तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में 45 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
By भाषा | Updated: June 21, 2021 16:33 IST2021-06-21T16:33:08+5:302021-06-21T16:33:08+5:30

तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में 45 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
बिलासपुर (छत्तीसगढ़), 21 जून छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तीन साल की बालिका से बलात्कार के मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि जिले के कोटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शिव प्रसाद मार्को को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस महीने की 18 तारीख को मार्को बालिका को टीवी दिखाने के बहाने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि बालिका की दादी ने घर में बालिका को नहीं देखा तब उन्होंने उसकी खोज शुरू की। जब वह मार्को के घर पर पहुंची तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने (दादी ने) दरवाजे के सुराख से देखा। तब दादी को घटना की जानकारी मिली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्ची की दादी के शोर मचाने पर मार्को ने दरवाजा खोला। तब तक बच्ची बेहोश हो गई थी। बाद में दादी बच्ची को लेकर घर पहुंची और बच्ची के माता पिता को घटना की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्ची के परिजनों ने 19 जून की रात में कोटा थाना पहुंचकर मार्को के खिलाफ मामला दर्ज कराया। कोटा पुलिस ने शिव प्रसाद मार्को को 20 जून की सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मार्को के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।