Aaj Ki Taja Khabar: दिनेश त्रिवेदी- नरेंद्र मोदी मेरे दोस्त, बीजेपी में शामिल होने में कोई बुराई नहीं

By विनीत कुमार | Updated: February 12, 2021 19:29 IST2021-02-12T08:35:55+5:302021-02-12T19:29:59+5:30

aaj ka taja samachar aaj ki taja khabar 12 february 2021 live update latest news in hindi | Aaj Ki Taja Khabar: दिनेश त्रिवेदी- नरेंद्र मोदी मेरे दोस्त, बीजेपी में शामिल होने में कोई बुराई नहीं

12 फरवरी: लाइव ब्लॉग, लाइव अपडेट

आज शुक्रवार (12 फरवरी) है। देश और दुनिया की तमाम खबरों के ताजा अपडेट के लिए 12 फरवरी, 2021 के इस Live Blog के साथ आप बने रह सकते हैं। संसद का बजट सत्र जारी है। 
 
आज की कुछ बड़ी हलचल की बात करें तो पश्चिम बंगाल में आज वाम संगठनों ने 12 घंटों का बंद बुलाया है। ये बंद गुरुवार को पैदल मार्च के दौरान पुलिस की तरफ से किए गए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाया गया है। 

पश्चिम बंगाल के लिए ये चुनावी साल है और ऐसे में यहां के हर घटनाक्रम पर हमारी नजर रहेगी। दूसरी ओर दिल्ली के बॉर्डर पर किसानों का आंदोलन जारी है। पढ़ें हर अपडेट

 

12 Feb, 21 : 06:04 PM

सरकार अड़ि‍यल रवैया छोड़ दे तो सुलझ सकता है मामला : टिकैत

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष नरेश टिकैत ने शुक्रवार को किसान आंदोलन के मसले पर कहा कि अगर सरकार अपना अड़ि‍यल रवैया छोड़ दे और किसानों के मान सम्मान से खिलवाड़ ना करे तो मामला सुलझ सकता है। मुरादाबाद के बिलारी में शुक्रवार को किसान पंचायत में जाते समय संभल के सिंहपुर सानी में किसानों द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में नरेश टिकैत ने कहा, ''यदि सरकार किसानों के मान-सम्‍मान के साथ खिलवाड़ करना बंद कर अपना अड़ि‍यल रवैया छोड़ दे तो मामला सुलझ सकता है।''

उन्‍होंने कहा कि सबकुछ सरकार पर निर्भर है। टिकैत ने कहा, ‘‘कृषि घाटे का सौदा हो गई है और वे (सरकार) कह रहे हैं कि इसमें फायदा है, हमें अपना नफा-नुकसान पता है, इसलिए वे इस तरह का रवैया ना अपनावें।’’ विदेशियों द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन पर नरेश टिकैत ने कहा, ''विदेश से हमारा कोई मतलब नहीं है। हमारा तो यही कहना है विदेशों में भी बात तो जाती है और सरकार की छवि खराब हो रही है तो इस तरह की नौबत क्‍यों ला रहे हैं।'' एक सवाल के जवाब में उन्‍होंने कहा, ''शांति हमारा हथियार है और इसे अपनाना चाहिए क्‍योंकि टिकैत साहब (पिता महेंद्र टिकैत) के जमाने से यही चल रहा है।''

12 Feb, 21 : 05:31 PM

सोने की कीमत में 661 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट

वैश्विक बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में गिरावट के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 661 रुपए की गिरावट के साथ 46,847 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार पिछले दिन सोना 47,508 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी भी 347 रुपये की गिरावट के साथ 67,894 रुपये प्रति किलो ग्राम पर बंद हुआ जिसका पिछला बंद भाव 68,241 रुपये प्रति किलो था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना गिरावट के साथ 1,815 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस रह गया जबकि चांदी 26.96 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘‘डॉलर सूचकांक में सुधार के कारण सोने में कमजोरी रही।’’

12 Feb, 21 : 04:46 PM

सपा सांसद सुखराम यादव ने ट्विटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

समाजवादी पार्टी के सदस्य चौधरी सुखराम सिंह यादव ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर ने उनके एकाउंट को बंद कर दिया है। उन्होंने मांग की कि इस संबंध में सरकार को ट्विटर के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

उच्च सदन में बजट पर चर्चा के दौरान सुखराम यादव ने कहा कि उनके एकाउंट को ‘ब्लॉक’ कर दिया गया है जबकि उनके खिलाफ ऐसी कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ भी नहीं किया है जो सरकारी निगाह में गलत है। उन्होंने किसानों के आंदोलन के बारे में ट्वीट किया था और उसके बाद उनके एकाउंट को बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सांसद होने के नाते उन्हें विशेषाधिकार हैं और वह चाहते हैं कि सरकार इस संबंध में ट्विटर के खिलाफ कार्रवाई करे। इस पर उपसभापति हरिवंश ने कहा कि इस संबंध में उचित प्रक्रिया है और वह इस बारे में लिखित जानकारी सभापति को दें।

12 Feb, 21 : 03:56 PM

विज ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा- इंदिरा गांधी ने दिया था ‘हम दो, हमारे दो’ का नारा

हरियाणा के गृह मंत्री अनिज विज ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि ‘हम दो, हमारे दो’ का नारा देश के परिवार नियोजन अभियान के लिए उनकी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दिया था। राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को तीन विवादित कृषि कानूनों को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इन कानूनों से मंडियां खत्म हो जाएंगी और कृषि क्षेत्र कुछ बड़े उद्योगपतियों के नियंत्रण में चला जाएगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि ‘‘सालों पहले परिवार नियोजन का नारा था, हम दो हमारे दो। जैसे कोरोना दूसरे रूप में आता है, उसी तरह यह नारा फिर से आया है। यह हम दो, हमारे दो की सरकार है।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट भी किया था, ‘‘हम दो, हमारे दो’ की सरकार।’’ विज ने ट्वीट किया, ‘‘राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के बारे कहा है कि यह ‘हम दो, हमारे दो’ की सरकार है। राहुल गांधी शायद यह नहीं जानते कि ‘हम दो, हमारे दो’ का नारा तो उनकी दादी इंदिरा गांधी ने दिया था।

12 Feb, 21 : 03:50 PM

तमिलनाडु: पटाखा फैक्ट्री में आग

तमिलनाडु के विरुधुनगर की पटाखा फैक्ट्री आग लगने की खबर आई है। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। घटना के बारे में और सूचना का इंतजार है।



 

12 Feb, 21 : 02:18 PM

चंदा कोचर को कोर्ट ने दी सशर्त जमानत

आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर को कोर्ट ने सशर्त जमानत दे दी है। ये मामला आईसीआईसीआई बैंक-वीडियोकॉन मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। इसकी के तहत उनकी मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत में आज पेशी हुई थी। चंदा कोचर हालांकि कोर्ट से मंजूरी लिए बगैर देश नहीं छोड़ सकेंगी।

12 Feb, 21 : 01:51 PM

दिनेश त्रिवेदी ने राज्य सभा से इस्तीफे की घोषणा की

टीएमसी से राज्य सभा सांसद और पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी ने राज्य सभा से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। उन्होंने सदन में बहस के दौरान कहा, 'मेरे राज्य में हिंसा हो रही है। हम यहां कुछ बोल नहीं सकते हैं। मैं अपनी पार्टी के लिए आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे यहां भेजा। मुझे घुटन महसूस हो रही है कि हम राज्य में हो रही हिंसा पर कुछ नहीं कर पा रहे हैं। मेरी आत्मा कह रही है कि अगर तुम यहां बैठकर कुछ नहीं कर पा रहे हो तो तुम्हे इस्तीफा देना चाहिए। मैं पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए काम करता रहूंगा।'

12 Feb, 21 : 11:45 AM

हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस विधायक का निधन

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के फतेहपुर से कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन हो गया है। वे 78 साल के थे।



 

12 Feb, 21 : 10:20 AM

भारत में कोरोना के 9 हजार से अधिक नए मामले

भारत में कोरोना के 24 घंटे में 9309 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, 87 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में  15,858 लोग डिस्टार्ज भी किए गए हैं। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक अब तक भारत में कोरोना के कुल 1,08,80,603 केस आए हैं। इसमें 1,55,447 लोगों की मौत हुई है। वहीं, एक्टिव केस  1,35,926 है। कुल  1,05,89,230 लोग डिस्चार्ज किए गए हैं। अब तक देश में कुल 75,05,010 लोगों को कोरान की वैक्सीन लगाई गई है। 

12 Feb, 21 : 09:33 AM

राहुल गांधी ने चीन मसले पर कहा- 'पीएम मोदी कायर हैं'

राहुल गांधी की पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देख सकते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी कायर हैं, वह हमारे जवानों के बलिदान के साथ धोखा कर रहे हैं।

12 Feb, 21 : 09:29 AM

चीन मुद्दे पर राहुल गांधी का सरकार पर हमला

राहुल गांधी ने चीन के मसले नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा है। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपना सिर झुका लिया है, मत्था टेक लिया है। उन्होंने कहा- 'हमारी जमीन फिंगर 4 तक है। नरेंद्र मोदी ने फिंगर 3 से फिंगर 4 तक की जमीन चीन को दे दी है।'

राहुल गांधी ने राजनाथ सिंह के संसद में कल दिए बयान का भी जिक्र किया और कहा, रक्षा मंत्री ने देपसांग प्लेन्स के बारे में कुछ नहीं कहा, जहां से चीनी घुसे थे। सच्चाई ये है कि प्रधानमंत्री ने भारतीय क्षेत्र चीन को दे दिया है। उन्हें देश को जवाब देना चाहिए।'

12 Feb, 21 : 08:52 AM

राजस्थान में भूकंप

राजस्थान के बीकानेर में भूकंप के झटके आज सुबह महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 मापी गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने ये जानकारी दी है। इस बीच मिली जानकारी के अनुसार झटके बीकानेर से 420 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में महसूस किए गए हैं। भूकंप के झटके सुबह 8.01 बजे महसूस किए गए।

12 Feb, 21 : 08:40 AM

पश्चिम बंगाल में लेफ्ट फ्रंट का आज बंद

पश्चिम बंगाल में आज वाम संगठनों ने बंद बुलाया है। ये बंद लेफ्ट और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर एक मार्च के दौरान हुए पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ बुलाया गया है। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और लेफ्ट मिलकर इस बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ टीएमसी और बीजेपी के बीच देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई के महीने में चुनाव हो सकते हैं। 


 

Web Title: aaj ka taja samachar aaj ki taja khabar 12 february 2021 live update latest news in hindi

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे