मजदूर पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज
By भाषा | Updated: April 2, 2021 22:49 IST2021-04-02T22:49:41+5:302021-04-02T22:49:41+5:30

मजदूर पर नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज
होशियारपुर, दो अप्रैल पंजाब के होशियारपुर जिले के छब्बेवाल पुलिस थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले एक प्रवासी मजदूर के खिलाफ कथित तौर पर 15 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि पीड़ित के पिता की शिकायत के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मूल निवासी मजदूर विकास ने करीब नौ महीने पहले शादी का वादा कर उसकी बेटी से शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग ने 22 मार्च को एक लड़के को जन्म दिया। विकास ने शादी से इनकार कर दिया जिसके बाद लड़की के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
छब्बेवाल पुलिस थाने के प्रभारी प्रदीप कुमार ने कहा कि विकास के खिलाफ शुक्रवार को दुष्कर्म और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) कानून की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।