सयुंक्त किसान मोर्चा ने कहा- देश-दुनिया से मिल रहा किसान आंदोलन को समर्थन
By विनीत कुमार | Updated: February 4, 2021 20:30 IST2021-02-04T07:49:44+5:302021-02-04T20:30:37+5:30

सयुंक्त किसान मोर्चा ने कहा- देश-दुनिया से मिल रहा किसान आंदोलन को समर्थन
आज गुरुवार (4 फरवरी) है। देश और दुनिया की तमाम खबरों के ताजा अपडेट के लिए 4 फरवरी, 2021 के इस Live Blog के साथ आप बने रह सकते हैं। दिल्ली के बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। वहां की पल-पल की अपडेट हम देंगे।
दूसरी ओर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और केंद्र सरकार एक बार फिर आमने-सामने आते नजर आ रहे हैं। केजरीवाल सरकार ने दिल्ली पुलिस से 576 डीटीसी बसें वापस मांगी हैं। इन बसों का इस्तेमाल सुरक्षा एजेंसियां किसान आंदोलन स्थलों पर आने-जाने आदि के लिए कर रही हैं। पढ़ें हर अपडेट
04 Feb, 21 : 08:13 PM
हिमाचल में पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में शिमला, कुफरी, मनाली, डलहौजी और नारकंडा समेत पर्यटन स्थलों पर बृहस्पतिवार को ताजा बर्फबारी हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। शिमला स्थित मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि बृहस्पतिवार को ज्यादातर स्थानों पर बर्फबारी हुई।
Uttarakhand: Mussoorie receives fresh snowfall following the incessant rainfall since this morning. pic.twitter.com/UJeutDzYNO
— ANI (@ANI) February 4, 2021
उन्होंने बताया कि शिमला जिले के ज्यादातर हिस्सों में बृहस्पतिवार को हल्की से भारी बर्फबारी हुई। शिमला सिटी, खड़ा पत्थर, नारकंडा, कुफरी और उसके ऊपरी इलाकों, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, चम्बा और कांगड़ा जिलों में बर्फबारी हुई। शिमला सिटी में बृहस्पतिवार को 2021 की पहली बर्फबारी हुई। अधिकारियों ने कहा कि राज्य में तापमान कई डिग्री नीचे चला गया और बर्फ के कारण कई सड़कें बंद हो गईं। सिंह ने कहा कि लाहौल और स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलोंग में पारा शून्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया और यह राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।
04 Feb, 21 : 07:18 PM
कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद देने की नहीं की है मांग : अजित पवार
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने मीडिया में आयी एक खबर को खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया कि कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन खबरों का कोई आधार नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता ने कहा कि महा विकास आघाड़ी सरकार चर्चा और आम सहमति से गठबंधन के तीनों दलों के प्रमुखों द्वारा लिए गए फैसलों को लागू कर रही है।

मीडिया की खबर के मुताबिक कांग्रेस ने नाना पटोले को एमपीसीसी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की स्थिति में विधानसभा अध्यक्ष का पद शिवसेना को सौंपने की इच्छा जतायी है। खबर में दावा किया गया है कि कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री का पद और कुछ अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालय की मांग की है। अजित पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मैं खुद, एकनाथ राव शिंदे, जयंत पाटिल, बालासाहेब थोराट, छगन भुजबल और अशोक राव चव्हाण (सत्तारूढ़ दल के मंत्री) तीनों दलों के नेतृत्व के फैसले के हिसाब से काम कर रहे हैं।’’
04 Feb, 21 : 07:09 PM
महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष नाना पटोले ने इस्तीफा दिया
महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष नाना पटोले प्रदेश कांग्रेस के अगले प्रमुख होंगे। लिहाजा उन्होंने बृहस्पतिवार को पद से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा सूत्रों ने बताया कि पटोले ने विधानसभा के उपाध्यक्ष नरहरि झीरवाल को अपना इस्तीफा सौंपा। पटोले भंडारा जिले की सकोली सीट से विधायक हैं।
Maharashtra Assembly Speaker Nana Patole resigns from his post, hands over his resignation to Deputy Speaker Narhari Zirwal. pic.twitter.com/oXNL0Wyn5p
— ANI (@ANI) February 4, 2021
पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह प्रदेश प्रमुख के तौर पर राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट का स्थान लेंगे। महाराष्ट्र में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है। थोराट की अगुवाई में कांग्रेस के मंत्रियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल में दिल्ली में पार्टी नेतृत्व से मुलाकात की थी। महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र एक मार्च से शुरू होगा।
04 Feb, 21 : 05:29 PM
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के सांसद पी के कुन्हालीकुट्टी ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया है। पीठासीन सभापति मीनाक्षी लेखी ने बृहस्पतिवार को सदन में इसकी जानकारी दी। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि केरल के मलप्पुरम से सांसद कुनालिकुट्टी ने इस्तीफा दिया है और उनका त्यागपत्र लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया है। गौरतलब है कि कुन्हालीकुट्टी ने मीडिया से कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सभी नेताओं के साथ चुनाव की जिम्मेदारी को पूरा करने के लिये उन्होंने इस्तीफा दिया है।
04 Feb, 21 : 05:29 PM
राज्यमंत्री का प्रियंका पर तंज : कहा- शीशे के बजाय अपना चेहरा साफ करें
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का गाड़ी का शीशा साफ करते हुये एक वीडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के एक मंत्री मोहसिन रजा ने उन पर तंज करते हुए शीशे की बजाय उन्हें चेहरा साफ करने की सलाह दी है।

प्रियंका का रामपुर के एक किसान नवनीत सिंह के परिवार से मुलाकात के लिए जाते समय रास्ते में अपनी कार का शीशा साफ करते हुए वायरल वीडियो के बारे में पूछे जाने पर रजा ने संवाददाताओं से कहा "गाड़ी का शीशा साफ करने बजाय कांग्रेस के नेताओ को अपना मुंह साफ करना चाहिए।"
#WATCH Congress' Priyanka Gandhi Vadra cleaned windshield of her vehicle. Her driver had to stop allegedly due to poor visibility through windshield.
— ANI (@ANI) February 4, 2021
Vehicles in her cavalcade collided with each other on Hapur Road earlier today, on her way to Rampur; no injuries reported. pic.twitter.com/bAeUudOFPw
चौरी चौरा शताब्दी वर्ष के मौके पर गौरीगंज स्थित नवोदय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आए रजा ने आरोप लगाया, "कांग्रेस ने 60 वर्षों तक किसानों को कर्जदार बनाया। कांग्रेस ने हमेशा दूसरों के कंधे पर राजनीति की है। किसानों के मामले मे प्रियंका गांधी और राहुल गाधी राजनीति कर रहे हैं।"
04 Feb, 21 : 05:13 PM
शिवसेना सांसद ने आम जनता के लिए लोकल ट्रेन की समयसारिणी में बदलाव की मांग की
महाराष्ट्र के ठाणे से शिवसेना सांसद राजन विचारे ने विपक्षी दल भाजपा की उस मांग का समर्थन किया है, जिसमें आम जनता के लिए मुंबई लोकल ट्रेन की वर्तमान समयसारिणी में बदलाव की मांग की गई है। मुंबई में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप के चलते मार्च से ही लोकल ट्रेन सेवा ठप्प थी जिसे आम जनता के लिए एक फरवरी से बहाल किया गया है। हालांकि, यह सेवा आम जनता के लिए दिन की तीन समयावधि में उपलब्ध है। इसके तहत सेवा की शुरुआत से सुबह सात बजे तक, दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक और रात नौ बजे से सेवा समाप्ति तक ही आम लोग लोकल ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं।
04 Feb, 21 : 04:46 PM
कृषि कानूनों के मुद्दे पर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बाधित
विवादों में घिरे तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस, द्रमुक सहित कई विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण बृहस्पतिवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद ही शाम पांच बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई । निचले सदन की कार्यवाही शाम चार बजे शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करने को कहा । हालांकि कांग्रेस, द्रमुक, वामदलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के समीप आ गये।

सपा, बसपा और तृणमूल कांग्रेस सदस्यों को अपने स्थान से विरोध करते देखा गया । हंगामे के बीच ही लोकसभा अध्यक्ष ने कुछ प्रश्न लिये और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इनके उत्तर दिये । इस बीच, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों से अपनी सीट पर जाने की अपील की। बिरला ने कहा, ‘‘आपके कई नेताओं के महत्वपूर्ण प्रश्न है। मैं चाहता हूं कि प्रश्नकाल चले। जनता ने आपको जिस लिए चुनकर भेजा उसको देखते हुए आपका यह व्यवहार उचित नहीं है।’’ उन्होंने सदस्यों से कहा कि वे अपनी सीट पर जाएं ताकि सदन सुचारू रूप से चले। उन्होंने कहा कार्यवाही के दौरान नारेबाजी करना और तख्तियां उछालना उचित नहीं है। हालांकि सदन में सामान्य व्यवस्था बनती नहीं देख बिरला ने सदन की कार्यवाही शाम चार बजकर करीब 16 मिनट पर शाम पांच बजे तक के लिये स्थगित कर दी।
04 Feb, 21 : 04:28 PM
विवादों से घिरे तीनों कृषि कानूनों के मुद्दे पर कई विपक्षी दलों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही बृहस्पतिवार को आरंभ होने के करीब 15 मिनट बाद शाम पांच बजे तक के लिए स्थगित
04 Feb, 21 : 04:04 PM
जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक राज्यसभा में पेश
सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक पेश किया। गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 20121 पेश किया। यह विधेयक जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) अध्यादेश का स्थान लेगा।

रेड्डी ने इसके साथ ही जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) अध्यादेश के संबंध में एक विवरण सदन के पटल पर रखा। इसमें स्पष्ट किया गया है कि किन परिस्थितियों में जम्मू और कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) अध्यादेश के जरिए तत्काल कानून बनाने की जरूरत पैदा हुयी। जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) अध्यादेश अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों के कैडर से संबंधित है।
04 Feb, 21 : 03:49 PM
ग्रेटा थनबर्ग के खिलाफ FIR
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली पुलिस ने पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन की दिशा में काम करने वाली ग्रेटा थनबर्ग के खिलाफ FIR दर्ज की है। ये एफआईआर किसान आंदोलन मामले में उनके ट्वीट को लेकर की गई है। पॉप स्टार रिहाना के ट्वीट के बाद थनबर्ग ने भी मंगलवार को ट्वीट किया था, ‘हम भारत में किसानों के आंदोलन के प्रति एकजुट हैं।’ उन्होंने इसके साथ ही सीएनएन की एक खबर भी टैग की थी।

04 Feb, 21 : 03:06 PM
कंगना रनौत के कुछ ट्वीट को ट्विटर ने हटाया
एक्ट्रेस कंगना रनौत के कुछ ट्वीट्स पर ट्विटर ने ऐक्शन लिया है और उन्हें अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। ये किसान आंदोलन पर किए गए ट्वीट थे। कंगना रनौत के खिलाफ एक्शन लेने पर ट्विटर की ओर से बयान भी जारी किया गया है। ट्विटर के प्रवक्ता ने कंगना के खिलाफ एक्शन पर कहा है, 'हमने उन ट्वीट्स के खिलाफ एक्शन लिया है, जो हमारी तय नीतियों का उल्लंघन करते हैं।'

04 Feb, 21 : 01:39 PM
रामपुर पहुंचीं प्रियंका गांधी
किसान आंदोलन: प्रियंका गांधी अब से थोड़ी देर पहले रामपुर पहुंचीं जहां उन्होंने ट्रैक्टर रैली में जान गंवाने वाले नवरीत सिंह के परिजनों से मुलाकात की। नवरीत सिंह की मौत 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली के दौरान हो गई थी। इससे पहले रामपुर जाते समय प्रियंका गांधी के काफिले के साथ हादसा हुआ। यूपी में हापुड़ रोड़ पर प्रियंका गांधी के काफिले में शामिल चार वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ।
Rampur: Congress leader Priyanka Gandhi Vadra meets the family members of the farmer who lost his life during the tractor rally on 26th January in Delhi. pic.twitter.com/of2HTDKox6
— ANI UP (@ANINewsUP) February 4, 2021
04 Feb, 21 : 12:17 PM
गाजीपुर बॉर्डर से कीलों को हटाया नहीं जा रहा है: दिल्ली पुलिस
दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर कीलों को हटाने की तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस का जवाब आया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि कीलों को हटाया नहीं जा रहा है बल्कि इसे नए सिरे से नई जगह पर लगाया जाएगा। हालांकि, इसकी जानकारी पुलिस की ओर से नहीं दी गई है कि कीलों को कहां और कब लगाया जाएगा।
ऐसी वीडियो और तस्वीरें प्रसारित हो रही हैं जिसमें यह दिखाया जा रहा है कि गाज़ीपुर बाॅर्डर से कीलें हटाई जा रही हैं। कीलों की जगह बदली जा रही है। बाॅर्डर पर तैयारियां पहले जैसी ही हैंः दिल्ली पुलिस https://t.co/9b4wKYUz0h
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 4, 2021
04 Feb, 21 : 11:03 AM
गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे विपक्षी नेता, पुलिस ने रोका
आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर कई विपक्षी सांसद एक बसे से पहुंचे थे। पुलिस ने हालांकि उन्हें रोक लिया। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में कई विपक्षी नेता यहां पहुंचे हैं। गाजीपुर बॉर्डर पर राकेश टिकैत की अगुवाई में किसानों का आंदोलन चल रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार विपक्षी नेताओं का डेलिगेशन अब गाजीपुर बॉर्डर से लौट रहा है।

04 Feb, 21 : 09:46 AM
प्रियंका गांधी के काफिले के साथ हादसा
रामपुर जाते समय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के काफिले के साथ हादसा हुआ है। यूपी में हापुड़ रोड़ पर प्रियंका गांधी के काफिले में शामिल चार वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में वैसे किसी को चोट नहीं लगी है। मिली जानकारी के अनुसार काफिले में शामिल अगली कार के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक मार दिए थे, जिसके बाद पीछे चल रही कारों की टक्कर हो गई। प्रियंका गांधी ट्रैक्टर रैली में जान गंवाने वाले नवरीत सिंह के परिजनों से मिलने रामपुर जा रही हैं।

04 Feb, 21 : 08:03 AM
Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल के आज के रेट
पेट्रोल और डीजल के दाम में आज वृद्धि हुई है। ये प्रति लीटर 35-35 पैसे ऊपर चढ़ गए हैं। दिल्ली में गुरुवार को पेट्रोल 86.65 रुपये प्रति लीटर तो डीजल 76.83 रुपये प्रति लीटर पर है। नए साल में अब तक पेट्रोल 2.94 रुपये महंगा हो चुका है। वहीं डीजल के रेट में भी नए साल में 2.96 रुपये की बढ़त हो चुकी है। मुंबई में पेट्रोल आज 93.20 रुपये और डीजल 83.67 रुपये है। ऐसे ही चेन्नई में पेट्रोल और डीजल क्रमश: 89.13 रुपये और 82.40 रुपये हैं। कोलकाता में पेट्रोल 88.01 रुपये और डीजल 80.41 रुपये प्रति लीटर है।

04 Feb, 21 : 07:50 AM
मौसम अलर्ट- दिल्ली समेत कई जगहों पर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में कई जगहों पर अगले दो दिन बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बारिश हो सकती है। गरज के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।