भारत में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और देश में अब तक कोविड-19 की चपेट में 13.85 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि इसके बीच अच्छी खबर है कि लोग लगातार ठीक भी हो रहे हैं और रविवार को जारी आंकड़े के अनुसार 24 घंटे में कोविड-19 से पीड़ित 36145 लोग ठीक हुए। एक दिन में इस संक्रमण से ठीक होने वाले लोगों की यह संख्या सर्वाधिक है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि ठीक होने वाले लोगों की दर बढ़कर 63.92 फीसदी हो गई है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि कोविड-19 के कारण मरने वालों की दर भी गिरकर 2.31 फीसदी रह गई है। रविवार को देश में कोविड-19 के मामले 13 लाख 85 हजार 522 पर पहुंच गए तथा ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी बढ़कर 8 लाख 85 हजार 576 हो गई।
एक्टिव मरीजों से 1.89 गुना अधिक लोग हो चुके हैं ठीक
मंत्रालय ने बताया कि अब ठीक होने वाले लोगों की संख्या इलाज करवा रहे मरीजों के मुकाबले 4 लाख 17 लाख 694 अधिक है। मंत्रालय ने बताया, "इलाज करवा रहे मरीजों की तुलना में ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 1.89 गुना अधिक है।"
एक दिन में रिकॉर्ड 4 लाख 40 हजार नमूनों की जांच
देश में एक दिन के भीतर रिकॉर्ड 4 लाख 40 हजार से अधिक जांच की गई, इसके साथ अब तक देश में कोविड-19 की 1.6 करोड़ से अधिक जांच हो चुकी है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "पहली बार सरकारी प्रयोगशालाओं ने रिकॉर्ड 3 लाख 62 हजार 153 नमूनों की जांच की। निजी प्रयोगशालाओं ने भी एक दिन में 79 हजार 878 नमूनों की जांच की।" मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 के कारण सबसे कम मृत्यु दर वाले देशों में भारत भी शामिल है।
देश में कोरोना वायरस 4.67 लाख एक्टिव केस मौजूद
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में अब तक 13 लाख 85 हजार 522 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 32 हजार 63 लोग इस महामारी के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। भारत में अब तक 8 लाख 85 हजार 576 लोग कोविड-19 से ठीक हुए हैं, जबकि 4 लाख 67 हजार 882 एक्टिव केस मौजूद हैं।