Aaj Ki Taja Khabar: पंजाब में जहरीली शराब पीने से अब तक 98 लोगों की मौत, अमित शाह हुए कोरोना पॉजिटिव
By रामदीप मिश्रा | Updated: August 2, 2020 21:34 IST2020-08-02T07:25:33+5:302020-08-02T21:34:43+5:30

कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
श में कोविड-19 के एक दिन में 54,735 मामले सामने आने के बाद रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले 17 लाख के पार पहुंच गए जबकि स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या भी 11 लाख से ऊपर हो गई है। इससे महज दो दिन पहले ही देश में संक्रमण के मामलों ने 16 लाख का आंकड़ा पार किया था।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सुबह आठ बजे तक अद्यतन डेटा के मुताबिक कोरोना वायरस के कुल मामले बढ़कर 17,50,723 हो गए जबकि बीमारी से एक दिन में 853 और लोगों के दम तोड़ने के बाद कोविड-19 के कारण मरने वालों की संख्या 37,364 हो गई है। वहीं, संक्रमण से स्वस्थ होने वालों की संख्या भी बढ़कर 11,45,629 हो गई है जबकि देश में 5,67,730 लोग अब भी संक्रमण की चपेट में हैं और उनका इलाज चल रहा है।
डेटा के मुताबिक कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 65.44 प्रतिशत हो गई है जबकि मृत्यु दर घटकर 2.13 प्रतिशत रह गई है। संक्रमण के कुल मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। यह लगातार चौथा दिन है जब देश में कोविड-19 के 50,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, एक अगस्त तक कुल 1,98,21,831 नमूनों की जांच की गई है जिनमें से 4,63,172 नमूनों की जांच शनिवार को की गई।
02 Aug, 20 : 08:07 PM
पंजाब में जहरीली शराब पीने से अब तक 98 लोगों की मौत
पंजाब के जहरीली शराब कांड में अब तक 98 लोगों की मौत हो चुकी है और बच गए लोगों में से कई ने आंखों की रोशनी प्रभावित होने की शिकायत की है। इस घटना में बच गये लोगों में से एक तिलक राज नामक व्यक्ति का कहना है कि जहरीली शराब पीने के बाद वह ठीक से नहीं देख पा रहा है। यह त्रासदी बुधवार शाम को शुरू हो गयी थी। जहरीली शराब के कारण तरणतारण में 75, अमृतसर में 12 और गुरदासपुर के बटाला में 11 लोगों की जान चली गयी।
02 Aug, 20 : 06:15 PM
यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पाए गए कोरोना पॉजिटिव
उत्तर प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।
02 Aug, 20 : 05:34 PM
कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद अमिताभ बच्चन अस्पताल से डिस्चार्ज
कोरोना के कारण अस्पताल में भर्ती अमिताभ बच्चन को रविवार को छुट्टी दे दी गई है। अमिताभ की लेटेस्ट कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बिग बी के बेटे अभिषेक बच्चन ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। अभिषेक ने अपने पिता को लेकर ट्वीट पर फैंस के साथ अपने इमोशनस को शेयर किया।
🙏🏽 my father, thankfully, has tested negative on his latest Covid-19 test and has been discharged from the hospital. He will now be at home and rest. Thank you all for all your prayers and wishes for him. 🙏🏽
— Abhishek Bachchan (@juniorbachchan) August 2, 2020
02 Aug, 20 : 05:33 PM
गृह मंत्री अमित शाह हुए कोरोना पॉजिटिव
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। अमित शाह ने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने तबीयत सही नहीं लगने पर डॉक्टरों की सलाह पर कोरोना जांच करवाया रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए।
कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।
— Amit Shah (@AmitShah) August 2, 2020
02 Aug, 20 : 04:40 PM
दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 961 नए मामले
दिल्ली में अब तक कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4,004 है। पिछले 24 घंटे में 961 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, दिल्ली में कोरोना संक्रमण से एक दिन में 1186 लोग ठीक हो गए। राजधानी में आंकड़ा बढ़कर 1,37,677 हो गया है और अब तक 1,23317 लोग ठीक भी हो चुके हैं। इसके अलावा बता दें कि दिल्ली में 4004 लोगों की मौत हो चुकी है और इस समय 10,256 ऐक्टिव केस हैं।
4289 RTPCR/CBNAAT/TrueNat tests and 8441 Rapid antigen tests conducted today. 10,63,669 tests conducted so far: Government of Delhi https://t.co/KYPosaEU2X
— ANI (@ANI) August 2, 2020
02 Aug, 20 : 01:07 PM
तेलंगाना सरकार ने कहा कि तेलंगाना में 1891 नए कोरोना मामले सामने आए। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 66,677 हो गई है। राज्य में 18547 सक्रिय मामले और 47,590 रिकवरी मामले हैं। कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 540 है।
02 Aug, 20 : 09:22 AM
हिमाचल प्रदेश में शनिवार को सेना के एक जवान सहित 70 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के नये मामले सामने आये, जिससे प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 2,635 हो गयी है । एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी । स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आर डी धीमान ने बताया कि नये मामलों में से 15 मामले सिरमौर, 11 बिलासपुर से, 10 उना से, नौ सोलन से, आठ मामले कांगड़ा,सात मंडी से, चार चंबा से, तीन शिमला से, दो कुल्लू और हमीरपुर में एक मामला सामने आया। धीमान ने बताया कि प्रदेश में इस वायरस के संक्रमण से 43 मरीज ठीक हुये हैं । इनमें से सोलन के 32, शिमला में पांच, मंडी के तीन, बिलासपुर, कूल्लू और कांगड़ा के एक-एक मरीज हैं । उन्होंने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के संक्रमण से 13 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 1502 व्यक्ति इससे ठीक हो चुके हैं और 15 मरीज दूसरे राज्यों में जा चुके हैं । अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अभी 1103 मरीजों का उपचार चल रहा है।
02 Aug, 20 : 07:26 AM
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा कि कोविड-19 के उपचार करा रहे रोगियों की संख्या के मामले में राष्ट्रीय राजधानी का स्थान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 12वां है। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हालांकि लोगों को अब भी बहुत सतर्कता बरतनी होगी और उन्हें सामाजिक दूरी तथा हाथ साफ करने के नियमों का पालन करना चाहिए।’’ जैन ने कहा, ‘‘दिल्ली अब देश में 12वें स्थान पर है। डेढ़ महीने पहले वह दूसरे स्थान पर थी। दिल्ली में अब (शुक्रवार तक) उपचाराधीन संक्रमितों की संख्या 10,705 है।’’ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 25 जुलाई को कहा था कि इलाज करा रहे संक्रमितों की संख्या के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान से सुधरकर आठवें स्थान पर पहुंच गयी है। जैन ने शनिवार को कहा कि ‘‘दिल्ली में संक्रमण के मामलों के दोगुने होने की दर इस समय करीब 50 दिन है जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह औसत संभवत: 32 दिन है।’’
02 Aug, 20 : 07:26 AM
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 70 प्रतिशत से अधिक मौतें अन्य गंभीर बीमारियों के कारण हुई हैं। मंत्रालय ने कहा कि हमारे आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के डेटा के साथ पुनर्मिलान किया जा रहा है।
02 Aug, 20 : 07:26 AM
छत्तीसगढ़ में 53, पुडुचेरी में 49, गोवा में 45, त्रिपुरा में 21, चंडीगढ़ में 15, हिमाचल प्रदेश में 14, लद्दाख में सात, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में पांच-पांच, अरुणाचल प्रदेश में तीन, दादरा और नागर हवेली और दमन एवं दीव में दो-दो तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।
02 Aug, 20 : 07:26 AM
कोरोना से मौतें
अब तक कुल हुई 36,511 मौत में से सबसे अधिक 14,994 मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद दिल्ली में 3,963, तमिलनाडु में 3,935, गुजरात में 2,441, कर्नाटक में 2,314, उत्तर प्रदेश में 1,630, पश्चिम बंगाल में 1,581, आंध्र प्रदेश में 1,349 और मध्य प्रदेश में 867 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के डेटा के मुताबिक राजस्थान में अब तक कोविड-19 से 674 लोगों, तेलंगाना में 519, हरियाणा में 421, पंजाब में 386, जम्मू-कश्मीर में 377, बिहार में 296, ओडिशा में 177, झारखंड में 106, असम में 98, उत्तराखंड में 80 और केरल में 73 लोगों की मौत हुई है।