कर्नाटक मंत्रिमंडल में 29 मंत्री शामिल होंगे, कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा : बोम्मई

By भाषा | Updated: August 4, 2021 13:13 IST2021-08-04T13:13:01+5:302021-08-04T13:13:01+5:30

29 ministers will be included in Karnataka cabinet, there will be no deputy chief minister: Bommai | कर्नाटक मंत्रिमंडल में 29 मंत्री शामिल होंगे, कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा : बोम्मई

कर्नाटक मंत्रिमंडल में 29 मंत्री शामिल होंगे, कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा : बोम्मई

बेंगलुरु, चार अगस्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बुधवार को कहा कि उनके नए मंत्रिमंडल में बुधवार दोपहर को 29 मंत्री शामिल किए जाएंगे और इस बार कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के छोटे बेटे और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र उन मंत्रियों में शामिल नहीं हैं जो शपथ लेंगे।

बोम्मई ने कहा, ‘‘मैंने मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में दिल्ली में आलाकमान के साथ विस्तृत बातचीत की। गत रात अंतिम दौर की चर्चा के बाद आज सुबह सूची को अंतिम रूप दिया गया। मैंने सूची राज्यपाल को भेज दी और उनसे बात की।’’

यहां पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुल 29 मंत्री श्पथ लेंगे और बी एस येदियुरप्पा के नेतृत्व वाले पिछले मंत्रिमंडल में तीन उपमुख्यमंत्री थे लेकिन इस बार आलाकमान के निर्देशों के अनुसार कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल में अनुभवी और नए दोनों मंत्री शामिल होंगे।’’ उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में सात मंत्री अन्य पिछड़ा वर्ग से, तीन अनुसूचित जाति के, एक अनुसूचित जनजाति का, सात वोक्कालिगा समुदाय के, आठ लिंगायत समुदाय के, एक रेड्डी समुदाय का और एक महिला भी होगी।

राज्यपाल थावरचंद गहलोत राजभवन में दोपहर दो बज पंद्रह मिनट पर नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज भवन औपचारिकता के अनुसार नए मंत्रियों के नामों की सूची आधिकारिक रूप से जारी करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ उन्होंने और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कई दौर की बातचीत के बाद सूची तैयार की है। उन्होंने कहा, ‘‘किसी के दबाव का कोई सवाल ही नहीं है। व्यापक सोच के बाद नामों की सूची तैयार की गयी है।’’

विजयेंद्र को मंत्रिमंडल में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने येदियुरप्पा से बात की और राष्ट्रीय महासचिव तथा पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी अरुण सिंह ने निजी तौर पर विजयेंद्र से बात की। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस यह कह सकता हूं कि विजयेंद्र का नाम आज सूची में नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि जन समर्थक प्रशासन देने और आगामी चुनावों का सामना करने के मकसद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के मार्गदर्शन में मंत्रिमंडल का गठन किया जा रहा है।

बोम्मई ने कहा कि नया मंत्रिमंडल लोगों की आवश्यकताओं पर ध्यान देगा, उनका विश्वास हासिल करेगा और सुशासन देगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल गठन के संबंध में कोई भ्रम नहीं था। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है जिसका मजबूत नेतृत्व है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: 29 ministers will be included in Karnataka cabinet, there will be no deputy chief minister: Bommai

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे