Aaj ki Taja Khabar: हजारों की संख्या में किसान 25 जनवरी की रैली में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे
By विनीत कुमार | Updated: January 24, 2021 20:53 IST2021-01-24T08:27:56+5:302021-01-24T20:53:06+5:30

24 जनवरी, 2021: लाइव अपडेट
नमस्कार! आज रविवार है। देश और दुनिया की तमाम खबरों के ताजा अपडेट के लिए 24 जनवरी, 2021 के इस Live Blog के साथ आप बने रह सकते हैं। इस लाइव ब्लॉग के जरिए आप कोरोना वायरस महामारी और देश में जारी टीकाकरण से जुड़ी हर जानकारी से भी अपडेट करेंगे।
केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ सोमवार को मुंबई के आजाद मैदान में होने वाली रैली में शामिल होने के लिए रविवार शाम तक महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों से हजारों की संख्या में किसान मुंबई पहुंच चुके हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि किसान रैली के मद्देनजर पुलिस ने दक्षिण मुंबई स्थित आजाद मैदान और उसके आसपास के इलाकों की सुरक्षा की विशेष तैयारी की है और राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है, इसके साथ ही ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
ऑल इंडिया किसान सभा (एआईकेएस) की महाराष्ट्र शाखा ने एक बयान जारी कर दावा किया कि नासिक से करीब 15 हजार किसान शनिवार को टैम्पो और अन्य वाहनों से मुंबई के लिए रवाना हुए हैं। बयान के मुताबिक सोमवार को होने वाली रैली को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार और महा विकास अघाडी (एमवीए) के कुछ प्रमुख नेता संबोधित करेंगे। राज्य सरकार में सहयोगी कांग्रेस की राज्य इकाई पहले ही इस रैली का समर्थन कर चुकी है। एआईकेएस ने कहा कि विभिन्न इलाकों से किसान नासिक में जमा हुए और शनिवार को मुंबई के लिए रवाना हुए, यात्रा के दौरान रास्ते में और किसान जुड़े। पढ़ें आज दिन भर की हर अपडेट...
24 Jan, 21 : 07:19 PM
किसानों की ट्रैक्टर परेड को बाधित करने के लिए पाक से 300 से अधिक ट्विटर अकाउंट बनाए गए
दिल्ली पुलिस ने रविवार को दावा किया कि गणतंत्र दिवस के मौके पर किसानों की प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड को बाधित करने के लिए पाकिस्तान से 300 से अधिक ट्विटर खाते बनाए गए हैं। ट्रैक्टर परेड से संबंधित विस्तृत योजना के संबंध में विशेष पुलिस आयुक्त (खुफिया) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि मंगलवार को गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद कड़ी सुरक्षा में ट्रैक्टर परेड निकाली जाएगी। पाठक ने प्रेसवार्ता में कहा, '' किसानों की ट्रैक्टर परेड को बाधित करने के लिए पाकिस्तान से 13 से 18 जनवरी के दौरान 300 से भी अधिक ट्विटर अकाउंट बनाए गए हैं। इस संबंध में विभिन्न एजेंसियों से एक ही प्रकार की जानकारी प्राप्त हुई है। यह हमारे लिए एक चुनौतीपूर्ण कार्य होगा। हालांकि, गणतंत्र दिवस परेड समाप्त होने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच ट्रैक्टर परेड निकाली जाएगी।'' उल्लेखनीय है कि नये कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर हजारों किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें से अधिकतर पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हैं। किसान संगठनों का आरोप है कि नए कृषि कानूनों से मंडी और एमएसपी खरीद की व्यवस्था समाप्त हो जाएंगी तथा किसान बड़े कॉरपोरेट घरानों की दया पर निर्भर हो जाएंगे। इससे पहले पुलिस ने किसान संगठनों के नेताओं से राष्ट्रीय राजधानी से बाहर ट्रैक्टर परेड निकालने का अनुरोध किया था लेकिन वे दिल्ली के बाहरी रिंग रोड पर ही परेड के लिए अड़े हुए थे। पुलिस और किसानों के बीच हुई चौथे दौर की बातचीत में दोनों पक्षों के बीच परेड पर सहमति बनी थी।
24 Jan, 21 : 05:37 PM
कांग्रेस पर फूटा अमित शाह का गुस्सा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आरोप लगाया कि यदि कांग्रेस-एआईयूडीएफ गठजोड़ असम में सत्ता में आता है तो ये दल घसुपैठियों का स्वागत करने के लिए ‘‘सारे द्वार’’ खोल देंगे। शाह ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस शासन ने सिर्फ खूनखराबा दिया है, जिसमें हजारों युवकों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस और बदरूद्दीन अजमल असम को घुसपैठ से मुक्त रख पाएंगे? यदि वे सत्ता में आते हैं, तो वे उनका स्वागत करने के लिए सारे दरवाजे खोल देंगे क्योंकि यह उनका वोट बैंक है। शाह ने चुनावी राज्य असम में अपनी पहली चुनावी रैली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिर्फ भाजपा ही राज्य को पड़ोसी देश से घुसपैठ से रक्षा कर सकती है। 
24 Jan, 21 : 04:55 PM
गणतंत्र दिवस से पहले कश्मीर घाटी में कड़ी की गई सुरक्षा
गणतंत्र दिवस से पहले श्रीनगर सहित कश्मीर घाटी में अन्य जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और मंगलवार, 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम स्थल सहित घाटी में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि कई जगहों पर औचक रूप से वाहनों की तलाशी और यात्रियों की जामा-तलाशी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर के भीतर और बाहर विभिन्न महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों तथा अन्य जिला मुख्यालयों पर तैनात सुरक्षा बलों की संख्या बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम, जहां घाटी में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन होना है, सहित अन्य समारोह स्थलों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि लाल चौक से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित समारोह स्थल की बहुस्तरीय सुरक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रवेश नाकों पर सुरक्षा और जांच कड़ी कर दी गई है। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और गणतंत्र दिवस समारोह बिना किसी व्यवधान के संपन्न होने की आशा है।
24 Jan, 21 : 04:16 PM
तेलंगाना में एक फरवरी से स्कूल खुलेंगे, एसएससी परीक्षायें 17 मार्च से
तेलंगाना में करीब एक साल के अंतराल के बाद नौवीं एवं दसवीं कक्षा के छात्रों के लिये (अकादमिक सत्र 2020-21)स्कूल एक फरवरी से खुलेंगे और 26 मई तक कामकाज होगा। तेलंगाना स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को जारी मेमो के अनुसार तेलंगाना में माध्यमिक परीक्षायें 17 मार्च से 26 मई के बीच होगी । प्रदेश की राजधानी हैदराबाद एवं पड़ोसी सिकंदराबाद में स्कलों का परिचालन सुबह 8:45 बजे से शाम चार बजे तक होगा जबकि जिलों में यह सुबह 9:30 बजे से 4:45 बजे के बीच होगा । इसमें कहा गया है कि आनलाइन एवं डिजिटल कक्षाओं का आयोजन दसवीं कक्षा के लिये सुबह दस बजे से 11 बजे के बीच जबकि नौवीं कक्षा के लिये शाम चार बजे से शाम पांच बजे के बीच होगा ।
24 Jan, 21 : 03:41 PM
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की ऑनलाइन समिट आज से शुरू हो रही है। ये 6 दिनों तक चलेगा। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संबोधित करेंगे। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित विश्व के कई दूसरे नेता भी इसमें शिरकत करेंगे। पीएम मोदी समिट में 28 जनवरी को अपना भाषण देंगे। वहीं चीनी राष्ट्रपति 25 जनवरी को अपना संबोधन देंगे। इस ऑनलाइन इवेंट में भारत की तरफ से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, पेट्रोलियम एंड स्टील मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नितिन गड़करी, स्मृति ईरानी और पीयूष गोयल शामिल होंगे। इसके अलावा देश के बड़े कारोबारी भी इस समिट का हिस्सा होंगे।

24 Jan, 21 : 01:59 PM
कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस की हत्या करवा दी: साक्षी महाराज
साक्षी महाराज ने उन्नाव में शनिवार को एक सभा में कहा, 'मेरा आरोप है कि कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस की हत्या करवा दी। ना ही महात्मा गांधी और ना ही पंडित नेहरू उनकी लोकप्रियता के सामने खड़े हो सकते हैं।'
साक्षी महाराज ने साथ ही कहा, 'देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले सुभाष चंद्र बोस की मौत आज भी रहस्य क्यों है। पंडित नेहरू ने क्यों कोई जांच नहीं करवाई? उनके मौत का रहस्य जरूर बाहर आना चाहिए। नेताजी की लोकप्रियता के मुकाबले पंडित नेहरू कहीं खड़े नहीं होते हैं।'
Subhas Chandra Bose played a major role in India's freedom struggle. Why is his death still a mystery? Why did Pt Nehru not conduct any enquiry? Truth about his death must come out. Pt Nehru was nowhere in comparison to the popularity of Netaji: BJP MP Sakshi Maharaj https://t.co/gqYaGXpjpspic.twitter.com/jnXwbICCsJ
— ANI UP (@ANINewsUP) January 24, 2021
24 Jan, 21 : 01:30 PM
कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस को मरवा दिया: साक्षी महाराज
साक्षी महाराज ने उन्नाव में शनिवार को एक सभा में कहा, 'मेरा आरोप है कि कांग्रेस ने सुभाष चंद्र बोस को मरवा दिया। ना ही महात्मा गांधी और ना ही पंडित नेहरू उनकी लोकप्रियता के सामने खड़े हो सकते हैं।'
साक्षी महाराज ने साथ ही कहा, 'देश की आजादी में अहम भूमिका निभाने वाले सुभाष चंद्र बोस की मौत आज भी रहस्य क्यों है। पंडित नेहरू ने क्यों कोई जांच नहीं करवाई? उनके मौत का रहस्य जरूर बाहर आना चाहिए। नेताजी की लोकप्रियता के मुकाबले पंडित नेहरू कहीं खड़े नहीं होते हैं।'
Subhas Chandra Bose played a major role in India's freedom struggle. Why is his death still a mystery? Why did Pt Nehru not conduct any enquiry? Truth about his death must come out. Pt Nehru was nowhere in comparison to the popularity of Netaji: BJP MP Sakshi Maharaj https://t.co/gqYaGXpjpspic.twitter.com/jnXwbICCsJ
— ANI UP (@ANINewsUP) January 24, 2021
24 Jan, 21 : 01:04 PM
भारत-चीन के बीच मिलिट्री कमांडर स्तर पर बातचीत
भारत और चीन के मिलिट्री कमांडर आज एक बार फिर लद्धाख में जारी गतिरोध पर बातचीत के लिए आमन-सामने हैं। करीब दो महीने बाद दोनों देशों के मिलिट्री कमांडर बातचीत के टेबल पर हैं। ये बैठक चीनी सीमा रेखा में स्थित मोल्डो में हो रही है। इससे पहले दोनों देशों के बीच 6 नवंबर को बातचीत हुई थी। दोनों पक्षों के बीच बातचीत का ये 9वां दौर है।

24 Jan, 21 : 11:15 AM
महंगाई को लेकर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तंज
राहुल गांधी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने रसोई गैस समेत डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दामों को लेकर प्रधानमंत्री पर हमला किया है। राहुल गांधी ने एक अखबार का स्क्रिनशॉट भी शेयर किया है जिसमें बढ़ती कीमतों की तुलना की गई है।
मोदी जी ने ‘GDP’ यानी गैस-डीज़ल-पेट्रोल के दामों में ज़बरदस्त विकास कर दिखाया है!
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 24, 2021
जनता महँगाई से त्रस्त, मोदी सरकार टैक्स वसूली में मस्त। pic.twitter.com/FsiG8ECajk
24 Jan, 21 : 10:02 AM
भारत में कोरोना के करीब 15 हजार नए मामले
भारत में कोरोना संक्रमण के पिछले 24 घंटे में 14,849 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 155 लोगों की और मौत हो गई है। पिछले 24 घंटे में 15948 लोग डिस्चार्ज भी किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से ये आंकड़े जारी किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक भारत में कोरोना के कुल 1,06,54,533 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें एक्टिव केस अभी 1,84,408 हैं। वहीं, कुल 1,03,16,786 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 1,53,339 हो गई है जबकि 15,82,201 लोगों को देश में वैक्सीन लगाया जा चुका है।
24 Jan, 21 : 08:33 AM
लालू यादव को एम्स में भर्ती कराया गया
लालू प्रसाद यादव दिल्ली पहुंच गए हैं। चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू यादव का रांची के रिम्स में काफी दिनों से इलाज चल रहा है। हालांकि, फिलहाल उनकी तबीयत बिगड़ गई है। तेजस्वी यादव के अनुसार लालू के फेफड़ों में पानी जम गया है और चेहरा फूल गया है। लालू रांची से शनिवार रात एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली पहुंचे। लालू यादव को दिल्ली में एम्स के कार्डियो न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। लालू इससे पहले मार्च 2018 में भी एम्स में भर्ती कराए गए थे और अप्रैल में उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।
