाते हैं। वे अपने पेशेवर कर्तव्यों को निभाने के लिए मुश्किल हालत में काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि अगर किसी पत्रकार की कोरोना वायरस से मौत होती है तो उसके परिवार के सदस्य को 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। ओडिशा सरकार के मीडिया सलाहकार मानस मंगराज ने पत्रकारों के प्रति सरकार के हमदर्दी भरे नजरिए के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री प्रताप सारंगी ने सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर महामारी को कवर करने वाले पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने का आग्रह किया था ।

27 Apr, 20 06:47 PM

मुंबई की महापौर किशेारी पेडनेकर ने महानगर में कोविड-19 रोगियों की सेवा के लिए अपना पुराना यूनिफॉर्म फिर से पहन लिया है। वह पहले नर्स रह चुकी हैं। शिवसेना पार्टी के एक नेता ने कहा कि वह देर रात की पाली में अपनी सेवाएं देंगी। शिवसेना की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया, ‘‘यह हमारे मुंबई की सम्मानित महापौर हैं किशोरी पेडनेकर जी। वह रोज सुबह आठ बजे से देर रात दो बजे तक काम करती हैं और अब महानगर की सेवा के लिए उन्होंने नर्स का यूनिफॉर्म भी पहन लिया है। वह नैयर अस्पताल में सेवा देंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग उनके बारे में अपमानजनक ढंग से ट्वीट करते रहे हैं उन्हें सबक लेना चाहिए। खुद से पहले काम।’’ महापौर ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई के लिए कुछ भी। हम घर से काम नहीं कर सकते, हम आपके लिए क्षेत्र में हैं, घर पर रहिए, ख्याल रखिए... मैं नैयर अस्पताल में हूं।’’

27 Apr, 20 06:47 PM

ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन इंडिया ने सोमवार को कहा कि उसने भारतीय रेलवे के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत की है और देशव्यापी लॉकडाउन के बीच ग्राहकों तक तेजी से सामान पहुंचाने के लिए अपने परिचालन को 55 मार्गों तक बढ़ा दिया है। पिछले साल अमेजन इंडिया ने 13 मार्गों पर शहरों के बीच ई-कॉमर्स सामानों के परिवहन के लिए भारतीय रेलवे के साथ साझेदारी की थी और कोलकाता तथा मुंबई में ग्राहकों के लिए सामान लेने के केंद्र भी बनाए थे। कंपनी ने एक बयान में कहा कि अमेजन इंडिया देश भर में रेल के माध्यम से सामान पहुंचाएगी और वह भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की गई ‘कोविड-19 पार्सल स्पेशल ट्रेन’के 55 मार्गों का इस्तेमाल कर रही है। भारतीय रेलवे ने रेलवे बोर्ड और रेलवे के पश्चिमी, मध्य, उत्तरी, पूर्वी, दक्षिण मध्य, दक्षिणी, दक्षिण पूर्वी, उत्तर पूर्वी सीमा, उत्तर पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी जोन की मदद से लॉकडाउन के दौरान परिवहन सहायता देने की शुरुआत की है।

27 Apr, 20 06:46 PM

वेदांता आयरन ओर कर्नाटक ने कर्नाटक राज्य के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये दिए हैं। कंपनी ने यह राशि कोरोना वायरस से निपटने में मदद के लिए दी है। कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह राज्यभर में कोरोना वायरस से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं तक निजी सुरक्षा किट (पीपीई किट) पहुंचाने का काम कर रही है। इस काम में वह स्थानीय निकायों के साथ मिलकर जुटी है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (आयरन ओर) सौविक मजूमदार ने कहा कि वेदांता हमेशा से समाज को वापस देने में यकीन रखती है। आज जब हम कोविड-19 जैसे अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे हैं। इसलिए हम मुख्यमंत्री राहत कोष में एक करोड़ रुपये का दान कर रहे हैं।

27 Apr, 20 06:46 PM

कोविड-19 अस्पतालों में मोबाइल फोन प्रतिबंधित होने के कारण शहर के एक अस्पताल ने कोविड-19 के मरीजों को उनके परिवार वालों से बात करने के लिए वीडियो कॉल की सुविधा मुहैया कराई है। शहर के साल्ट लेक स्थित एएमआरआई अस्पताल ने रविवार को 17 मरीजों के लिए वीडियो कॉल की सुविधा दी थी। अस्पताल के एक कर्मचारी ने बताया, ‘‘हर दिन पृथक वार्डों की नर्सें रोगियों को उनके परिवार वालों से वीडियो कॉल पर संपर्क करवाएंगी। हर मरीज को अपने परिवार के सदस्यों के साथ शाम 4:30 से 5:30 बजे के बीच बातचीत करने के लिए लगभग तीन मिनट मिलेंगे।” उन्होंने कहा कि सेवा जल्द ही एएमआरआई ढकुरिया और मुकुंदपुर तक विस्तारित की जाएगी। उन्होंने बताया कि वीडियो कॉल के लिए प्रयुक्त टेबलेट को हर उपयोग के बाद ठीक से विषाणुरहित किया जाता है। शहर के एक अन्य सरकारी अस्पताल में लैंडलाइन सेवाओं की व्यवस्था की गई है।

27 Apr, 20 06:32 PM

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सभी घरों की जांच (स्क्रीनिंग) शुरू की है और सुरक्षित एवं चरणबद्ध तरीके से अपनी अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की कोशिश भी कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बुलायी गयी मुख्यमंत्रियों की बैठक में खट्टर ने कहा कि उनका राज्य कोरोना वायरस संकट के कारण उत्पन्न किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कोविड-19 के 19000 मरीजों के लिए इंतजाम कर रखा है और 9444 पृथक बेड तैयार किये हैं। उन्होंने कहा कि 1101 जीवनरक्षक प्रणालियां (वेंटिलेटर) हैं तथा सर्जिकल मास्क एवं निजी सुरक्षा उपकरणों की कोई कमी नहीं है। खट्टर ने केंद्र से रक्षा सेवाओं, जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखों को लेकर अनिश्चितता को दूर करने के लिए फौरन कदम उठाने का आग्रह किया।

27 Apr, 20 06:28 PM

ओडिशा में कोरोना वायरस से सात और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बताया कि सभी नए मामलों में छह बालासोर जिले में सामने आए हैं साथ ही दसमंतपुर में 22 वर्षीय स्वास्थ कर्मी भी संक्रमित पाया गया है। संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि वह स्वास्थ्य कर्मी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत है। उसमें संक्रमण के लक्षण नहीं दिखाई दे रहे थे। यह आदिवासी बहुल कोरापुट जिले के साथ-साथ दक्षिणी ओडिशा का पहला मामला है। पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे बालासोर जिले में कोरोना वायरस के कुल मामले 16 हो गए हैं। जिले में कई मरीजों का संपर्क पश्चिम बंगाल से है। नए मरीजों के नमूने 23 से 26 अप्रैल के बीच जिले में लागू किए गए पूर्ण बंद के दौरान लिए गए थे। राज्य में कोरोना वायरस के कुल मामले 110 हैं। संक्रमण से 37 लोग ठीक हो गए हैं और एक शख्स की मौत हुई है। वहीं 72 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

27 Apr, 20 06:18 PM

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘जान भी जहान भी’ पर काम कर रही है और दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए धीरे-धीरे आर्थिक स्थिति को सुधारने पर काम किया जा रहा है । प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए बैठक में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में कोरोना वायरस के संक्रमण की स्थिति की जानकारी देते हुए कहा, ' हम प्रधानमंत्री जी द्वारा दिये गये मंत्र ’जान भी जहान भी’ पर काम कर रहे हैं। हम भारत सरकार के दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए धीरे-धीरे आर्थिक स्थिति को सुधारने पर काम कर रहे हैं।' यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार,मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि फार्मा, फूड प्रोसेसिंग की इकाइयां काम कर रही हैं। गाइडलाइन के तहत कई उद्योग शुरू हुए हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के समय पर लिए गए साहसिक निर्णय से देश आज खुद को सुरक्षित महसूस कर रहा है और हर भारतवासी उन्हें अपने अभिभावक के तौर पर देख रहा है। रावत ने बताया कि अक्षय तृतीया पर शारीरिक दूरी बनाए रखते हुए गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खोले गए हैं ।

27 Apr, 20 06:18 PM

झारखंड सरकार ने केन्द्र सरकार की गैर आवश्यक वस्तुओं की दूकानें खोलने से संबन्धित छूट को फिलहाल कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड में लागू न करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद शाम को पत्रकार वार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में पिछले कुछ दिनों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि दर्ज की गयी है जिसे देखते हुए फिलहाल यहां बंद में और छूट नहीं दी जायेगी। केन्द्र सरकार ने गृह मंत्रालय के एक दिशानिर्देश के तहत 24 अप्रैल की रात्रि में कहा था कि गैर आवश्यक वस्तुओं की दूकानें सामाजिक दूरी के नियमों का ख्याल रखते हुए खोली जा सकती हैं लेकिन उनमें फिलहाल पहले से सिर्फ आधे कर्मचारी ही रखे जा सकेंगे। बाद में स्पष्टीकरण भी दिया गया था कि ऐसी दूकानें जिनमें चाय, नाश्ता आदि की दूकानें भी शामिल होंगी और जिसे एक या दो व्यक्ति ही मिलकर चला रहे होंगे सिर्फ उन्हें ही इस छूट का लाभ होगा।

27 Apr, 20 06:16 PM

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को मुठभेड़ स्थल पर धमाका होने से पांच नागरिक घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सुबह इसी स्थान पर हुई मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए थे। उन्होंने कहा कि काजीगुंड के लोअर मुंडा इलाके में मुठभेड़ स्थल पर एक धमाका हो गया, जिससे वहां मौजूद पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद एक गोला पड़ा रह गया, जिसमें धमाका हो गया।

27 Apr, 20 06:15 PM

केंद्र सरकार के उद्योगों को आंशिक तौर पर फिर खोलने की छूट देने के हफ्तेभर बाद भी मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, टोयोटा और मर्सडीज बेंज जैसी कंपनियों का उत्पादन दोबारा शुरू करना बाकी है। इसकी प्रमुख वजह कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखला का बाधित होना है। कंपनियों का कहना है कि देश के कई इलाकों में उनके आपूर्तिकर्ता और डीलर अभी भी लॉकडाउन (बंद) में हैं। इसलिए कलपुर्जा विनिर्माता से लेकर डीलर तक जल्द से जल्द दोबारा खोले जाने की जरूरत है। इस संबंध में मारुति सुजुकी इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि अभी उनका उत्पादन शुरू नहीं हुआ है। पिछले हफ्ते हरियाणा सरकार ने कंपनी को मानेसर संयंत्र स्थित दोबारा शुरू करने की अनुमति दे दी थी। लेकिन कंपनी के चेयरमैन आर. सी. भार्गव ने कहा था कि जब कंपनी लगातार वाहनों उत्पादन और बिक्री करने में सक्षम होगी, तभी वह कारखाने को चालू करेगी। इसी तरह टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के प्रवक्ता ने कहा कि वाहन क्षेत्र के उत्पादन शुरू करने के लिए जरूरी है कि हमारी आपूर्ति श्रृंखला भी चालू हो। इसमें सिर्फ कलपुर्जा विनिर्माता नहीं बल्कि डीलर भी शामिल हैं। टाटा मोटर्स ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। लेकिन सूत्रों ने जानकारी दी कि उसके कई कारखानों में उत्पादन शुरू होना अभी बाकी है।

27 Apr, 20 06:06 PM

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के पूर्व छात्रों के संगठन के अध्यक्ष को फरवरी में उत्तरपूर्वी दिल्ली में दंगे के सिलसिले में यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि शिफा उर रहमान जामिया समन्वय समिति का सदस्य भी है और दंगों में कथित संलिप्तता के लिए उस पर अवैध गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उसे रविवार की रात को दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने गिरफ्तार किया था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमारे पास उसके खिलाफ तकनीकी साक्ष्य थे जिससे पता चलता है कि दंगों के समय उसने भीड़ को उकसाया। दंगा प्रभावित क्षेत्रों से जुटाए गए सीसीटीवी फुटेज में भी वह दिखा। हमने उसके फोन रिकॉर्ड और व्हाट्सएप संदेश भी जांच किए हैं जिससे पता चलता है कि दंगों में उसकी संलिप्तता थी।’’ पुलिस के मुताबिक उसे नगर की एक अदालत में पेश किया गया जिसने उसे मामले के सिलसिले में पूछताछ के लिए दस दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा है। दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने सांप्रदायिक दंगों में कथित संलिप्तता के लिए अभी तक दस लोगों को गिरफ्तार किया है।

27 Apr, 20 06:05 PM

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)में रह रहे एक भारतीय दंपति की पांच दिन के अंतराल में मौत हो गई। दोनों में से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं था। गल्फ न्यूज ने रविवार को अपनी एक खबर में कहा कि केरल से ताल्लुक रखने वाली सोफिया हबीब (57) का यहां एक अस्पताल में एक सप्ताह इलाज चलने के बाद 18 अप्रैल को निधन हो गया। उनके परिवार ने बताया कि सोफिया की मौत के पांच दिन बाद 23 अप्रैल को उनके शोकाकुल पति ए आर हबीब रहमान (66)का शारजाह के एक अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने बताया कि दोनों में से किसी को भी कोरोना वायरस संक्रमण नहीं था। उनके तीन बच्चे हैं और तीनो यहीं नौकरी करते हैं। बच्चों ने अपने माता-पिता को यूएई में ही दफनाने का निर्णय किया। दंपति की बेटी हाइफा ने बताया,‘‘हमने पूरी कोशिश की कि उन्हें एक ही स्थान पर दफनाया जाए लेकिन संक्रमण के कारण कहीं आने-जाने पर लगी पाबंदियों के कारण हम ऐसा नहीं कर पाए।’’

27 Apr, 20 05:55 PM

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को कहा कि तीन मई के बाद भी लॉकडाउन जारी रहना चाहिए ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। यह जानकारी एक सरकारी प्रवक्ता ने दी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इससे पहले मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस कर देश में कोविड-19 से उत्पन्न स्थिति पर चर्चा की। महामारी को रोकने के लिए देश में 25 मार्च से 40 दिनों के लिए लॉकडाउन लगा है। लॉकडाउन को बढ़ाने का समर्थन करते हुए ठाकुर ने कहा कि लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध जारी रहना चाहिए क्योंकि कोविड-19 के मामले अब भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘तीन मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ना चाहिए ताकि कोरोना वायरस के प्रसार को रोका जा सके।’’ बहरहाल, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यों को आर्थिक गतिविधियां बहाल करने की अनुमति दी जानी चाहिए, खासकर हरित क्षेत्रों में।

27 Apr, 20 05:50 PM

पाकिस्तानी बल्लेबाज उमर अकमल पर भ्रष्टाचार निरोधक जांच के बाद तीन साल का प्रतिबंध

27 Apr, 20 05:49 PM

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को यहां कहा कि रांची के हिंदपीढ़ी क्षेत्र की वजह से राज्य के अनेक जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अब इस इलाके में सख्ती से लॉकडाउन लागू करने के लिए इसे पूरी तरह केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हवाले कर दिया गया है। प्रधानमंत्री के साथ सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग और फिर राज्य की कोरोना संबन्धी मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘पूरे राज्य में जहां कहीं से भी कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं वहां इसके तार कहीं न कहीं रांची के हिंदपीढ़ी से जुड़ा हुआ पाया जा रहा है। जो बेहद चिंताजनक है।” उन्होंने कहा, ‘‘हिंदपीढ़ी से पूरे राज्य में कोरोना संक्रमण फैलने की स्थिति को देखते हुए आज यह फैसला लिया गया कि अब हिंदपीढ़ी को पूरी तरह सीआरपीएफ के हवाले कर दिया जायेगा। इस क्षेत्र में बंद का सख्त अनुपालन अब सीआरपीएफ ही करायेगी।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य के मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि राज्य के जिन क्षेत्रों में फिलहाल कोरोना संक्रमण नहीं है उन्हें हर हाल में इस संक्रमण से बचाया जाये। इसके लिए रांची में से बाहर आने-जाने वाली सड़कों को अब पूरी तरह से सील कर दिया जायेगा।”

27 Apr, 20 05:38 PM

महाराष्ट्र में अमरावती के 72 साल के मृत व्यक्ति के स्वाब नमूने के जांच रिपोर्ट में सोमवार को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। इस व्यक्ति की 24 अप्रैल को मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार को 20-30 साल के दो युवकों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है जिसके बाद जिले में संक्रमित लोगों की तादाद 23 हो गई है। कलक्टर शैलेश नवल ने कहा कि जिले में कोरोना वायरस के 12 सक्रिय मामले हैं। अब तक इस संक्रमण से सात लोगों की मौत हो चुकी है और चार इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुके हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘कंवर नगर के 50 वर्षीय पान विक्रेता को पिछले पांच दिनों से खांसी,जुकाम और तेज बुखार की शिकायत हो रही थी। उसे सोमवार सुबह एक निजी अस्पताल से कोविड-19 सुविधा वाले अस्पताल में स्थानांतरित किया गया जहां उसकी मौत हो गई। उसके स्वाब नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है।”

27 Apr, 20 05:37 PM

देश की जीवन बीमा कंपनियों की प्रीमियम आय बीते वित्त वर्ष 2019-20 में 11.36 प्रतिशत बढ़कर 48.26 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई। भारतीय बीमा नियामक एवं विकास प्राधिकरण (इरडा) के आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। देश की 24 जीवन बीमा कंपनियों का प्रीमियम संग्रह 2018-19 में कुल मिला कर 43.33 लाख करोड़ रुपये रहा था। देश की सबसे बड़ी और एकमात्र सरकारी बीमा कंपनी जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की प्रीमियम-आय हालांकि बीते वित्त वर्ष में घटकर 8.32 लाख करोड़ रुपये रह गई। 2018-19 में एलआईसी की प्रीमियम आय 10.74 लाख करोड़ रुपये रही थी। 31 मार्च, 2020 तक कंपनी की बाजार हिस्सेदरी 82.76 प्रतिशत थी। बीते वित्त वर्ष में शेष निजी क्षेत्र की कंपनियों की कुल प्रीमियम आय 22.53 प्रतिशत बढ़कर 39.94 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इससे पिछले वित्त वर्ष के दौरान उनकी प्रीमियम आय 32.59 लाख करोड़ रुपये रही थी। निजी क्षेत्र की सभी बीमा कंपनियों की सामूहिक बाजार हिस्सेदारी 31 मार्च, 2020 को 17.24 प्रतिशत पर थी।

27 Apr, 20 05:36 PM

मेघालय कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए बंद को तीन मई के बाद भी राज्य में लागू रखना चाहता । राज्य के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद सोमवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशव्यापी बंद समाप्त होने के बाद ग्रीन जोन और ऐसे जिलों में कुछ ढील दी जाएगी जो कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं हैं। संगमा ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की वीडियो कॉन्फ्रेंस में हमने मेघालय में लॉकडाउन को बढ़ाने की बात कही है।’’ मेघालय में संक्रमण के कुल 12 मामले हैं। इनमें एक की मौत हो चुकी है वहीं 11 में अब भी संक्रमण है। संगमा ने प्रधानमंत्री को सुझाव दिया कि ‘‘त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र’’ के मेघालय मॉडल को अन्य स्थानों पर भी लागू किया जा सकता है। इसमें स्वास्थ्य विभाग, सामान्य प्रशासन और पुलिस कोरोना वायरस के नए मामलों का पता लगाने के लिए एक खास वक्त में साथ मिल कर काम करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि,‘‘त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र से सरकार जमीनी स्तर जैसे पंचायत संस्थानों तक काम कर सकती है और हमें हमें भविष्य में आने वाली किसी भी स्थिति के लिए तैयार कर सकती है।’’ संगमा ने मोदी को सभी राज्यों द्वारा ‘आर्थिक कार्य बल’ का गठन करने का भी सुझाव दिया। इससे माध्यम से आवश्यक एहतियाती नियमों का पालन करते हुए अर्थ व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए विचारों का आदान प्रदान किया जा सकता है।

27 Apr, 20 05:34 PM

कोविड-19 के संकट से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सामने भारी आर्थिक संकट पर जोर देते हुए न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन (एनबीए) ने सोमवार को सूचना और प्रसारण मंत्रालय से अनुरोध किया कि उनके लिए प्रोत्साहन पैकेज दिया जाए तथा समाचार चैनलों का 64 करोड़ रुपये से अधिक का सरकारी विज्ञापनों के बकाया का भुगतान किया जाए। सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को लिखे पत्र में एनबीए अध्यक्ष रजत शर्मा ने कहा कि प्रसारण मीडिया ने अपने संपादकीय कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए सामाजिक दूरी के नियम को बनाकर रखने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इससे मौजूदा महामारी और लॉकडाउन के दौरान समाचार प्रसारणकर्ताओं की परिचालन लागत बहुत तेजी से बढ़ी है। शर्मा ने कहा, ‘‘महामारी/लॉकडाउन के दौरान विज्ञापन भारी दबाव का सामना कर रहे हैं जो इस कारोबार का अभिन्न और आवश्यक हिस्सा हैं तथा राजस्व का मुख्य स्रोत हैं।’’ उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट से उबरने के लिए हम सूचना और प्रसारण मंत्रालय से मांग करते हैं कि प्रसारण मीडिया के लिए प्रोत्साहन पैकेज घोषित किया जाए।

27 Apr, 20 05:34 PM

केरल की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने कहा है कि राज्य में कोविड​​-19 संक्रमण के प्रसार का अभी तक तीसरा चरण या सामुदायिक संचरण नहीं हुआ है लेकिन सतर्कता बनाये रखने की जरूरत है। मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अभी तक संक्रमण के प्रसार का तीसरा चरण नहीं हुआ है है। उन्होंने कहा, ‘‘सामुदायिक प्रसार किसी समुदाय में समग्र रूप से वायरस का संक्रमण होता है। हम ‘रैंडम’ जांच कर रहे हैं। हमें अस्पतालों में ‘रैंडम’ जांच में एक नर्स के संक्रमित होने का पता चला।’’ उन्होंने कहा, ‘‘निगरानी, ​​‘रैंडम’ जांच की जा रही है और यह सब संक्रमण का सामुदायिक प्रसार रोकने के लिए किया जा रहा है और यह पाया गया है कि अभी तक संक्रमण का सामुदायिक प्रसार नहीं हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम यह जाँच कर रहे हैं कि क्या श्वसन-संबंधी या निमोनिया के मामलों में कोई वृद्धि हुई है। अभी तक ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं आयी है जो यह बताती हो कि ऐसे मामले बढ़ रहे हैं।’’

27 Apr, 20 05:34 PM

थाईलैंड में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाये गये लॉकडाउन में ढील देने पर सरकार द्वारा किये जा रहे विचारमंथन के बीच सोमवार को देश में पिछले छह सप्ताह से भी अधिक समय में कोरोना वायरस के सबसे कम मामले सामने आये। देश में नौ नये मामले सामने आये हैं जो 14 मार्च के बाद से एक दिन में सबसे कम वृद्धि है। थाईलैंड में अबतक संक्रमण के 2,931 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और उनमें से 52 मरीजों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य नियोजन एजेंसी के सुझाव के आधार पाबंदियों में ढील देने के लिए मंगलवार को मंत्रिमंडल के सामने एक प्रस्ताव रखा जाएगा। फिलहाल देश में रात दस बजे से सुबह चार बजे तक कर्फ्यू लगा रहता है, मॉल बंद हैं और रेस्तरांओं में सिर्फ खाना पैक कराकर ले जाने और डिलिवरी सेवा चालू है। अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री उड़ानों पर पाबंदियां सोमवार को मई के आखिर तक के लिए बढ़ा दी गयीं। अधिकारियों का कहना है कि आपातस्थिति पूरे मई के लिए बढ़ायी जाएगी, जिससे सरकार कोविड-19 से लड़ने के लिए सामान्य कानूनी ढांचे से बाहर जाकर कदम उठाती रहे।

27 Apr, 20 05:33 PM

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ हुई वार्ता में कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन को धीरे-धीरे खत्म करने का पक्ष लिया। मोदी ने सोमवार को मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से वार्ता की। एक अधिकारी ने बताया कि रूपाणी ने वार्ता में कहा कि अगर तीन मई के बाद भी लॉकडाउन बढ़ाया जाता है तो दैनिक मजदूरों, छोटे एवं बड़े दुकान मालिकों और स्वरोजगार करने वाले लोगों के हितों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव अश्वनी कुमार ने रूपाणी के हवाले से संवाददाताओं को बताया कि लॉकडाउन को धीरे-धीरे खोलने की जरूरत है। राज्य केंद्र के दिशानिर्देशों का पालन करेंगे और लॉकडाउन को धीरे-धीरे, चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जाए जो कोविड-19 के मामलों की संख्या कम होने पर निर्भर हो। गुजरात में अभी तक कोरोना वायरस के 3301 मामले हैं और 151 लोगों की मौत हो चुकी है, जो महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरे स्थान पर है।

27 Apr, 20 05:32 PM

महाराष्ट्र में ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने आवासीय सोसाइटी के पदाधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर उनके क्षेत्र में निवासी बंद का उल्लंघन करते पाए गए तो उन पर आपराधिक मामले दायर किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने हाल ही में ठाणे को संक्रमण से बेहद प्रभावित क्षेत्रों में से एक घोषित किया था। आदेश जारी करते हुए ठाणे नगर निगम के आयुक्त विजय सिंघल ने सोमवार को कहा कि आवासीय सोसाइटी के अध्यक्ष और सचिव को यह सुनिश्चित करना होगा कि इन सोसाइटी में रहने वाले लोग राज्य सरकार के बंद के नियम का पालन करें। अगर पदाधिकारी यह सुनिश्चित नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होगी और उन्हें उनके पद से भी हाथ धोना पड़ेगा। सिंघल ने कहा कि कुछ ऐसे मामले भी देखे गए हैं जिनमें लोग इन इमारतों के आम क्षेत्र का इस्तेमाल कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए करते हैं तथा सुबह की सैर और शाम को टहलने के लिए भी निकलते हैं।

27 Apr, 20 05:31 PM

कोरोना वायरस के प्रकोप से जूझ रहे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सूबे की अर्थव्यवस्था को फिर से संगठित कर पटरी पर लाने के उपाय शुरू कर दिये गये हैं। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कवायद में महामारी से बचाव की तमाम हिदायतों का पालन सुनिश्चित कराया जायेगा। चौहान ने "पीटीआई-भाषा" को ई-मेल के जरिये दिये साक्षात्कार में कहा, "हमने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को फिर से संगठित करने और कोरोना संकट के समाप्त होने पर राज्य को वित्तीय गति प्रदान करने के उपायों के लिये राज्यस्तरीय समिति का गठन किया है।" मुख्यमंत्री ने बताया, "हम कोरोना वायरस के बारे में केंद्रीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जल्द ही विनिर्माण उद्योगों को उत्पादन बहाल करने की अनुमति देने की योजना बना रहे हैं।" चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्रीन जोन (कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त क्षेत्र) और राज्य के छोटे शहरों में कुछ श्रेणियों में आर्थिक गतिविधियों की मंजूरी दी है। लेकिन महामारी के प्रकोप से सुरक्षित क्षेत्रों में चलने वाली इकाइयों में उन मजदूरों या अन्य कर्मचारियों को आने-जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती जो फिलहाल किसी संक्रमित इलाके में रह रहे हैं।

27 Apr, 20 05:30 PM

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने अपने एक कोबरा कमांडो के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से हाथापाई करने और उसे हथकड़ी लगाने का ‘‘अप्रिय’’ मामला कर्नाटक पुलिस के साथ उठाया है। सीआरपीएफ ने इस मामले के लिए एक टीम भी भेजी है। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी। सीआरपीएफ की कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन (कोबरा) इकाई छापामार और जंगल युद्ध में माहिर है। बल ने कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रवीण सूद को एक पत्र लिखकर कहा है कि ‘‘23 अप्रैल को बेलगावी जिले में जवान की गिरफ्तारी से पहले राज्य पुलिस ने यदि सीआरपीएफ वरिष्ठ अधिकारियों को विश्वास में लिया होता तो अप्रिय स्थिति से बचा जा सकता था।’’ अर्धसैनिक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि ‘‘सीआरपीएफ जवान के खिलाफ पुलिस की अत्याचारपूर्ण कार्रवाई के खिलाफ सीआरपीएफ जवाबी प्राथमिकी दर्ज कराने पर विचार कर रही है।’’ सीआरपीएफ के पत्र में कहा गया है कि ‘‘जिले के इक्सांबा गांव में कोविड-19 लॉकडाउन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा कमांडो सचिन सावंत के साथ मारपीट की गई, दुर्व्यवहार किया गया, उसे नंगे पैर थाने तक ले जाया गया, जंजीरों और हथकड़ियों में रखा गया।’’

27 Apr, 20 05:16 PM

पश्चिम बंगाल में 47 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अभी कुल सक्रिय कोरोना मामले 504 हैं: राजीव सिन्हा, मुख्य सचिव पश्चिम बंगाल

27 Apr, 20 05:15 PM

महाराष्ट्र में ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने आवासीय सोसाइटी के पदाधिकारियों को चेतावनी दी है कि अगर उनके क्षेत्र में निवासी बंद का उल्लंघन करते पाए गए तो उन पर आपराधिक मामले दायर किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने हाल ही में ठाणे को संक्रमण से बेहद प्रभावित क्षेत्रों में से एक घोषित किया था। आदेश जारी करते हुए ठाणे नगर निगम के आयुक्त विजय सिंघल ने सोमवार को कहा कि आवासीय सोसाइटी के अध्यक्ष और सचिव को यह सुनिश्चित करना होगा कि इन सोसाइटी में रहने वाले लोग राज्य सरकार के बंद के नियम का पालन करें। अगर पदाधिकारी यह सुनिश्चित नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई होगी और उन्हें उनके पद से भी हाथ धोना पड़ेगा। सिंघल ने कहा कि कुछ ऐसे मामले भी देखे गए हैं जिनमें लोग इन इमारतों के आम क्षेत्र का इस्तेमाल कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए करते हैं तथा सुबह की सैर और शाम को टहलने के लिए भी निकलते हैं। आदेश में कहा गया है कि जो लोग उल्लंघन करते हुए पहली बार पकड़े जाएं उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया जाए जबकि दूसरी बार ऐसा करने वालों के खिलाफ पदाधिकारी पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।

27 Apr, 20 05:14 PM

जामिया समन्वय समिति की मीडिया समन्वयक सफूरा जरगर को तिहाड़ जेल में अलग प्रकोष्ठ में रखा गया है और उसे हर तरह से चिकित्सकीय सुविाधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। उत्तरपूर्वी दिल्ली में सांप्रदायिक हिंसा के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। जरगर गर्भवती है और नागरिकता (संशोधन) अधिनियम को लेकर उत्तरपूर्वी दिल्ली में हुए सांप्रदायिक दंगों के मामले में उस पर अवैध गतिविधियां (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वह न्यायिक हिरासत में है। वह रमजान के महीने में रोजा रख रही है। जेल के अधिकारियों ने बताया कि वे सेहरी और इफ्तार के लिए खाने का विशेष प्रबंध कर रहे हैं। जेल के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘वह जेल नंबर छह में है जो महिलाओं की जेल है। प्रकोष्ठ में वह अकेली है। कोविड-19 के कारण खास समय के लिए हम नये कैदियों को अलग रखते हैं।’’ जेल के अधिकारियों ने कहा कि चूंकि वह गर्भवती है इसलिए उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उसे सभी चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। अधिकारी ने कहा, ‘‘अगर चिकित्सक उसे भोजन के लिए कुछ अतिरिक्त अनुशंसा करते हैं तो उसे मुहैया कराया जाएगा।’’

27 Apr, 20 05:14 PM

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने सोमवार को लॉकडाउन के कारण परेशानी का सामना कर रहे किसानों के लिए कर्नाटक सरकार से विशेष पैकेज की मांग की। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को लिखे पत्र में देवगौड़ा ने कहा, ''कृपया किसानों को लॉकडाउन के कारण हुए नुकसान से बचाने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा करें। बजट में कई योजनाओं को छोड़ दें लेकिन किसानों को परेशानी में नहीं छोड़ें।'' जनता दल (सेक्युलर) प्रमुख ने कहा कि जिस तरह दूध के उत्पादकों के नहीं बिकने वाले दूध को खरीदकर गरीबों में वितरित करके राहत दी गई है, इसी तरह की सहायता राज्य के किसानों को भी दी जानी चाहिए। देवगौड़ा ने मुख्यमंत्री को चेताया कि अगर आप किसानों को बचाने के लिए आगे नहीं आते हैं तो वे अपनी जमीन बेचने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि फसलों का उचित दाम नहीं मिलने के कारण किसान इन्हें बेच पाने में असमर्थ हैं और अपने नुकसान को कम करने के लिए बेहद न्यूनतम दाम पर फसल बेचने को मजबूर हैं। देवगौड़ा ने कहा, '' लाखों एकड़ में खडी फसल को बेचने में असमर्थ होने के कारण सिर्फ एक महीने में ही किसान दिवालिया होने की कगार पर हैं।''

27 Apr, 20 04:57 PM

सिंगापुर में एक सड़क हादसे में 33 वर्षीय एक भारतीय श्रमिक और एक भारतीय मूल के व्यक्ति की मौत हो गई। उनकी मोटरसाइकिल को अपने लेन से बाहर निकलकर एक कार ने टक्कर मार दी थी। पुलिस तमिलनाडु के सुल्तान अब्दुल कातर रहमान करीम और मलेशिया के एम आर मोहम्मद फारूक की दुर्घटना में हुई मौत की जांच कर रही है। द स्ट्रेट्स टाइम्स की खबर के मुताबिक यह दुर्घटना शनिवार को हुई। कार चला रहे व्यक्ति ने अचानक अपने वाहन की दिशा मोड़ दी जिससे यह हादसा हुआ। खबर के मुताबिक मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों को अचेत अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यह दोनों एक भारतीय रेस्त्रां में काम करते थे और वहीं जा रहे थे। कार चालक गिरफ्तार कर लिया गया है।

27 Apr, 20 04:57 PM

उत्तर प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के प्रभावित 1,589 लोगों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। प्रमुख सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''प्रदेश में अभी तक कुल मिलाकर इस समय संक्रमण के 1,589 एक्टिव (इलाजरत) मामले हैं । कुल 335 लोग उपचारित होकर घर जा चुके हैं जबकि 31 लोगों की मौत हो गयी है।'' प्रसाद ने बताया कि कुल 59 जिलों से संक्रमण के 1,955 मामले हैं। एक नया जिला झांसी जुड़ा है। नौ जिलों में संक्रमण का फिलहाल कोई मरीज नहीं है । उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाजरत किसी भी मरीज को वेंटिलेटर पर नहीं रखा गया है। भर्ती मरीजों में से 15 को ऑक्सीजन दीजा रही है और सभी की हालत स्थिर है। प्रसाद ने बताया कि पृथक-वास केंद्रों में रखे गये लोगों की संख्या 11,363 है। उन्होंने बताया कि मेडिकल इन्फेक्शन रोकने के लिए जनपद स्तर पर समिति बनायी जा रही है। आदेश जारी कर दिया गया है । शाम तक समिति का गठन हो जाएगा जो अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में काम करेगी। उन्होंने कहा कि संक्रमण को छिपाने की आवश्यकता नहीं है । अगर सूखी खांसी, सांस लेने में तकलीफ और बुखार के लक्षण आ रहे हों तो तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र जाकर जांच करायें।

27 Apr, 20 04:56 PM

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी)के एक अधिकारी की अचानक मौत के बाद कार्यालय की इमारत को सील कर दिया गया है और अन्य कर्मचारियों को एहतियाती तौर पर कुछ दिन के लिए खुद को पृथक रहने को कहा गया है। विभाग के सेक्शन ऑफिसर की रविवार शाम अचानक मौत हो गई थी। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और रविवार को उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित थे या नहीं अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।’’ अधिकारी ने बताया कि पुराने जेएनयू परिसर में प्रशिक्षण केन्द्र की इमारत को एहतियाती तौर पर सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक सभी कर्मचारियों को कुछ दिन के लिए स्वयं को सबसे अलग रखने को कहा गया है।’’

27 Apr, 20 04:52 PM

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में कोविड-19 से संक्रमित महिला की सोमवार को मौत हो गई वहीं हिंगोली में एसआरपीएफ के चार जवान संक्रमित पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि महिला में शनिवार को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उन्होंने बताया कि औरंगाबाद में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 50 पहुंच गई जिनमें छह लोगों की मौत हो चुकी है वहीं हिंगोली में कुल 11 व्यक्ति संक्रमित पाए गए हैं। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ के येलिकर ने कहा, '' महिला की मौत दोपहर 12:30 बजे हुई। औरंगाबाद में कोविड-19 से यह छठी मौत हुई है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि हिंगोली में संक्रमित पाए गए चार एसआरपीएफ जवानों की हालत स्थिर हैं और उनमें गंभीर लक्षण नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘खांसी और बुखार की शिकायत के बाद शुक्रवार को उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। रविवार की देर रात आई रिपोर्ट में पता चला कि वे सभी संक्रमित हैं ।’’ नांदेड़ जिले में सोमवार को 43 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। जिले में यह संख्या दो है।

27 Apr, 20 04:51 PM

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार की राय है कि तटीय राज्य में लॉकडाउन को तीन मई से आगे बढ़ाया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने के बाद सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि गोवा की सीमाएं सील रहेंगी, जबकि राज्य में आर्थिक गतिविधियां धीरे-धीरे फिर से शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि गोवा सरकार प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर लॉकडाउन को तीन मई से आगे बढ़ाने का आग्रह करेगी। गोवा में अब तक कोरोना वायरस के सात मामले सामने आए हैं और इस संक्रामक बीमारी से सभी मरीज ठीक हो गए हैं। मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉफ्रेंस में कहा कि देश को अर्थव्यवस्था को अहमियत देनी होगी। साथ-साथ कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को जारी रखना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि लॉकडाउन के सकारात्मक नतीजे आए हैं। देश पिछले डेढ़ महीने में हजारों जानें बचा पाया है।

27 Apr, 20 04:51 PM

स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न हालात से निपटने के प्रयासों में सहयोग का विस्तार करते हुए चार राज्यों - झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक-एक करोड़ रुपए का योगदान किया है। सरकारी क्षेत्र की इस कंपनी ने सोमवार को एक विज्ञप्तित में यह जानकारी दी। इन राज्यों में सेल के 5 एकीकृत इस्पात संयंत्र – झारखंड में बोकारो इस्पात संयंत्र, ओडिशा में राउरकेला इस्पात संयंत्र, छत्तीसगढ़ में भिलाई इस्पात संयंत्र और पश्चिम बंगाल में दुर्गापुर एवं इस्को इस्पात संयंत्र स्थित हैं। कंपनी ने कहा है कि उसने इन चार राज्यों में से हर राज्य के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक- एक करोड़ रुपये की राशि का योगदान किया है। सेल के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने कहा, “सेल ने इस देशव्यापी संकट की घड़ी में आगे बढ़कर पहल करते हुए, उन 4 राज्यों के मुख्यमंत्री राहत कोष में एक – एक करोड़ रुपये की राशि का सहयोग करने का निश्चय किया है, जिन राज्यों में हमारे एकीकृत इस्पात संयंत्र स्थित हैं। यह राशि सेल द्वारा पीएम केयर्स फंड में 30 करोड़ रुपये के साथ ही, सेल कार्मिकों के एक दिन का वेतन, जो करीब 9 करोड़ रुपये के बराबर होगा, के योगदान के अलावा है।” सेल ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए देशव्यापी अभियान में भागीदारी के साथ बचाव के ज़रूरी कदम उठाए हैं।

27 Apr, 20 04:37 PM

पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए प्रबुद्ध नागरिकों की समिति बनाने समेत कई सुझाव दिए। सिंह को पत्र लिखकर उन्होंने इस संकट से निपटने के लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कुमार ने कहा कि राज्य के प्रतिष्ठित नागरिकों की एक समिति बनाई जाए और गरीबों एवं जरूरतमंदों को राहत देने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर उनकी राय ली जाए। उन्होंने कहा कि जमीन पर काम कर रहे गैर सरकारी संगठनों से भी रिपोर्ट ली जाए। उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि मदद का ज्यादातर हिस्सा जिला कलेक्टर के स्तर पर दिया जाए ताकि जरूरतमंद लोगों को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टरों को निर्देश दिया जाए कि वे बेसहारा लोगों की मदद को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

27 Apr, 20 04:36 PM

भारतीय रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे चढ़कर 76.25 (अस्थाई) के स्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और विदेशी बाजारों में डॉलर के कमजोर होने से रुपये को मजबूती मिली। मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि बाजार को उम्मीद है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते केंद्रीय बैंक कुछ और नए राहत उपायों की घोषणा करेगा, जिसके चलते बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया बढ़त के साथ 76.14 पर खुला और दिन के कारोबार के दौरान 76.05 के उच्च स्तर पर पहुंच गया। हालांकि घरेलू मु्द्रा ने इसमें से कुछ बढ़त गवां दी और अंत में प्रति डालर 76.25 के स्तर पर कारोबार बंद हुआ। इस तरह रुपये ने अपने पिछले बंद के मुकाबले 21 पैसे की वृद्धि दर्ज की। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 76.46 पर बंद हुआ था। दुनिया भर में कोविड-19 संक्रमण के मामले 29.91 लाख से अधिक हो गए हैं, जबकि भारत में अब तक 27,800 से अधिक मामले सामने आए हैं।

27 Apr, 20 04:36 PM

पश्चिम बंगाल में दो बस संचालक संघों ने सोमवार को कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर यात्री परिवहन क्षेत्र के लिए वित्तीय पैकेज की मांग की है। संचालकों का कहना है कि कोरोना वायरस के कारण हुए लॉकडाउन के चलते इस क्षेत्र पर बेहद बुरा असर पड़ा है। सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री का हजारों बस मालिकों और उनके कर्मचारियों की दुर्दशा की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए दोनों संघ ने कहा कि सरकार की सहायता के बिना उद्योग के लिए अपूर्णीय क्षति से उबरना मुश्किल है। ‘बस सिंडिकेट संयुक्त परिषद’ और इंटर एंड इंट्रा रीजन बस एसोसिएशन ने मिलकर गडकरी को अपनी परेशानियों से अवगत कराया है। परिषद के महासचिव तपन बनर्जी ने कहा, '' लॉकडाउन के कारण राज्य की 49,000 बसों के संचालक और 2.5 लाख से अधिक कर्मचारी आर्थिक तंगी में हैं।'' वहीं, एसोसिएशन के महासचिव पल्लब मजूमदार ने पत्र में कहा कि बस संचालक और उनके कर्मचारियों को अपनी रोजी-रोटी चलाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

27 Apr, 20 04:36 PM

कोरोना वायरस के कारण लागू देशव्यापी लॉकडाउन के बीच दूसरे प्रदेशों में रह रहे उत्तर प्रदेश के मजदूरों को लाने के क्रम में अब तक हरियाणा से 12 हजार से अधिक प्रवासी कामगार प्रदेश वापस लौट चुके हैं। इन लोगों को इनके गृह जनपद भेज दिया गया है। प्रदेश सरकार की तरफ से यह जानकारी दी गई। मजदूरों के बाद अब प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को भी उनके घर भेजने की योजना सरकार की तरफ से बनाई गयी है । अपर मुख्य सचिव गृह और सूचना अवनीश अवस्थी ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेस में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अन्य राज्यों में 14 दिन का पृथक-वास पूरा कर चुके उत्तर प्रदेश के श्रमिकों, कामगारों तथा मजदूरों को चरणबद्ध तरीके से वापस लाए जाने के सम्बन्ध में निर्देश दिये थे। उन्होंने कहा इस पर अमल करते हुये शनिवार को हरियाणा से 2224 मजदूरों को 82 बसों से लाया गया था और रविवार शाम तक 9992 मजदूर 328 बसों से वापस आ गये है । इन मजदूरों को 394 बसों से उनके गृह जनपद पहुंचा दिया गया । उन्होंने बताया कि अब इसी तरह प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विश्वविदयालयों तथा अन्य कॉलेजों में पढ़ रहे छात्रों को उनके घर भेजने का काम जल्द ही शुरू किया जा रहा है।

27 Apr, 20 04:35 PM

मध्य प्रदेश के नवनियुक्त कृषि मंत्री कमल पटेल ने सोमवार को को कहा कि हाल में शूरू की गई ‘‘स्वामित्व योजना’’ ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने वाली साबित होगी। इस योजना के अमल में आने से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच आर्थिक सशक्तिकरण के मामले में पिछले कई सालों से चला आ रहा एक बड़ा अंतर समाप्त होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस के मौके पर इस योजना की शुरुआत की। पटेल ने इसके लिये प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि इससे देश के ग्रामीण क्षेत्र की तस्वीर ही बदल जायेगी और सही मायनों में महात्मा गांधी का सपना पूरा होगा। पटेल ने सोमवार को पीटीआई-भाषा से एक मुलाकात में कहा, ‘‘ यह एक विडंबना ही है कि देश को 70 साल पहले आजादी मिली थी इसके बावजूद आर्थिक सशक्तिकरण के मामले में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच एक बड़ा अंतर बना हुआ है।’’ उन्होंने कहा, हालांकि ग्रामीण इलाकों में लोगों के पास अपनी जमीन पर घर या दुकानें हैं लेकिन वित्तीय संस्थानों के जटिल नियमों के कारण वह इस पर कोई ऋण नहीं ले सकते हैं। कृषि मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कर्जमाफी के नाम पर प्रदेश के किसानों को बड़े पैमाने पर धोखा दिया है। उन्होंने इस मुद्दे पर किसानों से पिछली सरकार के खिलाफ पुलिस थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने की अपील की है।

27 Apr, 20 04:33 PM

दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) ने कोरोना वायरस के मद्देनजर अपने स्वास्थ्य कर्मियों और कर्मचारियों के उपयोग के लिए लगभग 92,000 मास्क और 5,000 लीटर से अधिक सैनेटाइज़र तैयार किया है। एसईआर के प्रवक्ता संजय घोष के अनुसार एसईआर के चार डिविजनों और खड़गपुर कार्यशाला में मास्क और सैनेटाइजर का उत्पादन किया जा रहा है। इन मास्कों का कई बार उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि खड़गपुर, आद्रा, रांची और चक्रधरपुर डिविजनों में चिकित्सा विभाग की सख्त निगरानी में मास्क तथा सैनेटाइजर तैयार किए जा रहे हैं। घोष ने बताया कि अब तक 91,800 मास्क और 5,020 लीटर सैनेटाइजर का उत्पादन किया गया है।  उन्होंने कहा कि ये मास्क और सैनेटाइटर लोको पायलट (चालक), गार्ड और कर्मचारियों के बीच वितरित किए जा रहे हैं ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

27 Apr, 20 04:32 PM

रूस की सेना में गत मार्च के बाद से कुल 874 सैनिक कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं। यह जानकारी रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को दी। उनमें से लगभग आधे यानी 379 घर पर पृथक हैं जबकि अन्य का इलाज विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में किया जा रहा है। चार व्यक्तियों की हालत गंभीर है जिनमें से एक वेंटिलेटर पर है। रूस में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के 80,949 मामले सामने आये हैं जबकि 747 मौतें हुई हैं। देश के अधिकांश क्षेत्रों में मार्च के अंत से लॉकडाउन है। केवल आवश्यक व्यवसायों जैसे किराने की दुकानें, फार्मेसी, बैंकों का संचालन हो रहा है और लोगों को घर पर रहने के लिए कहा गया है। इस महीने की शुरुआत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बढ़ते प्रकोप के कारण द्वितीय विश्वयुद्ध में नाजी जर्मनी की 1945 की हार की याद में देश में नौ मई को होने वाली सैन्य परेड भी स्थगित कर दी थी।

27 Apr, 20 04:31 PM

ब्रिटिश सांसदों की एक प्रभावशाली संसदीय समिति ने कोरोना वायरस लॉकडाउन के दौरान घरेलू हिंसा में बेतहाशा इजाफा के मद्देनजर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। हाउस ऑफ कमंस की गृह विभाग से संबंधित समिति ने पाया कि परमार्थ संगठन रिफ्यूजी की घरेलू हिंसा हेल्पलाइन पर 15 अप्रैल के बाद उससे पहले के औसत की तुलना में 49 फीसदी अधिक कॉल आईं। समिति की अध्यक्ष येवेट कूपर ने कहा, ‘‘ कोरोना वायरस को फैलने से रोकने और जिंदगियां बचाने के लिए घरों में रहना महत्वपूर्ण है लेकिन कुछ लोगों के लिए घर सुरक्षित नहीं है। पीड़ितों को बचाने के लिए तथा गुनहगारों को घरेलू हिंसा करने के लिए लॉकडाउन का फायदा उठाने से रोकने के लिए तत्काल कदम की जरुरत है।’’ लेबर पार्टी की सांसद ने कहा, ‘‘घरेलू हिंसा में वृद्धि पहले से चिंता के संकेत है। हमारी सर्वदलीय समिति सरकार से कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष के समेकित अंग के तहत घरेलू हिंसा से निपटने के लिए व्यावहारिक कदम के वास्ते तत्काल कार्ययोजना की मांग कर रही है।’’

27 Apr, 20 04:30 PM

भारत उन 27 देशों में शामिल है जो वैश्विक तापमान के कारण समुद्र के स्तर में बढ़ोतरी से बुरी तरह प्रभावित होगा और देश के तटों पर रहने वाले छह करोड़ लोगों को इसका खामियाजा भुगतना होगा। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) ने यह जानकारी दी। यूएनडीपी राष्ट्रों के सतत् विकास के माध्यम से गरीबी खत्म करने और असमानता को कम करने के लिए काम करता है। इसने रविवार को सोशल मीडिया के मार्फत भारत सरकार, यूएनडीपी और हरित जलवायु कोष (जीसीएफ) द्वारा पिछले वर्ष 4.3 करोड़ डॉलर से शुरू की गई पहल का जिक्र किया। इसने कहा कि छह वर्षों में आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा में उन्नत तटीय सुरक्षा से एक करोड़ लोगों को लाभ होगा। यूएनडीपी ने रविवार को एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारत पूरी दुनिया में उन 27 देशों में शामिल है जो समुद्र के स्तर में बढ़ोतरी के कारण खतरे में हैं। समुद्र तटों के आसपास रहने वाले छह करोड़ से अधिक लोगों के घर और आजीविका पर खतरे की आशंका है। हम भारत सरकार और जीसीएफ के साथ मिलकर तटीय सुधार को बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं।’’

27 Apr, 20 04:29 PM

छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक ने राज्य में लॉकडाउन के दौरान तैनात पुलिस कर्मियों का कोरोना वायरस संक्रमण से संबंधित परीक्षण कराने के लिए कहा है। राज्य के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर लॉकडाउन के दौरान सुरक्षा में लगे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का कोरोना वायरस संक्रमण से संबंधित परीक्षण कराने के लिए कहा है। अधिकारियों ने बताया कि डीजीपी ने पत्र में कहा है कि पिछले एक माह से लॉकडाउन अवधि के दौरान आपके अधीन पुलिस अधिकारी और कर्मचारी निरंतर चौराहों, पिकेट्स, पेट्रोलिंग में तथा अस्पतालों आदि की इयूटी पर तैनात हैं। धीर-धीरे बाजार आदि खुलने से बड़ी मात्रा में आम नागरिकों का आवागमन अब शहरों में हो रहा है। इसलिए उचित होगा कि जिला चिकित्सा अधिकारी से बात करके आवश्यकतानुसार थोड़ी-थोड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों का भी कोरोना संक्रमण संबंधी टेस्ट करा लिया जाए।

27 Apr, 20 04:12 PM

पुडुचेरी में कोविड-19 के एक और मरीज को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य मंत्री मल्लादी कृष्ण राव ने सोमवार को कहा कि इंदिरा गांधी सरकारी चिकित्सा कॉलेज अस्पताल में अब बाकी बचे तीन मरीजों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 के कुल आठ मरीज सामने आए थे। पहले चार मरीज ठीक होकर जा चुके थे और अब रविवार को एक और मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

27 Apr, 20 04:07 PM

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत कराया कि उनका राज्य कोरोना वायरस संकट के कारण उत्पन्न किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्रियों के साथ देश में मौजूदा स्थिति पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री द्वारा बुलाई गई वीडियो कॉन्फ्रेंस में खट्टर ने कहा कि राज्य में आर्थिक गतिविधियों को सुरक्षित तरीके से फिर से शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। हरियाणा में कोरोना वायरस के अब तक 299 मामले सामने आए हैं जिनमें 24 विदेशी शामिल हैं। कोरोना वायरस से तीन लोगों की मौत हुई है। एक सरकारी बयान में कहा गया है कि खट्टर ने केंद्र से संयुक्त रक्षा सेवाओं, जेईई और एनईईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखों को लेकर अनिश्चितता को दूर करने के लिए फौरन कदम उठाने का आग्रह किया। इससे पहले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा था कि हरियाणा ने संक्रमित मरीजों की ठीक होने की दर समेत कई मानदंडों पर अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर किया है।

27 Apr, 20 04:06 PM

स्पेन में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमित 331 लोगों की मौत हो गई जबकि रविवार को 288 लोगों की मौत हुई थी। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक 23,500 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दो लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। रविवार से 14 साल से कम उम्र के बच्चों को हर दिन एक घंटे के लिए निगरानी में बाहर जाने की अनुमति होगी। स्पेन अब बंद के सातवें सप्ताह में प्रवेश कर रहा है और लोगों को उम्मीद है कि अब उन्हें कुछ छूट मिलेगी। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने कहा कि शुक्रवार से सभी उम्र के लोगों को बाहर टहलने और खेलने की अनुमति होगी।

27 Apr, 20 04:05 PM

भारतीय मूल के अमेरिकी फिजिशियनों के एक संगठन के अध्यक्ष ने आगाह किया है कि दुनिया भर में सरकारों को सुनियोजित ढंग से लॉकडाउन हटाना होगा और अपनी अर्थव्यवस्थाओं को फिर से खोलना होगा नहीं तो घातक कोरोना वायरस वापसी करेगा और इस बार नुकसान पहले से भी ज्यादा होगा। ‘अमेरिकन फिजिशियन्स ऑफ इंडियन ऑरिजन (एएपीआई) के अध्यक्ष डॉ सुरेश रेड्डी ने वायरस के खिलाफ बहादुरी से जंग लड़ रहे भारतीय मूल के लाखों चिकित्साकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘अमेरिका में हर सातवां डॉक्टर भारतीय है और वे अग्रिम मोर्चे पर सैनिकों की तरह काम कर वायरस से जंग लड़ रहे हैं।’’ रेड्डी ने पीटीआई-भाषा से यहां साक्षात्कार में कहा, ‘‘संपूर्ण चिकित्सा बिरादरी अब सेना बन गई है और कोरोना वायरस से जंग लड़ रही है।” उन्होंने कहा कि वायरस के खिलाफ जंग लंबी है और कहा कि कोविड-19 कुछेक महीनों में खत्म नहीं होने वाला है और टीका या विषाणुरोधी दवा विकसित नहीं होने तक इसका प्रभाव एक से दो साल तक देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा, “केवल इसी तरीके से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।” उ

27 Apr, 20 04:03 PM

महाराष्ट्र में औरंगाबाद के निकाय प्रमुख ने सोमवार को ट्वीट करके युवाओं को कोरोना वायरस प्रकोप के मद्देनजर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने के खिलाफ चेतावनी दी क्योंकि वे इससे संक्रमण अपने परिवारों में बुजुर्गों तक पहुंचा सकते हैं। नगर आयुक्त आस्तिक कुमार पांडेय ने आंकड़े अपलोड किए जिससे पता चला कि कोविड-19 के अधिकतर मरीज 21-40 आयु वर्ग के हैं। पांडेय ने दावा किया कि युवा बाहर निकल रहे हैं और ‘‘परिवारों में बुजुर्गों तक कोरोना वायरस संक्रमण ला रहे हैं।’’ उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘यह 21-40 आयु वर्ग सबसे अधिक संक्रमित है और उसे जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए।’’ पांडे ने शहर में कोविड-19 की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यहां के 51 रोगियों में से केवल दो ने अंतरराष्ट्रीय और एक ने घरेलू यात्रा की थी। उन्होंने कहा, ‘‘51 कोविड-19 रोगियों में से 10 हॉटस्पॉट (संक्रमण से अधिक प्रभावित क्षेत्र) से हैं। अन्य 38 इन यात्रियों के संपर्क में आने के बाद संक्रमित हुए।’’

27 Apr, 20 04:03 PM

कोरोना वायरस से संबंधित प्रतिबंधों में छूट दिए जाने के बाद दुबई और उत्तरी अमीरात में कुछ केंद्रों पर भारतीय पासपोर्ट सेवाएं बहाल कर दी गयी हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने यह घोषणा की है। प्रतिबंधों में छूट के बाद पांच केंद्रों को फिर से खोल दिया गया है। वाणिज्य दूतावास द्वारा ट्वीटर पर की गयी घोषणा के अनुसार इन केंद्रों में उन पासपोर्टों को ही स्वीकार किया जाएगा जिनकी अवधि समाप्त हो चुकी है या 31 मई तक समाप्त हो जाएगी। नवीकरण के लिए आवेदन केवल केंद्र से समय लेने के बाद ही जमा किए जा सकते हैं। केंद्रों पर आने वाले सभी लोगों को सुरक्षित सामाजिक दूरी बनाकर रखनी होगी।

27 Apr, 20 04:02 PM

राजस्थान के कोटा में फंसे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विभिन्न जिलों के 369 छात्रों का एक समूह सोमवार को यहां पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि उनके यहां पहुंचने के बाद उनकी कोविड-19 की जांच की गई और बाद में उन्हें दोनों केन्द्र शासित प्रदेशों में स्थित गृह जिलों के लिए रवाना किया गया। अपने परिवार से मिलने से पहले प्रशासन इन्हें पृथक रखेगा। उन्होंने बताया कि करगिल के वे छह छात्र भी लद्दाख जाने वाले समूह में शामिल हो गए, जो कठुआ में अपना 14 दिन पृथक रहने का समय पूरा कर चुके हैं। जिला विकास आयुक्त (कठुआ) ओ.पी. भगत ने कहा, ‘‘ जम्मू-कश्मीर सरकार ने तीन दिन पहले कोटा में फंसे 369 छात्रों को लेने के लिए 15 एसआरटीसी बसों को भेजा था। छात्र आज सुबह जम्मू-कश्मीर पहुंचे।’’ उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की विशेष टीम ने छात्रों की जांच की और बाद में उनके जिलों के लिए उन्हें रवाना किया गया।

27 Apr, 20 04:01 PM

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने लॉकडाउन के कारण हुए नुकसान से निपटने के लिए कृषि, बागवानी, मुर्गीपालन और दूग्ध उत्पादन जैसे प्राथमिक क्षेत्रों में उत्पादन बढ़ाने के लिए काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में आम तौर पर रबर उत्पादन से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की कमाई होती है लेकिन कोविड-19 के कारण लागू लॉकडाउन की वजह से इसमें 250 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। देव ने कहा कि मुर्गीपालन, मत्स्य पालन, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, कृषि, बागवानी और फूलों की खेती से कम निवेश के साथ अच्छी आय हो सकती है इसलिए प्राथमिक क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री द्वारा जारी बयान में कहा गया,‘‘... वर्तमान स्थिति को देखते हुए हमारी सरकार ने प्राथमिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भर होने के लक्ष्य को प्राप्त करने की समय सीमा एक-दो वर्ष कम कर दी है।

27 Apr, 20 04:01 PM

यमन में वर्षों से जंग में फंसे सऊदी अरब नीत गठबंधन ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) समर्थित अलगाववादियों से रियाद शांति समझौते की शर्तों का सम्मान करने और अदन का नियंत्रण देश की अंतरराष्ट्रीय तौर पर मान्यता प्राप्त सरकार को सौंपने की गुजारिश की । सऊदी अरब ने यह बयान ऐसे वक्त पर जारी किया है जब अलगाववादियों की दक्षिणी परिवर्तन परिषद ने फिर से दावा किया है कि उसने रविवार को अदन का नियंत्रण हासिल कर लिया है। लाल सागर के तट पर बसा अदन शहर अंतरराष्ट्रीय तौर पर मान्यता प्राप्त सरकार की राजधानी है, क्योंकि सना पर बागी शिया हुथी बलों ने कब्जा किया हुआ है। इस युद्ध ने अरब विश्व के सबसे गरीब देश को अकाल के मुहाने पर धकेल दिया। जंग में एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। सऊदी अरब ने बयान में परिषद से नवंबर 2019 के रियाद समझौते की शर्तों को मानने का आग्रह किया है। इस समझौते के तहत दोनों पक्ष अपने कब्जे वाले यमन के शहरों में से भारी सैन्य उपकरण हटाएंगे और एकता सरकार बनाएंगे जिसमें सभी का समान प्रतिनिधित्व होगा, लेकिन अभी इस समझौते को लागू नहीं किया गया है, क्योंकि जंग जारी है। अदन में भारी बाढ़ आई हुई है और यमन कोरोना वायरस महामारी का सामना कर रहा है। दक्षिणी परिवर्तन परिषद, युद्ध में सऊदी अरब के साझेदार संयुक्त अरब अमीरात का सहयोगी है।

27 Apr, 20 03:59 PM

कर्नाटक, बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल में आज सुबह 8:30 बजे चौथी या पाँचवीं मंजिल से एक #COVID19 मरीज ने कूदकर आत्महत्या कर ली। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं: डॉ. रोहिणी कटोच सेपट, पुलिस कमिश्नर, दक्षिण प्रभाग बेंगलुरु शहर

27 Apr, 20 03:48 PM

सिंगापुर में 799 नए मामलों के आने के बाद कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या सोमवार को 14,423 हो गई। इनमें भारतीयों सहित ऐसे विदेशी कर्मचारी सर्वाधिक प्रभावित हैं, जो साझे शयनकक्षों (डॉर्मिटरी) में रहते हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि नए मामलों में ज्यादातर मामले साझे शयनकक्षों में रहने वाले परमिटधारी विदेशी कर्मचारियों से जुड़े हैं। सोमवार को सामने आए नए मामलों में से 14 मामले सिंगापुर के नागरिकों अथवा देश में स्थायी रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों से जुड़े हैं। मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम मामलों के विवरण का अब भी अध्ययन कर रहे हैं और आगे की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी जाएगी, जो आज रात जारी की जाएगी।’’ कम आय वाले लगभग 3,00,000 विदेशी श्रमिक सिंगापुर में भवन निर्माण और रख-रखाव का कार्य करते हैं। इनमें से अधिकतर दक्षिणी एशिया से हैं। उनमें से अधिकतर डॉर्मिटरी में एक साथ रहते हैं।

27 Apr, 20 03:47 PM

मेघालय सरकार ने लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सामान की बिक्री, आवश्यक सामग्री के लिए कुरियर सेवाएं, आवश्यक सामानों में ई-वाणिज्य का संचालन और समान सेवा केंद्रों समेत कई गतिविधियों में सोमवार से राहत दी है। राज्य की राजधानी और पूर्वी खासी पर्वतीय जिले के मिलियम प्रखंड को छोड़कर पूरे राज्य में यह राहत दी जाएगी। मेघालय के मुख्य सचिव एम एस राव ने कहा कि इलेक्ट्रिशियन, आईटी मरम्मत, प्लंबर, मोटर मेकेनिक, बढ़ई का काम करने वाले लोगों और राजमार्ग पर ट्रकों की मरम्मत का काम करने वाली दुकानें तथा निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सीजीआई शीट एवं सीमेंट जैसी सामग्री उपलब्ध कराने वाली दुकानें तथा बिजली की दुकानों को काम करने की इजाजत दी जाएगी। मेघालय में कोविड-19 के अब तक 12 मामले सामने आएं हैं जिसमें से 11 लोग अब भी संक्रमित हैं और एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हुई है। मुख्य सचिव के मुताबिक, सभी कृषि और पशु पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन समेत कृषि कार्यों से जुड़ी गतिविधियों से संबद्ध क्षेत्र, दूध एवं दूध के उत्पादों का संग्रहण, प्रसंस्करण और वितरण, एपीएमसी द्वारा मंडियों का संचालन, कृषि उत्पादों की खरीद एवं विपणन, कस्टम हायरिंग केंद्र, कोल्ड स्टोरेज और कारखानों के संचालन की अनुमति दी गई है।

27 Apr, 20 03:46 PM

गौतम बुद्ध नगर जिले में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए लोगों में से 62 प्रतिशत लोग उपचार के बाद स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। जिलाधिकारी गौतम बुध नगर सुहास एल वाई ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर में रविवार तक 115 लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। उन्होंने बताया कि इनमें से अब तक 71 लोग यहां विभिन्न अस्पतालों में उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इन 71 लोगों में सात लोग ऐसे हैं जो 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि जिले में अब तक स्वस्थ हुए 71 लोगों में से सात लोग 60 की उम्र पार कर चुके हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और यहां के विभिन्न प्राधिकरण संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।

27 Apr, 20 03:35 PM

अरुणाचल प्रदेश सरकार ने यहां के सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के संचालकों से कहा है कि वे उन ग्राहकों को सेवा नहीं दें जिन्होंने मास्क नहीं पहन रखा हो। जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति अधिकारी अमित बेंगिया ने सभी पेट्रोल पंप को नोटिस जारी कर कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से राज्य की राजधानी में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। बेंगिया ने कहा कि राजधानी क्षेत्र में बिना मास्क वाले किसी भी ग्राहक को ईंधन और गैस सिलिंडर नहीं बेचा जाएगा। ट्वीटर पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि ईटानगर में 'मास्क नहीं तो ईंधन नहीं' का नियम लागू किया गया है।

27 Apr, 20 03:34 PM

नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र की सलारपुर कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने सोमवार तड़के अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर की। सहायक पुलिस आयुक्त विमल कुमार सिंह ने बताया कि सलारपुर में रहने वाला राजेश कुमार (45 वर्ष) फेस-2 क्षेत्र में स्थित एक कंपनी में काम करता था। लॉकडाउन की वजह से कंपनी बंद हो गई थी। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि राजेश ने हाल में अपने बेटे की शादी की थी, जिसके लिए उसने काफी कर्ज लिया था। सिंह ने बताया कि राजेश की पत्नी के अनुसार बंद के चलते कामकाज बंद हो गया था तथा राजेश कर्ज नहीं उतार पाने के कारण परेशान था। उसने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या ली। सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

27 Apr, 20 03:33 PM

राष्ट्रीय महिला आयोग ने सोमवार को राजस्थान पुलिस से कहा कि वह पिछले दिनों एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार की कथित घटना की तत्काल जांच करे और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करे। खबरों के मुताबिक लॉकडाउन के कारण जयपुर स्थित अपने घर नहीं जा पाने वाली 40 वर्षीय महिला के साथ सवाई माधोपुर के एक स्कूल में 23-24 अप्रैल की रात तीन लोगों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। आयोग की ओर से जारी बयान के मुताबिक उसने राजस्थान के पुलिस महानिदेशक भूपेंद्र सिंह यादव को पत्र लिखकर कहा कि इस मामले की तत्काल जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। महिला आयोग ने कड़े कानून होने के बावजूद महिलाओं के खिलाफ अपराध होने को लेकर चिंता भी जताई।

27 Apr, 20 03:25 PM

फ्रेंकलिन टेम्पलटन म्यूचुअल फंड ने सोमवार को कहा कि वह निवेशकों का पैसा जल्द से जल्द लौटाने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने हाल में नकदी संकट के चलते अपनी छह बांड योजनाओं को बंद कर दिया। कंपनी ने कहा कि योजनाओं को बंद करने का मतलब निवेशकों का पैसा डूबना नहीं है। फ्रेंकलिन टेम्पलटन एसेट मैनेजमेंट (इंडिया) के अध्यक्ष संजय सप्रे ने निवेशकों को भेजे एक संदेश में कहा, ‘‘ जो योजनाएं बंद की गयी हैं, हम उनके निवेशकों को जल्द से जल्द पैसा लौटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही यह हमारे ब्रांड में निवेशकरने वालों के विश्वास को बहाल करने की भी कोशिश है।’’ कंपनी ने शुक्रवार को फ्रैंकलिन इंडिया लो ड्यूरेशन फंड, फ्रैंकलिन इंडिया डायनेमिक एक्यूरल फंड, फ्रैंकलिन इंडिया क्रेडिट रिस्क फंड, फ्रैंकलिन इंडिया शॉर्ट टर्म इनकम प्लान, फ्रैंकलिन इंडिया अल्ट्रा शॉर्ट बॉन्ड फंड और फ्रैंकलिन इंडिया इनकम अपॉर्चुनिटीज फंड जैसी छह बांड योजनाएं बंद करने की घोषणा की थी।

27 Apr, 20 03:18 PM

पूर्वी दिल्ली के एक प्रमुख निजी अस्पताल के दो चिकित्सक, नर्स और पैरामेडिकल कर्मियों सहित कम से कम 33 कर्मचारी पिछले करीब दो सप्ताह के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गए हैं। यह जानकारी सूत्रों ने सोमवार को दी। मैक्स हेल्थकेयर समूह ने दो सप्ताह पहले घोषणा की थी कि वह देशभर में स्थित अपनी सभी इकाइयों में अपने सभी कर्मचारियों और मरीजों की कोविड-19 के लिए जांच करेगा। एक सूत्र ने बताया, ‘‘जांच शुरू होने के बाद से मैक्स अस्पताल, पटपड़गंज में अभी तक दो चिकित्सक, नर्स, पैराममेडिकल कर्मी और गैर चिकित्सकीय कर्मियों सहित 33 कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित पाये गए हैं।’’ पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल, पूर्वी दिल्ली में एक प्रमुख स्वास्थ्य इकाई है। सूत्रों ने कहा कि सभी संक्रमित व्यक्तियों को दक्षिण दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल के ईस्ट ब्लॉक में पृथक-वास के लिए स्थानांतरित कर दिया गया है। अस्पताल का ईस्ट ब्लॉक कोविड-19 के लिए एक निर्दिष्ट इकाई है।

27 Apr, 20 03:17 PM

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में कोरोना वायरस संक्रमण का एक और मामला सामने आने के बाद जिले में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 27 हो गयी है। जिलाधिकारी बिजनौर रमाकांत पांडेय ने जानकारी दी कि बिजनौर नगर निवासी 56 वर्षीय व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल हुआ था। उसे विवेक कालेज में पृथक-वास में रखा गया था। जिलाधिकारी ने बताया कि अब जनपद में संक्रमित लोगों की संख्या 27 हो गयी है

27 Apr, 20 03:16 PM

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से पांच और लोगों की मौत हो गई और संक्रमण के 49 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,234 हो गयी। राज्य में इस वायरस के संक्रमण से कुल 46 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जिनमें से 25 लोगों की मौत केवल जयपुर में हुई है। राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को जयपुर में चार और लोगों की मौत के मामले सामने आए। इसके अलावा भरतपुर में भी वायरस से एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस बीच सोमवार दोपहर दो बजे तक राज्य में संक्रमण के 49 नये मामले आए, जिनमें जयपुर में 19, झालावाड़ में नौ, टोंक में आठ, जोधपुर में छह, कोटा में चार तथा जैसलमेर—अजमेर एवं भीलवाड़ा में एक-एक नया मामला शामिल है। राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों में दो इतालवी नागरिकों के अलावा 61 वे लोग भी शमिल हैं, जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर एवं जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है।

27 Apr, 20 03:15 PM

इंडियन ओवरसीजी बैक ने स्वयं सहायता समूहों के लिए विशेष योजना पेश की

सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन ओवरसीजी बैंक (आईओबी) ने स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लिए एक विशेष ऋण कार्यक्रम शुरू किया है। इससे स्वयं सहायता समूहों को कोविड-19 की वजह से पैदा हुए मुश्किल हालात में मदद मिल सकेगी। इस योजना के तहत एसएचजी के एक सदस्य को अधिकतम 5,000 रुपये का ऋण दिया जाएगा। समूह के लिए ऋण की सीमा एक लाख रुपये तय की गई है। बैंक ने सोमवार को कहा कि बेहतर रिकॉर्ड वाले और आईओबी से कम से कम दो बार कर्ज लेने वाले एसएचजी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इस योजना का लाभ 30 जून, 2020 तक लिया जा सकेगा। बैंक के नियम के अनुसार, सिर्फ वही एसएचजी इस योजना के तहत कर्ज लेने के पात्र होंगे जिनका ऋण एक मार्च, 2020 तक मानक होगा और उसका भुगतान किया जा रहा होगा।

27 Apr, 20 02:57 PM

इंडरा ने भारत की वृद्धि दर के अनुमान को घटाकर 1.9% किया

इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च (इंडरा) ने कोविड-19 महामारी और अर्थव्यवस्था पर इसके असर का हवाला देते हुए वित्त वर्ष 2020-21 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर के पूर्वानुमानों को सोमवार को संशोधित कर 1.9 प्रतिशत तक घटा दिया, जो पिछले 29 वर्षों में सबसे कम वृद्धि होगी। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि यह अनुमान इस मान्यता पर आधारित हैं कि आंशिक लॉकडाउन मई मध्य तक जारी रहेगा।यदि लॉकडाउन मई मध्य के बाद भी जारी रहा तो जीडीपी वृदधि दर नकारात्मक हो सकती है। इंडरा के प्रधान अर्थशास्त्री और लोक वित्त के निदेशक सुनील कुमार सिन्हा ने एक रिपोर्ट में कहा, ‘‘हमने वित्त वर्ष 2020-21 के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि के अनुमानों की समीक्षा कर इसे 3.6 प्रतिशत से घटाकर 1.9 प्रतिशत कर दिया है।’’ इससे पहले इतनी कम वृद्धि वित्त वर्ष 1991-92 के दौरान थी जब कि जीडीपी केवल 1.1 प्रतिशत बढ़ा था। उन्होंने कहा कि हालांकि यदि लॉकडाउन मई मध्य के आगे भी जारी रहा और धीमे धीमें हालात में सुधार जुन के अंत से शुरू हआ , तो जीडीपी 2.1 प्रतिशत गिर सकता है।

27 Apr, 20 02:24 PM

देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार

बलिया जिले के उभांव क्षेत्र में फेसबुक पर हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले फेसबुक पर हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की गई थी। इस बारे में राकेश सिंह नामक व्यक्ति की शिकायत पर उभांव थाना क्षेत्र के कुंडेल गांव के निवासी सलमान नामक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

27 Apr, 20 02:12 PM

कोविड-19: कर्नाटक में संक्रमण के आठ नए मामले, एक मरीज ने की आत्महत्या

कोरोना वायरस से संक्रमित 50 वर्षीय एक व्यक्ति ने अस्पताल की पांचवीं मंजिल से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। राज्य में संक्रमण के आठ नए मामले हैं जिसके बाद कुल संक्रमित लोगों की संख्या 511 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने दोपहर में अपने बुलेटिन में बताया कि बेंगलुरु शहरी क्षेत्र के 50 वर्षीय एक व्यक्ति को विक्टोरिया अस्पताल में 24 अप्रैल को भर्ती किया गया था। उन्हें निमोनिया, उच्च रक्तचाप और गुर्दे में शिकायत थी। मरीज की मौत 27 अप्रैल को हो गई, हालांकि यह कोरना वायरस से संबंधित मौत नहीं थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मरीज ने विक्टोरिया अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड से कथित तौर पर कूदकर जान दे दी। इस संबंध में जांच जारी है। बुलेटिन में बताया गया, ‘‘ कल शाम से दोपहर तक आठ नए मामले सामने आए हैं…राज्य में अब तक संक्रमण के 511 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जिसमें 19 लोगों की मौत और 188 लोगों का स्वस्थ होना शामिल हैं।''

27 Apr, 20 02:11 PM

मेघालय तीन मई के बाद भी बढ़ाना चाहता है लॉकडाउन: संगमा

मेघालय कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए बंद को तीन मई के बाद भी राज्य में लागू रखना चाहता । राज्य के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फेंस के बाद सोमवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशव्यापी बंद समाप्त होने के बाद ग्रीन जोन और ऐसे जिलों में कुछ ढील दी जाएगी जो कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं हैं। संगमा ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की वीडियो कॉन्फ्रेंस में हमने मेघालय में लॉकडाउन को बढ़ाने की बात कही है।’’ मेघलय में संक्रमण के कुल 12 मामले हैं।

27 Apr, 20 02:05 PM

चिदंबरम ने म्यूचुअल फंड कंपनियों को विशेष नकदी की सुविधा की घोषणा का स्वागत किया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने म्यूचुअल फंड कंपनियों को 50,000 करोड़ रुपये की विशेष नकदी की सुविधा उपलब्ध कराने की भारतीय रिजर्व बैंक की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘मैं म्यूचुअल फंड के लिए 50,000 करोड़ रुपये की विशेष तरलता सुविधा की आरबीआई की घोषणा का स्वागत करता हूं। मुझे खुशी है कि आरबीआई ने दो दिन पहले व्यक्त की गई मेरी चिंताओं पर ध्यान दिया और त्वरित कार्रवाई की।’’ रिजर्व बैंक ने म्यूचुअल फंड कंपनियों को 50,000 करोड़ रुपये की विशेष नकदी सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है। रिजर्व बैंक की ओर से यह घोषणा फ्रैंकलिन टेम्पलटन म्यूचुअल फंड कंपनी के अपनी छह बांड योजनाओं को बंद करने के कुछ दिन बाद की गयी है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते पूंजी बाजार में उतार-चढ़ाव से म्यूचुअल फंड कंपनियों की नकदी हालत पर दबाव है।

27 Apr, 20 01:31 PM

कोरोना वायरस: उत्तराखंड में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 51 हुई

उत्तराखंड में एक और मरीज में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि होने से राज्य में इस महामारी से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है । यहां प्रदेश सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, रविवार देर रात आयी जांच रिपोर्ट में एक और मरीज में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। यह मरीज देहरादून जिले का है । राज्य में संक्रमित मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या देहरादून जिले में है, जहां इस समय 16 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। प्रदेश में इस रोग से पीड़ित 51 मरीजों में से अब तक 28 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं ।

27 Apr, 20 01:18 PM

आंध्र प्रदेश: कोरोना वायरस के 80 नए मामले, कुल संक्रमितों की संख्या 1,177 हुई

आंध्र प्रदेश के राजभवन में कोरोना वायरस संक्रमण के चार मामले सामने आए हैं। वहीं कुर्नूल जिले में एक सांसद के परिवार में छह लोगों के संक्रमित होने का पता चला है। राज्य में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के कुल 80 नए मामले सामने आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या सोमवार को 1,177 पर पहुंच गई। सरकारी स्वास्थ्य बुलेटिन में संक्रमितों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई केवल संक्रमितों की संख्या ही बताई गई है लेकिन एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के चार कर्मचारी भी संक्रमित हैं। वहीं एक स्थानीय समाचार पत्र ने एक सांसद को यह कहते हुए उद्धृत किया है कि उनके परिवार के छह सदस्य संक्रमित हैं जिनमें उनके 83 साल के पिता भी शामिल हैं। कृष्णा जिले में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं वहीं गुंटूर में 23 और कुर्नूल में 13 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमण से 31 लोगों की मौत हो चुकी है। चित्तूर और पश्चिमी गोदवारी जिले के अस्पतालों से चार मरीजों को छुट्टी दे गई है। राज्य में संक्रमण से मुक्त होकर 235 लोग अब तक घर जा चुके हैं।

टॅग्स :कोरोना वायरससीओवीआईडी-19 इंडियानरेंद्र मोदीदिल्ली में कोरोनामहाराष्ट्र में कोरोनामध्य प्रदेश में कोरोना
Open in App

संबंधित खबरें

भारतनारी शक्ति वंदन अधिनियमः 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित और 2029 के आम चुनाव में लागू?, लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

कारोबारजयपुर मेट्रो परियोजनाः 13038 करोड़ रुपये की लागत, 36 स्टेशन और प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किमी लंबा

भारतखरमास खत्म होने के बाद 15-16 अप्रैल को बिहार में नया मुख्यमंत्री?, सीएम नीतीश कुमार ने की अंतिम बार कैबिनेट की अध्यक्षता!, 10 अप्रैल को राज्यसभा में शपथ ग्रहण?

भारतपंजाब में अमित शाह का प्रतिभा खोज अभियान?, आरिफ मोहम्मद खान ढाका जाएंगे!

भारतबीजेपी 47वां स्थापना दिवस समारोहः करोड़ों कार्यकर्ता को बधाई, हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं?, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा-भावुक पोस्ट, वीडियो

भारत अधिक खबरें

भारतरेलवे में 8.85 प्रतिशत लोको पायलट ने लगातार 12 घंटे से अधिक काम किया?, रेलवे संघ ने कहा-46.96 प्रतिशत ने 9 घंटे शिफ्ट किए?

भारतपटना में महिलाएं-लड़कियां सरेआम पीती हैं सिगरेट, पुरुष खड़े होकर मुंह देखते रहते?, लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव बोले- बिहार में शराबबंदी पूरी तरह फेल

भारतमहाराष्ट्र लोक सेवा आयोग परिणाम: 624 अंक के साथ टॉप, सोलापुर के विजय नागनाथ लामका ने किया कारनामा?, 601 अंक लेकर आरती परमेश्वर जाधव ने महिला वर्ग में मारी बाजी?

भारतममता ने कहा- CRPF की 200 बटालियन आ रही, किचन से समान ले कर मारो?, अभिषेक कह रहे- भाजपा समर्थकों का हाथ-पैर तोड़ो, चुनाव आयोग के पास बीजेपी, वीडियो

भारतबिहार के अस्पतालों में डॉक्टर, रुई और सुई नहीं, कहीं दवा नहीं तो बेड नहीं?, तेजस्वी यादव बोले-अमंगल दोष से ग्रसित स्वास्थ्य विभाग