लाइव न्यूज़ :

टीकाकरण के बाद संक्रमित होने पर अस्पताल में भर्ती होने का जोखिम 75-80 प्रतिशत कम: सरकार

By भाषा | Updated: June 18, 2021 21:25 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 18 जून सरकार ने शुक्रवार को कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अध्ययनों से पता चला है कि टीकाकरण के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर अस्पताल में भर्ती होने का जोखिम 75-80 प्रतिशत कम हो जाता है ।

नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ वी के पॉल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उच्च जोखिम वाले समूह में आने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के बीच किये गये इन अध्ययनों से यह भी पता चलता है कि आईसीयू में भर्ती होने का जोखिम केवल छह प्रतिशत रहता है और संक्रमण के खिलाफ सुरक्षा 94 प्रतिशत है।

उन्होंने कहा , ‘‘टीकाकरण से हजारों स्वास्थ्य कर्मियों की जान बचाई गई है। अध्ययनों से पता चला है कि टीकाकरण के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर अस्पताल में भर्ती होने का जोखिम 75-80 प्रतिशत कम हो जाता है और ऑक्सीजन की आवश्यकता घटकर आठ प्रतिशत रह जाती है। आईसीयू में भर्ती होने का जोखिम केवल छह प्रतिशत रहता है और संक्रमण के खिलाफ सुरक्षा 94 प्रतिशत है।’’

पॉल ने कहा कि एक विशेष अध्ययन में, सात हजार मामलों में से एक की मौत हुई थी और यह इसलिए था क्योंकि वह व्यक्ति गंभीर बीमारियों से ग्रस्त था। उन्होंने कहा, ‘‘अन्य देशों में भी इसी तरह के अध्ययनों से पता चला है कि टीके से सुरक्षा मिलती है। मैं लोगों से अनुरोध करता हूं कि कृपया टीके को स्वीकार करें और संकोच न करें ... लोग इसके बाद भी संक्रमित हो सकते हैं लेकिन यह गंभीर नहीं होगा, जान नहीं जाएगी और टीकाकरण से हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है।’’

उन्होंने कहा कि यह देखा गया है कि बच्चों में संक्रमण हुआ है, लेकिन उनके बीच यह हल्का रहा और लेकिन अगर वायरस अपना व्यवहार बदलता है तो उसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई है। पॉल ने कहा कि 21 जून से, टीकाकरण के लिए नए दिशानिर्देश लागू किए जाएंगे, जिसके तहत केंद्र द्वारा 75 प्रतिशत टीके खरीदे जाएंगे और राज्यों को मुफ्त वितरित किए जाएंगे और 25 प्रतिशत की खरीद में निजी क्षेत्र की भूमिका ‘‘अच्छी तरह से स्पष्ट’’ है।

स्कूलों को फिर से खोलने पर, उन्होंने कहा कि कई कारकों को ध्यान में रखना होगा जैसे कि शिक्षक हैं, सहायक हैं और सामाजिक दूरी कम होने का भी एक पहलू है। उन्होंने कहा कि इस पर विचार करने की जरूरत है और कई अन्य मुद्दे भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हमें अधिक जानकारी मिलती है, हम आवश्यक कदम उठा सकते हैं, लेकिन यह ध्यान में रखा जाना चाहिए कि अन्य देशों में स्कूल फिर से खुल गए और फिर संक्रमण फैला। हम अपने छात्रों और शिक्षकों को उस स्थिति में तब तक नहीं डाल सकते जब तक हमें यह विश्वास नहीं हो जाता कि महामारी हमें नुकसान नहीं पहुंचाएगी।’’

स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में सात मई को सामने आए कोरोना के सबसे ज्यादा मामलों के बाद से दैनिक मामलों में लगभग 85 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि देश में 10 मई को दर्ज सर्वाधिक उपचाराधीन मरीजों के मुकाबले कोविड-19 के ऐसे मरीजों की संख्या में करीब 78.6 प्रतिशत की गिरावट आई है।

उन्होंने कहा कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 7,98,656 हो गई हैं जबकि स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर में सुधार हुआ है और यह 96.03 प्रतिशत हो गयी है। अग्रवाल ने कहा कि कोविड-19 के मामलों की साप्ताहिक संक्रमण दर में 81 प्रतिशत की तीव्र कमी दर्ज की गई और यह 30 अप्रैल से छह मई के बीच सर्वाधिक 21.6 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि देश के 513 जिलों में कोविड-19 संक्रमण दर पांच प्रतिशत से कम है।

अग्रवाल ने लोगों से जितना संभव हो सके घर के अंदर रहने और आवश्यक होने पर ही बाहर निकलने का आग्रह किया। उन्होंने कोविड के उचित व्यवहार का पालन करने और प्राथमिकता समूहों वाले लोगों के 100 प्रतिशत टीकाकरण पर जोर दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टTamil Nadu: 6 साल बाद मिला न्याय! पिता-पुत्र की हिरासत में मौत केस में 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड

विश्वVIDEO: पनामा नहर के पास ब्लास्ट, आसमान में दिखा धुएं का गुबार, कई घायल

कारोबारPetrol, Diesel Price Today: ईंधन की कीमतों ने बढ़ाई टेंशन! क्या भारत में महंगा हो गया पेट्रोल और डीजल? जानें

क्राइम अलर्टकोई इतना अमानवीय और क्रूर कैसे हो सकता है?

विश्व‘एलिमेंट्‌स’ को बचानेवाले फारसी विद्वान और यूक्लिड से प्रेरित शरलॉक 

भारत अधिक खबरें

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे