भारतीय नौसेना के 98 साल के रिटायर्ड सिपाही ने कोविड-19 को दी मात, डिस्चार्ज होने पर अस्पताल ने दिया ग्रैंड फेयरवेल
By सुमित राय | Updated: August 16, 2020 14:26 IST2020-08-16T14:26:11+5:302020-08-16T14:26:11+5:30
भारतीय नौसेना के 98 साल के रिटायर्ड सिपाही ने कोरोना वायरस के खिलाफ जंग जीत ली है और उन्हें अस्पताल ने डिस्चार्ज होने पर ग्रैंड फेयरवेल दिया।

भारतीय नौसेना के 98 साल के रिटायर्ड सिपाही रामू लक्ष्मण सकपाल ने कोविड-19 को मात दी। (फोटो सोर्स- एएनआई)
उम्र सिर्फ एक संख्या है और इसे 98 साल के भारतीय नौसेना के रिटायर्ड सिपाही रामू लक्ष्मण सकपाल ने साबित किया है, जिन्होंने कोविड-19 के खिलाफ जंग जीत ली है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कुछ हफ्ते पहले रामू लक्ष्मण सकपाल को कोविड-19 से पॉजिटिव पाए जाने के बाद गंभीर अवस्था में मुंबई के आईएनएचएस असविनी अस्पताल में भर्ती कराया गया और अब वह पूरी तरह ठीक हो गए हैं।
अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद सकपाल को निमोनिया भी हो गया था। इस बात की जानकारी भारतीय नौसेना ने दी है। नौ सेना ने बताया कि उनके ठीक होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर उन्हें ग्रैंड फेयरवेल दिया गया।
भारतीय नौसेना ने बयान जारी कर बताया, "नेरुल के रहने वाले एक 98-वर्षीय युद्ध के दिग्गज सिपाही रामू लक्ष्मण सकपाल (सेवानिवृत्त) को एक गंभीर अवस्था में नौसेना अस्पताल शिप असविनी में भर्ती कराया गया था। कुछ सप्ताह पहले COVID-19 के कारण उन्हें निमोनिया भी हो गया था। उनका उचित रूप से ख्याल रखा गया और जल्द ही कोरोना वायरस से उबर गए।"
नौसेना ने आगे कहा, "सिपाही रामू लक्ष्मण सकपाल को ठीक होने के बाद आईएनएचएस असविनी से डिस्चार्ज होने पर फेयरवेल दिया गया। आईएनएचएस असविनी नौसेना, सेना, वायुसेना और तटरक्षक बल के लोगों की सेवा में लगा हुआ है।"
Sepoy Ramu Laxman Sakpal (Retd) was accorded a warm farewell at INHS Asvini, the primary naval healthcare centre in the war against COVID-19 & managing the care of serving & retired COVID-19 patients from Navy, Army, Air Force & Coast Guard: Indian Navy https://t.co/2CwfjMdrlw
— ANI (@ANI) August 16, 2020
भारत में कोविड-19 के 6.77 लाख एक्टिव केस मौजूद
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देशभर में 25 लाख 89 हजार 682 लोग कोविड-19 की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें से 18 लाख 62 हजार 258 लोग ठीक हो चुके हैं और 49 हजार 980 लोगों ने इस महामारी के कारण अपनी जान गंवाई है। भारत में कोविड-19 के 6 लाख 77 हजार 444 एक्टिव कैस मौजूद हैं।