ओडिशा के तोक्यो ओलंपिक नायकों का गृह जिले में गर्मजोशी से स्वागत
By भाषा | Updated: August 22, 2021 00:21 IST2021-08-22T00:21:45+5:302021-08-22T00:21:45+5:30

ओडिशा के तोक्यो ओलंपिक नायकों का गृह जिले में गर्मजोशी से स्वागत
हाल में संपन्न तोक्यो ओलंपिक में भारतीय दल में शामिल ओडिशा के चार हॉकी खिलाड़ियों का शनिवार को उनके गृह जिले सुंदरगढ़ में जोरदार स्वागत किया गया। उनका अभिनंदन करने के लिए सैकड़ों लोग सड़कों पर खड़े थे, जब वे झारसुगुड़ा हवाई अड्डे से अपने घर जा रहे थे। सुंदरगढ़ के जिलाधिकारी निखिल पवन कल्याण ने कहा कि ओलंपियन दीप ग्रेस इक्का, नमिता टोप्पो, अमित रोहिदास और विरेंद्र लकड़ा का वीर सुरेंद्र साई (वीएसएस) हवाई अड्डे पर स्थानीय लोगों ने मालों और गुलदस्तों से स्वागत किया। वहां उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद थे। सुंदरगढ़ शहर के पारिजात पार्क से एक जुलूस निकाला गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने प्रशंसकों और समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिनंदन स्वीकार किया। इक्का और टोप्पो भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य थीं, जो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही। वहीं पुरुष टीम ने 41 साल के बाद कांस्य पदक जीता। सुंदरगढ़ जिला प्रशासन की ओर से दिन में चारों खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अन्य लोगों के अलावा, पूर्व भारतीय कप्तान और ओडिशा हॉकी संवर्धन परिषद के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।