दिल्ली में कोविड-19 के 69 नये मामले सामने आये, संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत
By भाषा | Updated: December 17, 2021 22:37 IST2021-12-17T22:37:18+5:302021-12-17T22:37:18+5:30

दिल्ली में कोविड-19 के 69 नये मामले सामने आये, संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत
नयी दिल्ली, 17 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को कोविड-19 के 69 नये मामले सामने आये। वहीं संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत रही जबकि संक्रमण से किसी की मृत्यु नहीं हुई। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़े से मिली।
दिल्ली में कुल मामलों की संख्या 14,42,004 है। 14.16 लाख से ज्यादा मरीज संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।
दिल्ली में मृतक संख्या 25,100 है।
दिसंबर में अभी तक कोरोना वायरस से दो मौतें हुई हैं। एक मरीज की मृत्यु 6 दिसंबर जबकि एक की मृत्यु 8 दिसंबर को हुई थी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस साल नवंबर में दिल्ली में कोविड-19 से सात मौतें हुईं थीं, जो राष्ट्रीय राजधानी में पिछले तीन महीनों में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली सबसे अधिक मौतें थीं। दिल्ली में अक्टूबर में संक्रमण से चार मौतें और सितंबर में पांच मौतें हुई थीं।
स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, शुक्रवार को संक्रमण दर 0.12 प्रतिशत थी। बुलेटिन के अनुसार एक दिन पहले कुल 57,298 जांच की गई थीं जिसमें से 51,813 आरटी-पीसीआर और 5,485 रैपिड एंटीजन जांच थीं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।