Aaj Ki Taja Khabar: पंजाब में एक दिन में कोविड-19 से सबसे अधिक 39 लोगों की मौत
By विनीत कुमार | Updated: August 12, 2020 22:04 IST2020-08-12T07:54:07+5:302020-08-12T22:04:26+5:30

12 अगस्त: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 12 अगस्त के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। कोरोना वायरस संक्रमण से बचने के लिए टीके की खरीद एवं प्रबंधन के क्रियान्वयन और नैतिक पहलुओं पर विचार करने के लिए नीति आयोग के सदस्य डॉ वी के पॉल की अध्यक्षता में विशेषज्ञ समिति आज बैठक करेगी।
वहीं, भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 23 लाख के पार हो गए हैं। भारत में अब तक 46 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। साथ ही 16 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 23,29,639 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 6, 43, 948 है। दूसरी ओर 16, 39, 600 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं, जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 46,091 हो गई है। ये आंकड़े बुधवार (12 अगस्त) सुबह तक के हैं।
इन सब के बीच मंगलवार रात कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हिंसा फैल गई। एक भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई इस हिंसा को कंट्रोल करने के लिए पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई। साथ ही हिंसा में 60 पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। अब हालात नियंत्रण में हैं। ये बवाल और हंगामा बेंगलुरू के डीजे हल्ली और केजी हल्ली पुलिस थाना इलाके में हुआ। इसके बाद डीजे हल्ली और केजी हल्ली थाना इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया।
दूसरी ओर देश के कई हिस्सों में जन्माष्टमी का त्योहार आज मनाया जा रहा है। ये त्योहार भगवान कृष्ण के जन्म के उत्सव के तौर पर मनाया जाता है। जगन्नाथ पुरी, बनारस और उज्जैन में कृष्ण जन्माष्टमी कल मनाई गई। वहीं, मथुरा और द्वारिका में जन्माष्टमी आज मनाई जा रही है। मथुरा में इस बार मंदिरों में दर्शनार्थियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
12 Aug, 20 : 09:40 PM
पंजाब में बुधवार को एक दिन में कोविड-19 से सबसे अधिक 39 लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 675 हो गई। इसके अलावा राज्य में संक्रमण के 675 नए मामले सामने आने के साथ ही संक्रमितों की तादाद 26,909 तक पहुंच गई है। मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, लुधियाना में 13, होशियारपुर में छह, पटियाला में चार, अमृतसर और जालंधर में तीन-तीन, मोहाली, गुरदासपुर और पठानकोट में दो-दो, बरनाला, बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब और संगरूर में एक-एक रोगी की मौत हुई है। बुलेटिन के अनुसार, संक्रमण के सबसे अधिक 229 मामले लुधियाना से सामने आए हैं। इसके अलावा जालंधर से 130, मोहाली से 104, अमृतसर से 85, पटियाला से 70, बरनाला से 62, गुरदासपुर से 39 और फरीदकोट से 36 मामले सामने आए हैं।
12 Aug, 20 : 09:13 PM
असम के धेमाजी, बक्सा और मोरीगांव जिले बुधवार को भी जलमग्न रहे। हालांकि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बाढ़ का पानी कम हुआ है। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बाढ़ बुलेटिन के अनुसार इस समय इन तीन जिलों में 14,205 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं जबकि 7,009 हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसल को नुकसान हुआ है। बुलेटिन के अनुसार धेमाजी सबसे बुरी तरह से प्रभावित जिला है जहां 12,908 लोग प्रभावित हैं। इसके बाद बक्सा में एक हजार लोग प्रभावित हैं और मोरीगांव में 297 लोग प्रभावित हैं। इस वर्ष बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 136 है। इनमें से 110 लोगों की मौत बाढ़ से संबंधित घटनाओं और 26 की मौत भूस्खलन से हुई है।
12 Aug, 20 : 09:06 PM
कांग्रेस नेता तथा प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पार्टी ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने कहा कि वैशाली में अपने आवास पर एक टीवी परिचर्चा में भाग लेने के कुछ ही देर बाद त्यागी को दिल का दौरा पड़ा और वह बेहोश हो गए। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उन्हें गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बच नहीं सके। त्यागी ने आखिरी ट्वीट किया था कि वह शाम पांच बजे एक टीवी डिबेट में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने ट्वीट किया, ''हम श्री राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन से बहुत दुखी हैं। एक निष्ठावान कांग्रेसी और एक सच्चे देशभक्त। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।
12 Aug, 20 : 08:50 PM
कर्नाटक में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,883 मामले सामने आए और 113 मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,96,494 हो गई और कोविड-19 से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,510 पर पहुंच गई। इस दौरान कोविड-19 के 7,034 मरीज ठीक हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बुधवार को सामने आए मामलों में से 2,802 मामले अकेले बेंगलुरु (शहरी) से थे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार 12 अगस्त की शाम तक राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 1,96,494 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें कोविड-19 के 3,510 मरीजों की मौत हो चुकी है और 1,12,633 मरीज ठीक हो चुके हैं। बुलेटिन के अनुसार अभी 80,343 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें से 79,642 मरीज निर्दिष्ट अस्पतालों में पृथक-वास में हैं और 701 मरीज आईसीयू में भर्ती हैं। संक्रमण के नए मामलों में से बेंगलुरु शहरी में सर्वाधिक 2,802 नए मरीज सामने आए।
12 Aug, 20 : 08:29 PM
केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक ने बुधवार को कहा कि वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं और वह अपने घर में पृथक-वास में हैं। आयुष और रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने घर में पृथक रहना इसलिए चुना क्योंकि उनमें संक्रमण के लक्षण नहीं हैं और उनकी हालत स्थिर है। नाइक ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट में कहा, “मैंने आज कोविड-19 की जांच करवाई और उसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। मुझमें संक्रमण के लक्षण नहीं हैं। मेरी तबियत ज्यादा खराब नहीं है इसलिए मैं घर में पृथक-वास में हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आने वाले लोगों को जांच कराने और आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।”
12 Aug, 20 : 08:28 PM
राजस्थान में सियासी संकट के खत्म होने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल बुधवार रात जयपुर पहुंच रहे हैं और वह बृहस्पतिवार को पार्टी के विधायकों के साथ मुलाकात करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 14 अगस्त से आरंभ हो रहे विधानसभा सत्र से पहले वेणुगोपाल विधायकों से बातचीत करेंगे। माना जा रहा है कि सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों की वापसी से नाराज बताए जा रहे अशोक गहलोत समर्थक कई विधायकों से भी वह बातचीत करेंगे। इस बीच, कांग्रेस व उसके समर्थक विधायक बुधवार दोपहर को जैसलमेर से जयपुर पहुंच गए। कांग्रेस व उसके समर्थक विधायक कई दिन से जैसलमेर के एक होटल में रुके हुए थे। वे एक विमान से बुधवार दोपहर जयपुर पहुंचे। राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के अनुसार, विधायक जयपुर के उसी होटल में रहेंगे जहां वे पहले रुके थे। वहीं पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उल्लेखनीय है कि विधानसभा का सत्र 14 अगस्त से शुरू होगा।
12 Aug, 20 : 08:25 PM
केरल में इडुक्की जिले के पेट्टीमुडी में भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 55 हो गई है। लापता लोगों की तलाश के लिए बुधवार को जारी राहत अभियान के दौरान मलबे से तीन और शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राजामाला के निकट पेट्टीमुडी में एनडीआरएफ, अग्निशमन और पुलिस विभाग के कर्मी लापता 15 लोगों की तलाश के काम में जुटे हैं। ये लोग सात अगस्त से लापता है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक हमने 55 लोगों के शव बरामद किए हैं। पहले हमने 12 लोगों को बचाया था। फिलहाल 15 लोग लापता हैं। इडुक्की में अधिकारी एच दिनेशन ने पीटीआई-भाषा को बताया कि छह दिन से घटनास्थल पर तलाश जारी है। तलाश अभियान के लिए मौसम अनुकूल है। दिनेशन ने कहा कि सात अगस्त को हुए भूस्खलन में 82 लोग प्रभावित हुए थे।
12 Aug, 20 : 07:35 PM
मुंबई की सबसे बड़ी झुग्गी धारावी में कोरोना वायरस संक्रमण के नौ नये मामले सामने आये हैं जिसके बाद यहां संक्रमितों की कुल संख्या 2,643 हो गयी है। बृहन मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने इसकी जानकारी दी । बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक समय कोरोना वायरस का हॉट स्पॉट रहे धारावी में अभी केवल 87 मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि 2,643 मरीजों में से 2,298 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं ।
12 Aug, 20 : 07:34 PM
राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास बुधवार को यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पहुंचे क्योंकि निदेशालय ने उनके पिता को नोटिस दिया था। खाचरियावास ने कहा कि प्रर्वतन निदेशालय की ओर से उनके पिता को नोटिस मिला है इसलिये वे निदेशालय कार्यालय जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर संस्थानों का दुरूपयोग करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘‘मुझे नोटिस मिला है और मैं प्रर्वतन निदेशालय के कार्यालय जा रहा हूं। किसी भी सरकार को, चाहे वो भारत सरकार हो या राजस्थान सरकार कानून का दुरूपयोग करने का अधिकार नहीं है। सरकारें आती जाती रहती हैं लेकिन नीति और सिद्धांतों कायम रहते हैं।’’ नोटिस के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
12 Aug, 20 : 06:52 PM
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और उनकी पत्नी करीना कपूर ने बुधवार को कहा कि उनके यहां दूसरा बच्चा होने वाला है। दोनों ने एक आधिकारिक वक्तव्य जारी कर करीना के गर्भधारण की सूचना दी और शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया। वक्तव्य में कहा गया, “हमें यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे परिवार में नया सदस्य आने वाला है! सभी शुभचिंतकों को उनके प्रेम और समर्थन के लिए धन्यवाद।” करीना (39) ने अपने पहले बच्चे तैमूर को 20 दिसंबर 2016 को जन्म दिया था। उस समय बच्चे का नाम तैमूर रखते ही लोगों ने सोशल मीडिया पर तैमूर नाम के मूल पर सवाल उठाने शुरू कर दिए थे । पैदा होने के कुछ समय बाद ही तैमूर इंटरनेट पर छा गए थे और आज भी पैपरात्जी चौबीस घंटे उसकी तस्वीरे लेने को बेताब रहते हैं । 49 वर्षीय सैफ ने पांच साल के प्रेम प्रसंग के बाद करीना से अक्टूबर 2012 में शादी की थी । इससे पहले उनकी शादी अभिनेत्री अमृता सिंह से हुई थी जिससे उनकी अभिनेत्री बेटी सारा और बेटा इब्राहिम हैं ।
12 Aug, 20 : 06:50 PM
मध्य प्रदेश के दस पुलिस अधिकारियों को उत्कृष्ट विवेचना के लिए वर्ष 2020 का ‘‘यूनियन होम मिनिस्टर्स मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इंवेस्टीगेशन’’ अवार्ड प्रदान किया गया है। पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय से जारी पत्र के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) पुन्नूसिंह परस्ते, निरीक्षक सुनील शर्मा, संजीव कुमार चौकसे, प्रवीण कुमार कुमरे, गोपाल घासले, अरविंद सिंह तोमर तथा उपनिरीक्षक केवल सिंह परते, प्रीति पाटिल और दीप्ति मिश्रा को उत्कृष्ट विवेचना के लिए यह पदक प्रदान किया गया है। उल्लेखनीय है कि इस पदक की स्थापना 2018 में विवेचना में उच्च पेशेवर मापदण्डों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गयी थी। गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार इस वर्ष पूरे देश में 121 पुलिस अधिकारियों को इस पद के लिए चुना गया है। इनमें सर्वाधिक 15 अधिकारी सीबीआई के हैं। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के दस-दस अधिकारी हैं।
12 Aug, 20 : 06:16 PM
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बल के एक गश्ती दल पर गोलीबारी की, जिसमें एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न 2.45 बजे के करीब बारामूला के हिगाम में आतंकवादियों ने 52 राष्ट्रीय राइफल्स इकाई के गश्ती दल पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि एक जवान के पैर में गोली लगी है। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
12 Aug, 20 : 06:00 PM
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में बुधवार को आतंकवादियों ने सुरक्षा बल के एक गश्ती दल पर गोलीबारी की, जिसमें एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अपराह्न 2.45 बजे के करीब बारामूला के हिगाम में आतंकवादियों ने 52 राष्ट्रीय राइफल्स इकाई के गश्ती दल पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि एक जवान के पैर में गोली लगी है। अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
12 Aug, 20 : 05:51 PM
चित्रदुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह बेंगलुरु आ रही एक बस में आग लग गई जिसमें तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार बस में कुल 32 लोग सवार थे। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय राजमार्ग-4 पर तड़के साढ़े तीन बजे एक बस में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई। बस बीजापुर से बेंगलुरु जा रही थी।’’ उन्होंने बताया कि मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। हादसे में झुलस गए कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने संदेह जताया कि आग तब लगी जब बस सड़क किनारे खड़ी थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
12 Aug, 20 : 05:29 PM
पुडुचेरी में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में सर्वाधिक 481 मामले सामने आए, जिससे केंद्र शासित प्रदेश में संक्रमितों का संख्या बढ़ कर 6381 हो गई। पुडुचेरी में कोरोना वायरस से पांच लोगों की मौत भी हो गयी । स्वास्थ्य मंत्री एम कृष्णा राव ने आनलाइन संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 1123 नमूनों की जांच के बाद 481 लोगों में इसकी पुष्टि हुयी। पिछले 24 घंटे में आया यह आंकड़ा न केवल चौंकाने वाला है बल्कि अबतक का एक दिन का सर्वाधिक है । उन्होंने बताया कि नये मामलों में से पुडुचेरी में 413, यानम में 67 जबकि माहे में एक मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि इस घातक संक्रमण के कारण पांच लोगों की मौत हो गयी, जिससे अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़ कर 96 हो गयी है।
12 Aug, 20 : 05:06 PM
दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,113 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल सक्रमितों की संख्या 1.48 लाख से ज्यादा हो गई। इस खतरनाक वायरस से 14 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या 4,153 हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में 6,472 आरटी-पीसीआर जांच और 12,422 रैपिड एंटिजन जांच हुई हैं। दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 1,48,504 है। अब तक कुल 1,33,405 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, यहां से बाहर जा चुके हैं या फिर उन्हें अस्पतालों से छुट्टी मिल चुकी है। वहीं फिलहाल 10,946 मरीजों का इलाज चल रहा है। पिछले 24 घंटे में 14 और लोगों की मौत हुई जिसके बाद मृतक संख्या 4,153 हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में कुल निरूद्ध क्षेत्रों की संख्या 523 है।
12 Aug, 20 : 04:19 PM
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसके युवा होते हैं। शाह ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार स्किल इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया, मेक इन इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसे अपने अभूतपूर्व निर्णयों से लगातार एक ऐसे इकोसिस्टम का निर्माण कर रही है, जिसमें युवाओं की अपार क्षमताओं को और निखारा जा सके। उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसके युवा होते हैं। भारत वास्तव में बहुत ही भाग्यशाली राष्ट्र है, जिसके पास कौशल से परिपूर्ण इतनी परिवर्तनात्मक और अभिलाषी युवाशक्ति है।’’ शाह ने कहा कि कुशल और उत्साही युवाओं में अवसरों का सर्वश्रेष्ठ लाभ उठाने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे हमारी युवा शक्ति पर पूर्ण विश्वास है कि वो प्रधानमंत्री मोदी के न्यू इंडिया के स्वप्न को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।’’
12 Aug, 20 : 04:08 PM
महाराष्ट्र के परभणी जिले में जन्माष्टमी का प्रसाद खाने के बाद कम से कम 26 मजदूर बीमार हो गए। ऐसा संदेह है कि संबंधित प्रसाद के विषाक्त होने के कारण यह घटना हुई। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार की इस घटना में प्रभावित हुए सभी लोग खतरे से बाहर हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्होंने उस निजी अस्पताल से संपर्क किया है जहां मजदूरों को उपचार के लिए ले जाया गया था। संपर्क किए जाने पर सोनपेठ के पास स्थित अस्पताल के एक डॉक्टर ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दिघोल गांव से ताल्लुक रखने वाले मजदूरों को प्रसाद खाने के बाद उल्टी होने लगी। उन सभी का उपचार किया गया और मंगलवार की रात सभी को वापस भेज दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी प्रभावित लोग ठीक हो गए हैं।
12 Aug, 20 : 03:58 PM
विश्व स्मारक कोष ने दिल्ली वक्फ बोर्ड को राष्ट्रीय राजधानी स्थित 200 साल पुरानी ‘मुबारक बेगम मस्जिद’ के मध्य गुंबद के जीर्णोद्धार के लिए सहायता की पेशकश की है। भारी बारिश के कारण यह गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी के हॉज काजी चौक स्थित इस मस्जिद का मध्य गुंबद पिछले महीने लगातार बारिश होने एवं बिजली गिरने की घटना में क्षतिग्रस्त हो गया था। वक्फ बोर्ड के एक अधिकारी के अनुसार बोर्ड ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को पत्र लिखकर जीर्णोद्धार का काम शुरू करने और मलबा हटाने से पहले तकनीकी सर्वेक्षण करने को कहा है । अधिकारी ने बताया कि न्यूयॉर्क स्थित विश्व स्मारक कोष ने क्षतिग्रस्त गुंबद के जीर्णोद्धार में मदद करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘विश्व स्मारक कोष ने हमसे संपर्क किया और ‘मुबारक बेगम मस्जिद’ के जीर्णोद्धार की पेशकश की है। आकलन के लिए संगठन के तकनीकी दल के मस्जिद आने की संभावना है।’’ विश्व स्मारक कोष की ओर से तत्काल इस बारे में कोई टिप्पणी उपलब्ध नहीं हुई है।
12 Aug, 20 : 03:42 PM
तेलंगाना में कोविड-19 के 1,897 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 84,544 हो गई। वहीं, इस खतरनाक वायरस से नौ और लोगों की मौत हो गई। बुधवार को एक सरकारी बुलेटिन में 11 अगस्त रात आठ बजे तक के आंकड़ों की जानकारी देते हुए कहा गया कि नौ और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 654 हो गई। कुल नए 1,897 मरीजों में से 479 ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) से सामने आए हैं। इसके बाद मेडचल-मल्काजगिरि से 172, रंगारेड्डी से 162, संगारेड्डी से 107 और वारंगल रेड्डी से 87 मरीज सामने आए हैं। कोमारान भीम असीफाबाद में पांच मरीज मिले हैं, इसके अलावा बाकी सभी 32 जिलों से दहाई में मामले सामने आए हैं। बुलेटिन के अनुसार राज्य में मृत्यु दर 0.77 फीसदी है। इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से अब तक 61,294 लोग मुक्त हो चुके हैं जबकि 22,596 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में स्वस्थ होने की दर 72.49 फीसदी है।
12 Aug, 20 : 03:42 PM
अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 96 नए मामले सामने आए हैं, जिससे बुधवार को राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 2,327 हो गई। नए मामलों में 61 सुरक्षाकर्मी हैं। राज्य के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि नए 96 मामलों में से 27 मरीज अंजॉ जिले से, 19 राजधानी परिसर क्षेत्र से, 16 मामले पश्चिमी सियांग से, 12 मामले लोहित से, आठ मामले पापुमपारे से, छह मामले पूर्वी सियांग से, चार मामले चांगलांग जिले से, दो-दो मामले पूर्वी कामेंग और निचली दिबांग घाटी से सामने आए हैं। राज्य निगरानी अधिकारी डॉक्टर एल जाम्पा ने कहा, ‘‘अर्धसैनिक बल के 61 जवान संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से अंजॉ में 27, पश्चिमी सियांग में 14, पापुमपारे में सात, लोहित में छह, पूर्वी सियांग में पांच और चांगलांग में दो जवान संक्रमित हैं।’’ उन्होंने कहा कि 10 मरीजों को छोड़कर बाकी सभी में संक्रमण के लक्षण नहीं पाए गए हैं।
12 Aug, 20 : 03:42 PM
सिंगापुर की सरकार ने कहा है कि ज्यादातर विदेशी श्रमिक अब काम पर लौट सकते हैं क्योंकि महीनों चले लॉकडाउन और जांच के बाद डॉर्मिट्री में अब कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा नहीं है। सिंगापुर में संक्रमण के 55,353 मामलों में से ज्यादातर मामले डॉर्मिट्री में रहने वाले लोगों के थे। देश में अब तक कोविड-19 से केवल 27 मौतें हुई हैं। मानव संसाधन मंत्रालय की ओर से मंगलवार देर रात जारी एक वक्तव्य में कहा गया कि 17 एकल ब्लॉक को छोड़कर सभी डॉर्मिट्री को संक्रमण रहित कर दिया गया है। एकल ब्लॉक का इस्तेमाल पृथक-वास के लिए किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि डॉर्मिट्री में रहने वाले सभी विदेशी श्रमिक या तो ठीक हो चुके हैं या संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि 22,500 श्रमिकों को पृथक-वास में रखा गया है। अधिकांश श्रमिक अब निर्माण, शिपयार्ड और अन्य कारखानों में काम पर लौटने के लिए तैयार हैं।
12 Aug, 20 : 03:20 PM
बिहार के मधेपुरा ज़िले के गम्हरिया प्रखंड के जदयू अध्यक्ष अशोक यादव की मंगलवार रात में अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मधेपुरा अनुमंडल पुलिस (एसडीपीओ) अधिकारी वसी अहमद ने बुधवार को बताया कि बीती रात करीब आठ बजे अशोक यादव गम्हरिया प्रखंड स्थित अपने गांव जोगबनी में एक पान की दुकान के सामने खड़े थे तभी एक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे दो अज्ञात अपराधी उनपर गोली चलाकर फरार हो गये। घटना के बाद घायल प्रखंड अध्यक्ष को इलाज के लिए पड़ोसी जिले सुपौल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है।
12 Aug, 20 : 03:09 PM
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकांश जगहों पर मानसून सक्रिय रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतर स्थानों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश हुई । मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि सबसे अधिक 22 सेंटीमीटर बारिश एल्गिनब्रिज—बाराबंकी में रिकार्ड की गयी । सोरांव—प्रयागराज में 17 सेंटीमीटर, सिधौली—सीतापुर में 12, सलेमपुर—देवरिया और वाराणसी में दस दस, आजमगढ़ और भाटपुरवाघाट—सीतापुर में नौ नौ, चुनार—मीरजापुर, सुल्तानपुर, लखनऊ, हमीरपुर में आठ-आठ तथा अयोध्या, हैदरगढ—बाराबंकी में सात-सात सेंटीमीटर पानी बरसा। विभाग ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार को सर्वाधिक 38 डिग्री सेल्सियस तापमान बस्ती में रहा । मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बृहस्पतिवार को राज्य में कहीं-कहीं मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है जबकि अधिकांश जगहों पर चमक—गरज के साथ पानी बरसने की संभावना है ।
12 Aug, 20 : 03:08 PM
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले स्थित उनके गृहनगर किरनाहर में बुधवार को प्रार्थनाओं का सिलसिला जारी है। नयी दिल्ली के एक अस्पताल में मस्तिष्क की सर्जरी होने के बाद से मुखर्जी (84) की हालत नाजुक है। सर्जरी के पहले ही उनमें कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी। वह फिलहाल वेंटिलेटर पर हैं। मुखर्जी के गृहनगर के लोगों ने उनके स्वस्थ होने के लिए मंगलवार को जन्माष्टमी पर 72 घंटे का ‘यज्ञ’ शुरू किया था। किरनाहर से कुछ किलोमीटर दूर मुखर्जी के पुश्तैनी गांव मिरिति में उनके परिजन ने भी पूजा अर्चना की। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रपति रहते हुए मुखर्जी प्रतिवर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर अपने गांव आते थे।
12 Aug, 20 : 03:08 PM
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री दयानंद बंडोदकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सावंत ने मीरामर समुद्र तट पर बने उनके स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सावंत ने ट्वीट किया, "गोवा के पहले मुख्यमंत्री दिवंगत दयानंद (भाऊसाहेब) बंडोदकर को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। गोवा की जनता और राज्य की प्रगति के लिए उनका योगदान हम सबके लिए प्रेरणा है।" बंडोदकर गोवा के पहले मुख्यमंत्री थे जिन्होंने 1961 में राज्य के पुर्तगाली शासन से मुक्त होने के बाद पद ग्रहण किया था।
12 Aug, 20 : 02:51 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में वैदिक मंत्र, सोहर और कृष्ण भजन के बीच जन्माष्टमी का त्योहार मनाया। बुधवार सुबह योगी आदित्यनाथ ने गुरू गोरखनाथ, महंत दिग्विजय नाथ और महंत अवैद्यनाथ का आर्शीवाद लेने के बाद मंदिर परिसर में स्थित गोशाला में कुछ समय बिताया। मंदिर के पुजारी द्वारका तिवारी ने बताया कि मंगलवार की आधी रात को योगी ने बाल कृष्ण (नंद गोपाल) की मूर्ति को झूले में रखा। भगवान श्री कृष्ण के जन्म के बाद करीब आधे घंटे तक भजन गाये गये। इसके बाद योगी, मुख्य पुजारी कमलनाथ, मुख्य पुरोहित आचार्य रामानुज त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने पूजा अर्चना की। तिवारी ने बताया कि भजन का कार्यक्रम रात आठ बजे से आरंभ हो गया था।
12 Aug, 20 : 02:26 PM
पूर्व रक्षा मंत्री और समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव की सेहत में अब सुधार हो रहा है । मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉक्टर राकेश कपूर ने बुधवार को बताया कि मुलायम की तबियत में सुधार हो रहा है और उनकी स्थिति अब वह पहले से काफी बेहतर है । हालांकि अभी वह पूरी तरह से स्वस्थ नही है । यादव (80) को शुक्रवार को मूत्र नली में संक्रमण की शिकायत पर लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी कोविड-19 रिपोर्ट निगेटिव आयी थी । उन्होंने कहा कि सभी चीजें ठीक होने के बाद ही उन्हें छुट्टी दी जाएगी। फिलहाल उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
12 Aug, 20 : 02:25 PM
पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 730 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 2,85,921 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि वायरस से 17 और लोगों की जान जाने से मृतक संख्या बढ़कर 6,129 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि अभी तक 2,63,193 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, 785 मरीजों की हालत गंभीर है। मंत्रालय के मुताबिक सिंध में सबसे अधिक 1,24,556 मामले सामने आए हैं जबकि पंजाब में 94,715, खैबर पख्तूनख्वा में 34,859, इस्लामाबाद में 15,296, बलूचिस्तान में 11,956, गिलगित बल्तिस्तान में 2,382 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 2,157 लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अभी तक देश में 21,86,442 नमूनों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 20,631 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में की गई।
12 Aug, 20 : 02:19 PM
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में बुधवार को कोविड-19 के 139 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,764 हो गई। इसके अलावा संक्रमण के कारण एक और मरीज की मौत होने के बाद मृतक संख्या 21 हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए मामले संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की पहचान करने के दौरान सामने आए। अधिकारी ने कहा कि नए मरीजों के सामने आने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 994 हो गई है। उन्होंने कहा कि संक्रमण का इलाज कर रहे 40 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब तक कुल 749 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस बीच, अंतर-द्वीप पोत 'एम वी कोरल क्वीन' के चालक दल के 27 सदस्य संक्रमित पाए गए। नौवहन सेवा निदेशालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज 30 जुलाई को पोर्ट ब्लेयर से लिटिल अंडमान के लिए रवाना हुआ था और अगले दिन वापस लौट आया था। हालांकि, सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को पृथक-वास में हैं। सूत्रों ने बताया कि तीन अगस्त को उनके नमूने एकत्र किए गए और बुधवार को उनकी जांच रिपोर्ट मिली।
12 Aug, 20 : 02:14 PM
नोएडा में थाना सेक्टर-20 की पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर पांच कुख्यात चोरों को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया। सहायक पुलिस आयुक्त अरुण कुमार सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर-20 की पुलिस ने बुधवार सुबह एक सूचना के आधार पर पांच कुख्यात चोरों अर्जुन, अकाश, सोनू, विनोद, विक्की को गिरफ्तार किया। इन्होंने चोरी और लूटपाट करने की बात स्वीकार भी की है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल फोन और पांच चाकू बरामद किए हैं। एसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इनके राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में चोरी व लूटपाट की दर्जनों वारदातों को अंजाम देने की बात भी सामने आई।
12 Aug, 20 : 02:14 PM
देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क खनन कंपनी एनएमडीसी ने बुधवार को खनिज की दरों में तत्काल प्रभाव से 300 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी की। इसके साथ लौह अयस्क की कीमत 2,950 रुपये प्रति टन हो गई है। लौह अयस्क इस्पात बनाने में इस्तेमाल होने वाला प्रमुख कच्चा माल है। इसकी कीमतों में कोई भी बदलाव इस्पात की दरों पर सीधा असर डालता है। एनएमडीसी ने शेयर बाजार को बताया कि उसने उच्च श्रेणी के लौह अयस्क की कीमत 300 रुपये बढ़ाकर 2,950 रुपये प्रति टन कर दी है। इसी तरह दोयम श्रेणी के अयस्क की कीमत 300 रुपये की वृद्धि के साथ 2,660 रुपये प्रति टन हो गई है।
12 Aug, 20 : 01:23 PM
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बुधवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दी और परिणाम की चिंता किए बिना कर्म पर ध्यान केंद्रित करने के भगवान श्रीकृष्ण के संदेश को दोहराया । राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘‘जन्माष्टमी के अवसर पर शुभकामनाएं।’’ उन्होंने कहा कि ‘निष्काम कर्म’ के अपने संदेश में योगेश्वर श्री कृष्ण ने परिणाम की चिंता किए बिना कर्म पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया है। कोविंद ने अपने संदेश में कहा, ‘‘ यह भावना हमारे सभी कोरोना योद्धाओं के कार्य में झलकती है। यह पर्व सभी के जीवन में स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार करे।’’
12 Aug, 20 : 01:22 PM
समाजवादी पार्टी के नेता अतुल प्रधान ने मृतका सुदीक्षा भाटी के घर पहुंचकर उनके परिवार से मुलाकात की और परिवार वालों को मुआवजा दिए जाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रधान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ डेरीस्कनर गांव में धरने पर बैठ हैं। प्रधान ने कहा कि जब तक मृतका के परिवार को न्याय नहीं मिल जाता उनका संघर्ष जारी रहेगा। गौरतलब है कि बीबीए की छात्रा सुदीक्षा भाटी की जनपद बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र में दो दिन पहले एक सड़क हादसे में मौत हो गयी थी। सुदीक्षा के परिजन का आरोप है कि जब वह अपने मामा के घर जा रही थी तब कुछ अज्ञात लोगों ने उससे छेड़खानी की कोशिश की और उसका पीछा किया, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
12 Aug, 20 : 12:55 PM
ओडिशा कोरोना अपडेट
ओडिशा में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 1,876 नए मरीज सामने आए, जिसके बाद मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 50,672 हो गई। वहीं नौ और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 305 हो गई: स्वास्थ्य अधिकारी।
12 Aug, 20 : 11:38 AM
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए : पुलिस
12 Aug, 20 : 11:37 AM
दीवार के मलबे में दबकर किसान की मौत
यूपी के बांद जिले में मरका थाना क्षेत्र के भभुआ गांव में बारिश से कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गयी है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि "भभुआ गांव में मंगलवार को बारिश की वजह से एक कच्ची दीवार गयी, जिसके मलबे में बुजुर्ग किसान जितेंद्र सिंह (60) दब गया।" उन्होंने बताया कि "ग्रामीण मलबे से निकालकर किसान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है।" पुलिस ने बताया कि "पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है और घटना की जानकारी राजस्व अधिकारियों को दे दी गयी है।"
12 Aug, 20 : 11:36 AM
शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे टूटा
घरेलू शेयर बाजार के नकारात्मक रुख और अमेरिकी मुद्रा की मजबूती के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया छह पैसे गिरकर 74.84 के स्तर पर आ गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में स्थानीय इकाई 74.78 पर खुली, और फिर गिरावट के रुख के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.84 के स्तर पर आ गई, जो पिछले बंद भाव 74.78 के मुकाबले छह पैसे की कमजोरी को दर्शाता है। इसबीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.28 प्रतिशत बढ़कर 93.89 पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि मजबूत डॉलर, घरेलू शेयर बाजार में गिरावट और औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के कमजोर आंकड़ों के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।
12 Aug, 20 : 10:50 AM
राजस्थान में कोरोना के 595 नए मामले
राजस्थान में कोरोना के 595 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 55482 हो गई है। इसमें 14103 एक्टिव केस हैं। 37917 लोग बीमारी से ठीक होने के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं। 821 लोगों की मौत अभी तक कोरोना से राजस्थान में हुई है।
595 new #COVID19 positive cases and 10 deaths have been reported in Rajasthan till 10.30 am today. Total number of cases now at 55482 including 14103 active cases, 37917 discharged cases and 821 deaths: State Health Department pic.twitter.com/4H1IRRjvt0
— ANI (@ANI) August 12, 2020
12 Aug, 20 : 10:48 AM
भारत कोरोना अपडेट
देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 60 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं और 800 से अधिक संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 60 हजार, 963 नए मामले सामने आए हैं और 834 मौतें हुई हैं। अब तक देश में कोरोना के 23 लाख, 29 हजार, 639 मामले सामने आ चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें
12 Aug, 20 : 09:11 AM
कर्नाटक: बस में आग से पांच की मौत
कर्नाटकः चित्रदुर्ग जिले के करीब नेशनल हाइवे 4 पर हिरियूर में रात एक बस में आग लग गई। इसमें एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 27 घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Karnataka: Five people, including a baby, charred to death and 27 injured, last night in Hiriyur near Chitradurga district, after their bus caught fire on National Highway 4. The injured have been shifted to hospital. pic.twitter.com/Je1PxEbTv4
— ANI (@ANI) August 12, 2020
12 Aug, 20 : 09:04 AM
पुलवामा में मुठभेड़
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। वहीं, एक भारतीय जवान के भी शहीद होने की खबर है। इस बीच सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और ऑपरेशन जारी है।
#UPDATE One soldier lost his life in action in the ongoing Pulwama encounter. One AK along with grenades, pouches & other war like stores recovered. Search operation underway: Chinar Corps, Indian Army https://t.co/z6EvoAH6JX
— ANI (@ANI) August 12, 2020
12 Aug, 20 : 08:01 AM
मथुरा में आज जन्माष्टमी
मथुरा में आज जन्माष्टमी मनाई जा रही है। इसी क्रम में मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में आज सुबह मंगल आरती की गई। द्वारिका में भी जन्माष्टमी आज मनाई जा रही है। जगन्नाथ पुरी, बनारस और उज्जैन में कृष्ण जन्माष्टमी कल मनाई गई।
#WATCH: 'Mangal aarti' being performed at Shri Krishna Janmasthan Temple in Mathura as the city celebrates #Janmashtami today. pic.twitter.com/ABPvGCohEG
— ANI UP (@ANINewsUP) August 12, 2020
12 Aug, 20 : 08:00 AM
मौसम विभाग के अनुसार करनाल, मुजफ्फनगर, खटौली, हस्तिनापुर, चंदपुर, बिजनौर, मोरादाबाद सहित मथुरा, आगरा, टुडला में अगले 2 घंटे में बिजली चमकने सहित मध्यम बारिश की संभावना है।
Thunderstorm with light to moderate intensity rain would occur over & adjoining areas of Karnal, Muzaffarnagar, Khatauli, Hastinapur, Chandpur, Bijnaur, Moradabad, Chandausi and nearby Mathura, Agra, Tundla during the next 2 hours (update issued at 7:45 am): IMD
— ANI (@ANI) August 12, 2020
12 Aug, 20 : 07:58 AM
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
दिल्ली समेत आसपास के इलाकों में बरिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और गाजियाबद के कुछ हिस्सों में अगले कुछ घंटे में बारिश हो सकती है।
Light rain would occur over a few isolated places of East Delhi, South Delhi, Noida, Faridabad and Ghaziabad during the next 2 hours: India Meteorological Department (IMD) pic.twitter.com/fCAVEROwoM
— ANI (@ANI) August 12, 2020