Aaj Ki Taja Khabar: यूपी में कोविड-19 से 81 और लोगों की मौत, मृतक संख्या 3843 हुई

By विनीत कुमार | Published: September 5, 2020 08:32 AM2020-09-05T08:32:47+5:302020-09-05T20:59:21+5:30

aaj ki taja khabar 5 september latest news in hindi aaj ka hindi samachar | Aaj Ki Taja Khabar: यूपी में कोविड-19 से 81 और लोगों की मौत, मृतक संख्या 3843 हुई

5 सितंबर: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें

देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 5 सितंबर के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 40 लाख के पार हो गए हैं। इसी के साथ भारत अब सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर ब्राजील से कुछ कदम ही पीछे रह गया है।

भारत में अब तक करीब 70 हजार लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। साथ ही 31 लाख के ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 40,23,179 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 8,46,395 है। दूसरी ओर 31,07,223 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 69,561 हो गई है। ये आंकड़े शनिवार (5 सितंबर) सुबह तक के हैं।

आज की अन्य खबरों की बात करें तो आज शिक्षक दिवस देश भर में मनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश 47 शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। हालांकि, कोरोना महामारी के कारण इस बार ये कार्यक्रम डिजिटल माध्यम से किया जायेगा। 

वहीं, बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में जारी जांच के बीच ड्रग्स एंगल भी आ गया है। इसी सिलसिले में मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने शुक्रवार को रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती सहित सैमुअल मिरांडा को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आज अदालत में पेश किया जाएगा। 
 
दूसरी ओर भारत और रूस की नौसेनाएं बंगाल की खाड़ी में आज सैन्य अभ्यास करेंगी। सुरक्षा के क्षेत्र में उभरती हुई चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों की नौसेनाओं की क्षमता को और विकसित करने के वास्ते यह अभ्यास किया जाएगा। ‘इंद्र नौसैनिक अभ्यास’ के तहत सतह और हवा में मौजूद लक्ष्यों को मार गिराने जैसे अनेक अभ्यास किए जाएंगे।

LIVE

Get Latest Updates

06:29 PM

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रूस से ईरान के लिये रवाना

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को मास्को से ईरान के लिये रवाना हो गए जहां वह अपने ईरानी समकक्ष से मुलाकात कर द्विपक्षीय रक्षा संबंधों पर चर्चा करेंगे। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने फारस की खाड़ी के देशों से अपने मतभेदों को परस्पर सम्मान के आधार पर बातचीत से सुलझाने का अनुरोध किया था। मास्को में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिये सिंह तीन दिवसीय रूस यात्रा पर थे।

02:25 PM

9 सितंबर तक के लिए हिरासत में शौविक

सुशांत सिंह मामला: मुंबई की अदालत ने शौविक चक्रवर्ती और सैमुअल मिरांडा को 9 सितंबर तक के लिए एनसीबी की हिरासत में भेजा।



 

02:08 PM

पुडुचेरी में कोविड-19 के 408 नए मामले

पुडुचेरी में कोविड-19 से पिछले 24 घंटे में 18 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इस खतरनाक वायरस की वजह से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 298 हो गई। वहीं, इस अवधि में कोरोना वायरस संक्रमण के 408 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16,566 हो गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक एस मोहन कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 1,437 नमूनों की जांच के बाद 408 नए मरीज सामने आए हैं। केंद्रशासित प्रदेश में 16,566 संक्रमितों में से अब 5,161 मरीजों का इलाज चल रहा है जबकि 11,107 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 433 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। संक्रमण से मृत्यु दर 1.8 फीसदी है और स्वस्थ होने की दर 67.05 फीसदी है। उन्होंने बताया कि 81,695 नमूनों की जांच अब तक हुई है, जिनमें से 63,545 लोगों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।

02:07 PM

लातेहार के टोरी रेलवे जंक्शन पर चल रहा ताना भगतों का धरना समाप्त

झारखंड के लातेहार जिले में चंदवा ब्लाक के टोरी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर महात्मा गांधी के अनुयायी आदिवासी ‘ताना भगतों’ द्वारा बुधवार को प्रारंभ अनिश्चितकालीन आर्थिक नाकेबंदी शुक्रवार देर रात दो बजे समाप्त हो गयी। ताना भगत भूमि कानूनों में अपने हितों के अनुसार बदलाव की मांग के साथ धरने पर बैठे थे। धनबाद रेल मंडल के प्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि ताना भगतों का टोरी जंक्शन पर चल रहा धरना शुक्रवार देर रात दो बजे समाप्त हो गया जिसके बाद बरकाकाना-बरवाडीह रेल खंड पर रेल यातायात बहाल हो गया है। शनिवार सुबह सवा चार बजे पहली मालगाड़ी टोरी से बीराटोली के लिए रवाना की गयी। मिश्रा ने बताया कि इस दौरान रेलवे को माल ढुलाई रुकने से लगभग साठ करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा।

01:45 PM

पुणे के अस्पताल में आग


महाराष्ट्र में पुणे के सरदार बल्लभभाई पटेल अस्पताल के ICU में आग लगने की खबर है। ये अस्पताल पुणे कैंटोनमेंट इलाके में है। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची हुई हैं। 



 

01:18 PM

तेलंगाना के वित्तमंत्री हरीश राव कोविड-19 से संक्रमित

तेलंगाना के वित्तमंत्री हरीश राव के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। राव ने शनिवार को खुद यह जानकारी दी। राव ने शनिवार को ट्वीट किया,‘‘कोविड-19 के प्रारम्भिक लक्षण दिखने पर मैंने जांच करवायी, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई है। मेरी तबियत ठीक है। मेरा निवेदन है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आये हैं, कृपया पृथक-वास में रहें और अपनी जांच करवा लें।’’ हरीश राव मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के भतीजे हैं। इससे पहले राज्य सरकार के दो और मंत्री कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं। फिलहाल वे उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।

01:17 PM

बिपिन कुमार ने नवी मुंबई के नए पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाला

रिष्ठ आईपीएस अधिकारी बिपिन कुमार सिंह ने नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वह संजय कुमार का स्थान लेंगे। कुमार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण और विशेष दस्ता) बनाया गया है। कार्यभार संभालने के एक दिन बाद शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया, ‘‘कई मुद्दे हैं, जिन्हें सुलझाने की जरुरत है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। लेकिन पूरा बल और जनता फिलहाल कोरोना वायरस महामारी से लड़ रही है।’’

12:02 PM

तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,511 नए मामले

तेलंगाना में कोरोना वायरस संक्रमण के 2,511 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद राज्य में शनिवार को संक्रमितों की कुल संख्या 1.38 लाख से अधिक हो गई। वहीं, 11 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 877 हो गई। एक सरकारी बुलेटिन में चार सिंतबर रात आठ बजे तक के आकंड़े जारी करते हुए शनिवार को बताया गया कि ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) क्षेत्र में सबसे ज्यादा 305 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद रंगारेड्डी में 184,नलगोंडा में 170 और करीमनगर में 150 नए मामले सामने आए हैं। बुलेटिन के अनुसार, अब तक कुल 1,04,603 लोग स्वस्थ हुए हैं और 32,915 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में चार सितंबर को 62,132 नमूनों की जांच हुई। वहीं, अब तक कुल 16.67 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है। राज्य में संक्रमण से मृत्य दर 0.63 फीसदी है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह 1.73 फीसदी है। वहीं, तेलंगाना में स्वस्थ होने की दर 75.5 फीसदी है।

12:02 PM

शिक्षक दिवस पर सम्मान


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शिक्षक दिवस के मौके पर शिक्षकों को सम्मानित किया। कोरोना के कारण डिजिटल माध्यम से आयोजित किए गए इस सम्मान समारोह में 47 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार दिया जा रहा है। इसमें 18 महिलाएं हैं।



 

11:59 AM

ओडिशा कोरोना अपडेट


ओडिशा में कोरोना के 4 सितंबर को 3543 नए मामले आए सामने, राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या अब  1,20,221 हो गई है। इसमें 90,331 लोग बीमारी से ठीक हुए हैं और एक्टिव केस 29,299 हैं। अब तक राज्य में कोरोना से 538 लोगों की मौत हुई है।



 

10:53 AM

प्रफुल्ल कुमार महंत अस्पताल में भर्ती

असम के पूर्व मुख्यमंत्री प्रफुल्ल कुमार महंत को गुवाहाटी में डाउन टाउन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें शुक्रवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया।



 

10:51 AM

राजस्थान कोरोना अपडेट

राजस्थान में कोरोना के 718 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब कुल केसों की संख्या 88,515 हो गई है। इसमें 71,990 लोग ठीक भी हो चुके हैं। वहीं, एक्टिव केस 15,409 है। अब तक राज्य में कोरोना से 1,116 लोगों की मौत हुई है।



 

10:35 AM

महाराष्ट्र के पालघर में भूकंप

महाराष्ट्र के पालघर जिले में कम तीव्रता वाले भूकंप के दो झटके महसूस किये गए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार देर रात करीब आधे घंटे के अंतराल पर यह झटके महसूस किए गए। पालघर जिला आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने कहा कि दहानु तहसील में शुक्रवार रात 11 बजकर 43 मिनट पर 4.0 तीव्रता का पहला भूकंप और तलसारी तहसील में रात 11.41 बजे 3.6 तीव्रता का भूकंप का दूसरा झटका महसूस किया गया। उन्होंने कहा कि भूकंप के कारण जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। कदम ने कहा, "दहानु और तलसारी के तहसीलदारों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने तहसीलों में सर्वेक्षण करें ताकि किसी प्रकार की क्षति का पता चल सके।" तलसारी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि लोग भूकंप के बाद अपने घरों से बाहर भागे और डर के कारण कुछ समय तक बाहर ही रहे।

10:12 AM

भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 40 लाख के पार

भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड संख्या में नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 86,432 नए मामले देश में दर्ज किए गए हैं। वहीं, इसी अवधि में 1089 लोगों की मौत भी कोरोना से हुई है। पूरी खबर पढ़ें

10:10 AM

पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन


जम्मू-कश्मीर के पुंछ में किरनी और देगवार सेक्टर के शाहपुर में LoC के पास पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन किया है। सुबह करीब 9.15 बजे पाकिस्तानी सेना की ओर से गोलीबारी की गई। साथ ही मोर्ट भी दागे दए। भारतीय सेना इसका मजबूती से जवाब दे रही है।



 

08:36 AM

पीएम मोदी ने दी शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं


पीएम नरेन्द्र मोदी ने शिक्षक दिवस के मौके पर ट्वीट कर शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने देशवासियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

08:34 AM

महाराष्ट्र में भूकंप


शनिवार की सुबह 6.36 बजे मुंबई से 98 किलोमीटर की दूरी पर उत्तर में भूकंप आया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.7 मापी गई है। वहीं, नासिक में भी रात बारह बजे के करीब दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए।



 

Web Title: aaj ki taja khabar 5 september latest news in hindi aaj ka hindi samachar

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे