Aaj Ki Taja Khabar: नीतीश कुमार शारीरिक और मानसिक रूप से थक चुके हैं, बिहार उनसे संभल नहीं रहा : तेजस्वी यादव
By विनीत कुमार | Updated: October 27, 2020 22:11 IST2020-10-27T09:24:20+5:302020-10-27T22:11:18+5:30

27 अक्टूबर: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 27 अक्टूबर के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 80 लाख के करीब हो गए हैं। भारत में अब तक एक लाख 19 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। राहत की बात ये है कि 72 लाख लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 79,46,429 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 6,25,857 है। दूसरी ओर 72,01,070 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 1,19,502 हो गई है। ये आंकड़े मंगलवार (27 अक्टूबर) सुबह तक के हैं।
आज की अन्य खबरों की बात करें तो बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार अभियान थम गया है। कल पहले चरण का मतदान है।
दूसरी ओर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपनी सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल ‘पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि स्कीम’ के तहत उत्तर प्रदेश के लाभार्थियों के साथ वर्चुअल संवाद करेंगे।
वहीं, उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक दलित युवती के साथ रेप और फिर उसकी मौत की घटना को लेकर सुप्रीम कोर्ट आज अहम फैसला सुना सकता है। कोर्ट दरअसल उस याचिका पर फैसला सुनाएगा जिसमें इस घटना की जांच के लिए एसआईटी के गठन की मांग की गई है। याचिका में मांग की गई है कि इस एसआईटी में सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा और रिटायर्ड जजों को शामिल किया जाए। इस याचिका में मामले को दिल्ली स्थानांतरित कराने का भी अनुरोध किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सतर्कता एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
खेलों की बात करें तो आईपीएल में आज सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अहम मुकाबला खेला जाना है। दिल्ली कैपिटल्स सीजन में 8वीं जीत के साथ प्लेऑप में अपना स्थान सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी। प्वाइंट टेबल में दूसरे स्थान पर अभी काबिज दिल्ली के ये सीजन बेहद शानदार रहा है। वहीं हैदराबाद के 11 मैचों से 8 अंक हैं। टीम फिलहाल प्वाइंट टेबल में सातवें स्थान पर है।
27 Oct, 20 : 10:11 PM
15 साल से नीतीश कुमार जी बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। काम के नाम पर उनके पास बताने को कुछ नहीं बचा। आज कल हम उन्हें देख रहे हैं, वो शारीरिक रूप से और मानसिक रूप से थक चुके हैं। ये साबित होता है कि बिहार उनसे संभल नहीं रहा : तेजस्वी यादव, राजद
27 Oct, 20 : 09:32 PM
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को 452 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 92,677 हो गई है। इसके अलावा बीते 24 घंटे में कोविड-19 से सात रोगियों की मौत के बाद मृतकों की संख्या 1,451 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नए मामलों में से 194 मामले जम्मू से जबकि 258 मामले कश्मीर घाटी से सामने आए हैं। अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर जिले में सर्वाधिक 118 मामले जबकि जम्मू जिले में 109 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अब भी 6,990 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं और उनका उपचार जारी है जबकि 84,236 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं। इस बीच, बीते 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर में सात लोगों की मौत हुई है। इनमें से चार मौत जम्मू में जबकि तीन मौत कश्मीर में हुई हैं।
27 Oct, 20 : 09:06 PM
दिल्ली के पीएम 2.5 प्रदूषण में पराली जलाए जाने की हिस्सेदारी मंगलवार को बढ़कर 23 प्रतिशत हो गई, जोकि इस मौसम की सर्वाधिक है। वायु गुणवत्ता पर निगरानी रखने वाली केन्द्र सरकार की एजेंसी 'सफर' ने यह जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया कि सोमवार को यह 16 प्रतिशत जबकि रविवार को 19 प्रतिशत थी। सफर ने कहा कि पड़ोसी राज्यों में पराली जलाए जाने के मामलों की संख्या सोमवार को 1,943 रही, जो इस सीजन में सबसे अधिक है। एजेंसी ने कहा, ''दिल्ली में पीएम 2.5 कणों की सघनता में पराली जलाए जाने की हिस्सेदारी मंगलवार को 23 प्रतिशत थी।'' बहरहाल सफर ने कहा कि हवा की रफ्तार बढ़ने से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर है और इसकी अधिकतम गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा है। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
27 Oct, 20 : 08:57 PM
राष्ट्रवादी कांगेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने मंगलवार को कहा कि वह नासिक में प्याज उत्पादकों से मुलाकात करेंगे जहां कृषि उत्पाद बाजार समितियों (एपीएमसी) में नीलामी, केंद्र द्वारा लागू भंडारण सीमा के विरोध में निलंबित कर दी गयी। कारोबारियों ने किसानों से प्याज खरीदने से इनकार कर दिया और जिले में 15 एपीएमसी तथा चार उप-समितियों में नीलामी सोमवार को बंद रही। पवार ने वसंतदादा चीनी संस्थान में एक सभा से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं बुधवार को नासिक जा रहा हूं। मैं प्याज उत्पादकों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करुंगा और विषय को समझने का प्रयास करुंगा।’’ उन्होंने कहा कि प्याज के मुद्दे पर केंद्र का रुख निर्यात का विरोध करने, आयात का समर्थन करने और भंडारण सीमित करने का रहा है और यह किसानों के हित में नहीं है।
27 Oct, 20 : 08:57 PM
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में वन विभाग ने मंगलवार को पिछले 21 महीनों में कम से कम आठ लोगों को मार डालने वाले एक आदमखोर बाघ को पकड़ लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। चंद्रपुर क्षेत्र के मुख्य वन संरक्षक एन आर प्रवीण ने बताया कि चंद्रपुर क्षेत्र के मध्य चंदा डिवीजन के अंतर्गत रजुरा वन विभाग ने आरटी-1 नाम के बाघ को पकड़ा। उन्होंने कहा,यह बाघ जनवरी 2019 से अब तक आठ लोगों और 25 मवेशियों को मार चुका है। अधिकारी ने कहा, ‘‘खंड संख्या 179 में रेलवे पुल के नीचे बाघ को पकड़ने के लिए एक विशेष जाल लगाया गया था। विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंची और जानवर को ट्रैंक्वालाइजर देकर बेहोश कर दिया।
27 Oct, 20 : 08:45 PM
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार जिलों में रहने वाले राजबंशी समुदाय एवं अन्य धर्मों के लोगों को भंडानी पूजा के मौके पर बधाई दी । ये तीनों जिले राज्य के उत्तरी भाग में हैं। बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘ एक त्योहार बीतता है कि दूसरा शुरू हो जाता है। मैं जलपाईगुड़ी, कूच बिहार और अलीपुरद्वार जिलों में रहने वाले राजबंशी समुदाय एवं अन्य धर्मों के लोगों को समृद्धि की देवी भंडानी की पूजा के मौके पर बधाई देती हूं। ’’ विजयादशमी के अगले दिन तीन दिवसीय भंडानी पूजा प्रारंभ होता है जिसे राजबंशियों के उत्सव के रूप में जाना जाता है। किवदंती है कि अपने माता-पिता के यहां कुछ दिन तक रूकने के बाद कैलाश लौटते वक्त देवी दुर्गा को उत्तर बंगाल में तीस्ता और तोरसा नदियों को पार करना पड़ा था। वहां स्थानीय लोगों को मुश्किल स्थिति में पाकर उन्होंने उनसे उनकी देवी भंडानी के रूप में पूजा करने को कहा था।
27 Oct, 20 : 08:32 PM
सीकर में नए राजकीय मेडिकल कॉलेज को मंजूरी तथा तीन मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने की अनुमति से राज्य में एमबीबीएस पाठ्यक्रम की सीटों में 230 की बढ़ोतरी हुई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग ने सीकर के श्रीकल्याण राजकीय मेडिकल कॉलेज को सत्र 2020-21 में शुरू करने तथा अजमेर व उदयपुर में एमबीबीएस की 50-50 तथा बाड़मेर में 30 सीटें बढ़ाने को मंजूरी दी है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि इस स्वीकृति से राज्य में एमबीबीएस की कुल सीटों में 230 सीटों की वृद्धि हुई है। गत वर्ष कुल 650 सीटों की वृद्धि हुई थी। इस प्रकार गत दो साल में राज्य में एमबीबीएस की 880 सीटें बढ़ी हैं। चिकित्सा शिक्षा विभाग के शासन सचिव वैभव गेलरिया ने बताया की वर्ष 2018 में राज्य में एमबीबीएस की कुल 1950 सीटें थीं जो बढ़कर अब 2830 हो गई हैं। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर में मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिलने पर खुशी जताई है। डोटासरा ने ट्वीट किया, ‘‘बहुप्रतीक्षित सीकर मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग की अनुमति मिल गई है। यह राज्य की कांग्रेस सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का ही नतीजा है कि सीकरवासियों को उनका हक़, उनका मेडिकल कॉलेज मिला है।’’
27 Oct, 20 : 08:21 PM
जयपुर हैरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर नगर निगम चुनाव के लिए 29 अक्टूबर को होने वाले पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार मंगलवार शाम थम गया। चुनाव आयुक्त पीएस मेहरा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 250 वार्डों के 1,503 मतदान केंद्रों पर 16 ,54,547 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इन तीनों नगर निगमों के लिए मतदान 29 अक्टूबर को होगा जबकि मतगणना तीन नवंबर को प्रातः 9 बजे से होगी। मेहरा ने प्रत्याशियों से जनसंपर्क करने के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। दूसरे चरण का मतदान एक नवंबर को होना है।
27 Oct, 20 : 08:21 PM
पंजाब कांग्रेस के विधायक सुशील रिंकू मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हो गए। विधायक जिस कार से जा रहे थे वह एक ट्रैक्टर से टकरा गयी। पुलिस ने बताया कि घटना नवांशहर-चंडीगढ़ रोड पर जडला के पास हुई । विधायक घटना के वक्त जालंधर से चंडीगढ़ जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि जडला की तरफ जा रहे धान लदे ट्रेक्टर टॉली से कार टकरा गयी। उन्होंने बताया कि जालंधर (पश्चिम) सीट से विधायक रिंकू मामूली रूप से घायल हो गए और उन्होंने निजी अस्पताल में उपचार कराया। विधायक के सुरक्षा गार्ड और कार ड्राइवर को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि विधायक का रसोइया भी वाहन में था लेकिन उसे कोई चोट नहीं पहुंची ।
27 Oct, 20 : 07:03 PM
पिथौरागढ़ जिले में एक सड़क निर्माण स्थल पर एक ट्रक पर भारी पत्थर गिरने से उसमें सवार दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी। उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने बताया कि ट्रक सोमवार शाम ‘ऑल वेदर’ सड़क परियोजना स्थल पर कच्चा माल ला रहा था कि तभी गुरना मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने लगे और वाहन इनकी चपेट में आ गया। हादसे में ट्रक का चालक और क्लीनर की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल के कर्मियों ने सोमवार देर शाम दोनों मृतकों के शव मलबे के अंदर से निकाल लिए। मृतकों की पहचान चालक नवीन कुमार (25) और क्लीनर सूरज कुमार (20) के रूप में हुई है।
27 Oct, 20 : 06:19 PM
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को त्रिपुरा में 2,752 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नौ राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गयी। गडकरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) के उन्नयन और विकास से सभी जिलों व प्रमुख शहरों के लिये संपर्क (कनेक्टिविटी) में सुधार होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘गडकरी ने आज त्रिपुरा में लगभग 262 किलोमीटर की कुल 2,752 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी।’’ इस अवसर पर गडकरी ने कहा कि त्रिपुरा में पिछले छह वर्षों में लगभग 300 किमी राजमार्ग जोड़े गए हैं, जिससे राज्य में राजमार्गों की मौजूदा लंबाई 850 किमी से अधिक हो गयी है। उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में 8,000 करोड़ रुपये की सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। राज्य में 2015 और 2020 के बीच भूमि अधिग्रहण को लेकर 365 करोड़ रुपये का वितरण किया गया है। गडकरी ने कहा कि दो महत्वपूर्ण परियोजनाएं - फेनी ब्रिज और उदयपुर-अगरतला सड़क राज्य में जल्द ही पूरी हो जाएंगी। 750 करोड़ रुपये की 49 किलोमीटर की उदयपुर-अगरतला सड़क अगले महीने पूरी हो जाएगी, जबकि भारत की तरफ सेब्रंग और रामगढ़ के बीच 129 करोड़ रुपये की लागत से 1.8 किलोमीटर लंबा फेनी ब्रिज इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल सामाजिक, आर्थिक और रक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है। सब्रम और चटगांव के बीच की दूरी 75 किमी है।
27 Oct, 20 : 05:59 PM
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक विश्वविद्यालय की छात्रा के साथ उसके सहपाठी और उसके तीन दोस्तों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। फैसलाबाद के गवर्नमेंट कॉलेज (जीसी) विश्वविद्यालय की छात्रा ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया है कि 23 अक्टूबर को शाहिद अली नाम के उसके सहपाठी ने उसे पैगंबर मोहम्मद की जयंती के अवसर पर एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर चिनियट में अपने गांव चलने के लिए कहा । उसने आरोप लगाया कि जब वे चिनियट पहुंचे तो शाहिद उसे बंदूक दिखा कर सुनसान जगह पर ले गया और अपने तीन अन्य दोस्तों इमरान, रियाज और तसावर के साथ मिलकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया । पुलिस ने कहा कि लड़की की चिकित्सकीय जांच में बलात्कार की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पंजाब पुलिस महानिरीक्षक इनम गनी ने घटना पर संज्ञान लिया है और फैसलाबाद क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी (आरपीओ) को अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
27 Oct, 20 : 05:40 PM
महाराष्ट्र के पुणे शहर के एक पुलिस थाने में कार्यवाही के दौरान बातचीत की रिकॉर्डिंग करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ शासकीय गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक कैलाश चव्हाण और तुषार चव्हाण देहू रोड थाने गए थे। उनके खिलाफ दर्ज एक मामले में कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के लिए उन्हें सोमवार को थाने बुलाया गया था। देहू रोड पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि कार्यवाही के दौरान उन दोनों में से एक ने कथित तौर पर अपने फोन पर बातचीत रिकॉर्ड की और ऐसा करते हुए एक पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ लिया । उन्होंने कहा कि फोन की जांच करने पर पता चला कि संदिग्ध ने गलत इरादों से कार्यवाही रिकॉर्ड की थी । अधिकारी ने कहा कि दोनों के खिलाफ शासकीय गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है और इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।
27 Oct, 20 : 04:53 PM
उच्चतम न्यायालय में न्यायमूर्ति का पद आधिकारिक तौर पर ग्रहण करने के लिए एमी कॉनी बैरट ने दो शपथों में से पहली ग्रहण की। न्यायमूर्ति क्लैरेंस थॉमस ने व्हाइट हाउस के एक समारोह में बैरेट को संवैधानिक शपथ दिलाई। इससे पहले सीनेट ने 48 के मुकाबले 52 वोट देकर बैरट की उच्चतम न्यायालय में न्यायमूर्ति पद पर नियुक्ति की पुष्टि की थी। न्यायाधीश रूथ बदर गिन्सबर्ग के सितम्बर में निधन के बाद यह पद खाली हुआ था। प्रधान न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स मंगलवार को अदालत में एक निजी समारोह में संघीय अपील अदालत की पूर्व न्यायाधीश बैरट को दूसरी शपथ दिलाएंगे, जिसे न्यायिक शपथ कहा जाता है।
27 Oct, 20 : 04:37 PM
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ और रक्षा मंत्री मार्क टी एस्पर ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। विदेश मंत्री एस जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभल और भारत में अमेरिका के राजदूत केन जस्टर भी इस दौरान उपस्थित थे। इससे पहले जयशंकर और सिंह ने पोम्पिओ और एस्पर के साथ तीसरे चरण की ‘टू प्लस टू’ वार्ता की। भारत और अमेरिका ने एक महत्वपूर्ण रक्षा समझौता किया जिससे अत्याधुनिक सैन्य प्रौद्योगिकी, उपग्रह के गोपनीय डाटा और दोनों देशों के बीच अहम सूचना साझा करने की अनुमति होगी। ‘टू प्लस टू’ वार्ता के दौरान ‘बेसिक एक्सचेंज एंड को-ऑपरेशन एग्रीमेंट’(बीईसीए) पर दोनों रणनीतिक भागीदारों के बीच संधि ने द्विपक्षीय रक्षा और सैन्य संबंधों को आगे और प्रगाढ़ करने का संकेत दिया है । यह समझौता ऐसे वक्त हुआ है जब पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ भारत का गतिरोध चल रहा है। ‘टू प्लस टू’ वार्ता में दोनों पक्षों ने दोनों देशों के बीच पहले से कायम करीबी संबंधों को आगे और घनिष्ठ करने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आपसी हितों के व्यापक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
27 Oct, 20 : 04:34 PM
उत्तराखंड की एकमात्र राज्यसभा सीट पर आगामी नौ नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेश बंसल ने नामांकन दाखिल किया। विधानसभा सचिवालय में बंसल के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश पार्टी अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री मदन कौशिक तथा कई विधायक मौजूद रहे। नामांकन के बाद, बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा पूरे संसदीय बोर्ड का आभार व्यक्त किया। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने सोमवार को बंसल के नाम की घोषणा की थी। प्रदेश में 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष बंसल को उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है। भाजपा में आने से पहले वह लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। कांग्रेस नेता राज बब्बर का 25 नवंबर को कार्यकाल पूरा होने से खाली हो रही राज्यसभा सीट पर नौ नवंबर को चुनाव हो रहा है। राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास 57 विधायक हैं और इसे देखते हुए इस सीट पर बंसल का चुना जाना तय माना जा रहा है।
27 Oct, 20 : 03:30 PM
पीस पार्टी के अध्यक्ष डॉक्टर अयूब ने कहा कि न्यायाधीशों की तीन सदस्यीय सलाहकार समिति ने रासुका हटाकर उनकी रिहाई का मार्ग प्रशस्त किया जो विजयादशमी पर सांप्रदायिक शक्तियों के मुंह पर करारा तमाचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांप्रदायिक शक्तियों ने एक षड्यंत्र के तहत उन्हें जेल भिजवाकर उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई कराई। अयूब ने मंगलवार को पीटीआई-भाषा से कहा कि उन्हें त्याग और बलिदान के त्योहार ईद-उल-अजहा के एक दिन पूर्व गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, लेकिन विजयादशमी के अवसर पर उनकी रिहाई सांप्रदायिक शक्तियों के मुंह पर करारा तमाचा है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। अयूब ने कहा, ‘‘राजनीतिक रूप से पीस पार्टी एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के रूप में सामने है और हम किसी भी अत्याचार से भयभीत होने वाले नहीं हैं।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘सांप्रदायिकतावादी’’ सत्ता को जरा भी शर्म है तो त्यागपत्र देकर जनता के आक्रोश का सामना करे।
27 Oct, 20 : 03:08 PM
गोवा में 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और समान विचार वाले दलों के साथ गठबंधन के बारे में विचार करेगी । पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी । पटेल ने कहा कि पार्टी अकेले प्रदेश की सभी 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की स्थिति में होगी और गठबंधन की स्थिति में सीटों के बंटवारे पर बाद में चर्चा की जायेगी । कांग्रेस के साथ गठबंधन से इंकार करते हुये पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राकांपा समान विचारधारा वाले दलों के साथ मिल कर गोवा में अगली सरकार बनाने की स्थिति में होगी और पार्टी, लोगों को कांग्रेस और भाजपा का विकल्प मुहैया करायेगी।
27 Oct, 20 : 02:16 PM
भारत और यूनाइटेड स्टेट्स ने बुनियादी विनिमय और सहयोग समझौते (BECA) पर हस्ताक्षर किया। रक्षा मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव जीवेश नंदन ने भारत की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किया।
27 Oct, 20 : 02:12 PM
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को ‘‘इंफेंट्री दिवस’’ पर सैनिकों को बधाई देते हुए कहा कि भारत को देश की सुरक्षा में पैदल सैन्य टुकड़ी के योगदान पर गर्व है और उनकी बहादुरी लाखों लोगों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘इंफेंट्री दिवस के विशेष अवसर पर मैं सभी रैंक के पैदल टुकड़ी के बहादुर सैनिकों को बधाई देता हूं। देश की सुरक्षा में हमारी पैदल टुकड़ी के योगदान पर भारत को गर्व है। उनकी बहादुरी लाखों लोगों को प्रेरित करती रहेगी।’’ पैदल सैन्य टुकड़ी (इंफेंट्री) भारतीय सशस्त्र बलों का एक अहम अंग है। देश की सुरक्षा में इसका अहम योगदान है। इसके योगदानों और गौरवशाली इतिहास को याद करने के लिए हर साल 27 अक्टूबर को ‘‘इंफेंट्री दिवस’’ का आयोजन होता है।
27 Oct, 20 : 02:07 PM
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गाजियाबाद, फरीदाबाद और गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार सुबह वायु गुणवत्ता बेहद खराब रही और प्रदूषित हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी एवं आंखों में जलन की शिकायत हुई। नोएडा क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गौतम बुद्ध नगर जिले में 351, फरीदाबाद में 318 और गाजियाबाद में 330 और दिल्ली में 332 दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ में एक्यूआई 342, बागपत में 304, बहादुरगढ़ में 332 और गुरूग्राम में 327 दर्ज किया गया। बुलंदशहर में एक्यूआई 351 दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
27 Oct, 20 : 01:53 PM
पूर्वी अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत में एक पुलिस अड्डे पर मंगलवार को तालिबान आतंकवादियों ने समन्वित हमला किया, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। अफगान अधिकारियों ने यह जानकारी दी। खोस्त के प्रांतीय स्वास्थ्य निदेशक हबीब शाह अंसारी ने कहा कि अब तक तीन शव और लगभग 30 घायल अस्पताल लाए गए, जिसमें सैनिक और असैन्य नागरिक दोनों शामिल हैं। खोस्त में यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पहली बार दोनों पक्षों के बीच कतर में शांति वार्ता हुई है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता तारिक अरन ने कहा कि एक पुलिस विशेष बल के एक अड्डे के पास मंगलवार सुबह विस्फोटकों से भरे एक वाहन के जरिए विस्फोट किया गया।
27 Oct, 20 : 01:52 PM
बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में सरकारी सस्ते-गल्ले की दुकान के आवंटन के दौरान पिछले दिनों हुए बहुचर्चित हत्याकांड के दो और आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। रेवती थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि दुर्जनपुर हत्याकांड के नामजद आरोपी प्रयाग सिंह और प्रयास सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 15 अक्टूबर को दुर्जनपुर गांव में पुअधिकारियों की मौजूदगी में सरकारी दुकान के आवंटन के दौरान दो पक्षों में विवाद में 46 वर्षीय जयप्रकाश पाल की हत्या कर दी गई। पाल के परिजन ने हत्या के इस मामले में स्थानीय भाजपा नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह समेत कई लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया। मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह समेत 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
27 Oct, 20 : 01:13 PM
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में मंगलवार सुबह 3.3 तीव्रता का भूकंप आया। इस भूकंप के झटके पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नागपुर में भी महसूस किये गये। फिलहाल भूकंप से किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई सूचना नहीं है। भारत मौसम विज्ञान केन्द्र (आईएमडी) भोपाल केन्द्र के वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि भूकंप सुबह 4.10 बजे आया तथा इसका केन्द्र सिवनी में जमीन के 15 किलोमीटर अंदर था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिवनी के उप नगर डूंडा और अन्य इलाकों में सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस करने पर कुछ लोग घरो से बाहर निकल आये। आईएमडी नागपुर के एक अधिकारी ने बताया कि सिवनी से लगभग 96 किलोमीटर दूर स्थित नागपुर में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये।
27 Oct, 20 : 12:46 PM
हाथरस मामले पर सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने हाथरस मामले की जांच के संबंध में कहा है कि इलाहाबाद हाई कोर्ट सीबीआई जांच की निगरानी करेगी। मामले को दिल्ली स्थानांतरित करने के मामले पर कोर्ट ने कहा कि पहले सीबीआई जांच को पूरा करे, इस बारे में बाद में फैसला किया जाएगा।
Supreme Court says Allahabad High Court will monitor the CBI probe into Hathras alleged gang-rape case.
— ANI (@ANI) October 27, 2020
A 3-judge bench headed by CJI SA Bobde says so far as transfer of Hathras case to Delhi is concerned, it is appropriate for CBI to conclude probe & it will be decided later pic.twitter.com/Nr2GoW1Ysu
27 Oct, 20 : 12:03 PM
भारत और अमेरिका के बीच 2+2 वार्ता
भारत और अमेरिका के बीच 2+2 वार्ता आज जारी है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो, रक्षा मंत्री मार्क एस्पर इस वार्ता के लिए दिल्ली आए हैं। दिल्ली के हैदराबाद हाउस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज सुबह इनका स्वागत किया। फिलहाल बैठक जारी है। इनमें अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं। अजीत डोभाल ने भी साउथ ब्लॉक में माइक पोम्पियो और मार्क एस्पर के साथ बैठक की।
Both sides highlighted the need to take forward shared objectives and build capabilities across all domains so as to ensure a safe, stable and rule-based regional and global security environment, say sources. https://t.co/kKyaPRDscB
— ANI (@ANI) October 27, 2020
27 Oct, 20 : 11:48 AM
अंडमान एवं निकोबार कोरोना अपडेट
अंडमान एवं निकोबार में कोविड-19 के कम से कम आठ नए मामले सामने आने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमण के मामले बढ़कर 4,253 हो गए। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,997 हो गई है। अब तक 58 लोगों की यहां वायरस से मौत हो चुकी है।
27 Oct, 20 : 11:47 AM
मुझे जमूरा कहना मतलब पीएम का अपमान: चिराग पासवान
जेडीयू नेता संजय झा द्वारा जमूरा कहे जाने पर चिराग पासवान ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, मुझे जमूरा कह कर ये लोग पीएम मोदी का अपमान कर रहे हैं। मुझे जेल भेजिए और मेरे फिल्म की जांच कीजिए। मेरी फिल्म 2011 में बनी थी। तब सीएम ने पिछले 9 साल से मेरे खिलाफ कोई कदम क्यों नहीं उठाया।
They are insulting PM Modi as they've been saying that this 'Jamura' is dancing on his tunes. Send me to jail & get my film probed. My film was made in 2011, why CM didn't act against me for the past 9 years then: LJP President Chirag Paswan on JD(U) leader Sanjay Jha's remarks https://t.co/ZT1zBybpg2pic.twitter.com/VMe2geEwUu
— ANI (@ANI) October 27, 2020
27 Oct, 20 : 10:48 AM
तेलंगाना में कोविड-19 के 837 नए मामले
तेलंगाना में कोविड-19 के 837 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमण के मामले मामले बढ़कर 2,32,671 हो गए। वहीं चार और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,315 हो गई। तेलंगाना में अभी 17,890 मरीजों का इलाज जारी है। यहां मरीजों के ठीक होने की दर 91.14 प्रतिशत और कोविड-19 से मृत्यु दर 0.56 प्रतिशत है।
27 Oct, 20 : 09:32 AM
बिहार चुनाव: सोनिया गांधी ने साधा निशाना
बिहार चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पहले सोनिया गांधी ने कहा- 'अहंकार में डूबी बिहार की मौजूदा सरकार अपने रास्ते से भटक गई है। ना वो अच्छा बोल रहे हैं और न कर रहे हैं। मजदूरों को कोई मदद नहीं मिल रही है, किसान बेचैन हैं और युवक निराश हैं। जनता कांग्रेस महागठबंधन के साथ है और यही आज बिहार की मांग है।'
High on power & its ego, current Bihar govt has deviated from its path. Neither their saying nor doing is good. Labourers are helpless, farmers are anxious & youth are disappointed. Public is with Congress Mahagatbandhan & it is the call of Bihar: Congress President Sonia Gandhi pic.twitter.com/xhssdtljeF
— ANI (@ANI) October 27, 2020
27 Oct, 20 : 09:25 AM
जम्मू-कश्मीर: आतंकी का सरेंडर
जम्मू-कश्मीर: पुलवामा के गुलशनपुरा के रहने वाले एक आतंकी ने सोमवार को सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। वह बीते 25 सितंबर से फरार था। उसके पास से एक AK राइफल बरामद किया गया है।
#WATCH | Jammu and Kashmir: One terrorist, resident of Gulshanpura, Pulwama, absconding since 25th September this year, surrendered before security forces yesterday. One AK rifle recovered. pic.twitter.com/S7DfWjnN5f
— ANI (@ANI) October 27, 2020