बिहार के लखीसराय का एक युवक रातों रात बना खरबपति, बैंक अकाउंट में अथाह पैसा देख हुआ फरार
By एस पी सिन्हा | Updated: August 8, 2022 19:54 IST2022-08-08T19:54:33+5:302022-08-08T19:54:33+5:30
इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किसने भेजी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। युवक अब आरटीआई के जरिए यह जानने में लगा है कि ये इतनी बड़ी रकम उसके खाते में अचानक आई कहां से?

बिहार के लखीसराय का एक युवक रातों रात बना खरबपति, बैंक अकाउंट में अथाह पैसा देख हुआ फरार
पटना:बिहार के लखीसराय निवासी एक युवक अचानक खरबपति बन गया। सबसे मजेदार बात यह है कि इतने रुपए अपने अकांउट मे देख वह अपने पूरे परिवार को लेकर फरार हो गया। इतनी बड़ी रकम कहां से आई और किसने भेजी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। युवक अब आरटीआई के जरिए यह जानने में लगा है कि ये इतनी बड़ी रकम उसके खाते में अचानक आई कहां से?
वहीं, लोगों का कहना है कि किसान सुमन कुमार शेयर मार्केट में पैसे लगाता है। अचानक जब इतनी बड़ी रकम उसके खाते में ट्रांसफर हुई तो वह दंग रह गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़हिया निवासी सुमन ने जब अपना अकाउंट देखा तो उसे कुछ समझ में नहीं आया। वह खरबपति बन चुका था। उसने बताया कि उसके ट्रेडिंग अकाउंट में 26 जुलाई को सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर एक खरब 68 अरब, 33 करोड़, 42 लाख, 58 हजार चार सौ रुपये और 10 पैसा आ गया।
सुमन ने कहा कि उनके खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे और कहां से आयी, इसका उन्हें कोई पता नहीं है। यहां तक कि उनके खाते में एक खरब रुपये से ज्यादा की राशि आ गई, लेकिन वह उस खाते में कोई रकम भी नहीं निकाल सकता है। उसके लिए यह बड़ी मुसीबत का सबब बन गया है।
सुमन ने आरटीआई के माध्यम से कोटक सिक्योरिटी से सवाल किया है कि इस राशि का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही राशि का स्वामित्व किसका है, इसका भी विवरण मांगा है।
सुमन ने कहा कि अगर उन्हें उक्त राशि के बारे में कंपनी ने सही जानकारी नहीं दी तो वे उपभोक्ता अदालत भी जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह राशि उनकी नहीं है, जिस वजह से वे राशि को नहीं निकाल रहे हैं।