लाइव न्यूज़ :

कर्नाटक के चामराजनगर जिला अस्पताल में 24 मरीजों की मौत

By भाषा | Updated: May 3, 2021 22:39 IST

Open in App

बेंगलुरु, तीन मई कर्नाटक के चामराजनगर में कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी के चलते पिछले 24 घंटे में 24 मरीजों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कोविड-19 के 23 मरीज शामिल हैं।

सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और जांच अधिकारी के तौर पर आईएएस अधिकारी शिवयोगी कलसाड को नियुक्त किया है।

घटना के बाद मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने ऑक्सीजन उत्पादकों के साथ बैठक की जहां केंद्र द्वारा राज्य को आवंटित ऑक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई निर्णय किए गए।

इन निर्णयों में ऑक्सीजन टैंकर भरने में लिया जाने वाला समय कम करना, ऑक्सीजन टैंकर के तेजी से आवागमन के लिए ग्रीन कोरीडोर बनाना और टोल गेट पर अनावश्यक विलंब से बचना शामिल है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. के. सुधाकर ने कहा कि ऑक्सीजन की कमी से केवल तीन लोगों की मौत हुई, न कि 24 लोगों की। बहरहाल, उन्होंने कहा कि जांच से सच्चाई का पता चलेगा।

कांग्रेस ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘‘‘सिस्टम’ के जागने से पहले लोगों को और कितनी पीड़ा सहनी पड़ेगी?’’

चामराजनगर जिला अस्पताल में मातम पसरा हुआ है जहां खबर सुनने के बाद मृतकों के परिजन रोते-बिलखते नजर आए।

मृतकों के परिवारों ने अस्पताल में प्रदर्शन भी किया और आरोप लगाया कि यहां ऑक्सीजन की कमी थी । उन्होंने वहां नारेबाजी की।

सुधाकर ने चामराजनगर में संवाददाताओं से कहा कि अस्पताल में कोविड-19 के 123 मरीज भर्ती थे।

उन्होंने कहा, ‘‘इनमें से 14 वेंटिलेटर पर हैं, 36 नॉन इनवेसिव वेंटिलेटर पर हैं, 58 हाई ब्लो ऑक्सीजन पर हैं और 29 सामान्य ऑक्सीजन पर है।’’

सुधाकर के मुताबिक पिछले 14 से 18 दिनों से जिन 14 लोगों का इलाज चल रहा था उनकी मौत रविवार सुबह सात बजे से मध्य रात्रि के 12 बजे के बीच कोरोना वायरस के कारण हुई।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मध्य रात्रि 12 बजे से सुबह तीन बजे तक तीन लोगों की मौत हुई। सुबह तीन बजे से सुबह सात बजे के बीच सात लोगों की मौत हुई। जिला के अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के हमारे अधिकारियों और चिकित्सकों के मुताबिक तीन लोगों की मौत ऑक्सीजन की कमी के चलते हुई।’’

उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में 23 लोगों की मौत जिला अस्पताल में हुई और एक व्यक्ति की कामगेरे गांव में हुई।

चामराजनगर के जिला प्रभारी मंत्री एस सुरेश कुमार ने कहा कि उन्होंने घटना में जिला प्रशासन से मौत की ऑडिट रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया है।

वह इस बात पर कायम रहे कि सभी मौतें ऑक्सीजन की कमी की वजह से नहीं हुई हैं।

कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा, “यह कहना सही नहीं होगा कि सभी 24 मौत ऑक्सीजन की कमी की वजह से हुई हैं। ये मौतें रविवार सुबह से आज सुबह तक हुई हैं। ऑक्सीजन की कमी रविवार देर रात 12:30 बजे से 2:30 के बीच हुई थी।”

सुरेश कुमार ने कहा कि मौत की ऑडिट रिपोर्ट से पता चलेगा कि ये मरीज किस बीमारी से ग्रस्त थे, उन्हें कोई और गंभीर बीमारियां थी और उन्हें किस स्थिति में अस्पताल लाया गया था।

उन्होंने कहा, “जितने भी लोगों की मौत हुई है जरूरी नहीं कि सभी की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई हो।”

उन्होंने कहा कि 6,000 लीटर तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन थी लेकिन ऑक्सीजन सिलेंडरों की जरूरत थी।

कुमार ने कहा, “ये सिलेंडर मैसुरु से आने वाले थे लेकिन कुछ समस्या हो गई।”

उन्होंने कहा कि उन्होंने यह स्थिति राज्य के मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के निजी सचिव और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रताप रेड्डी को भी समझाई जो राज्य में ऑक्सीजन आपूर्ति के प्रभारी हैं।

कुमार ने कहा, “मैंने अधिकारियों को चामराजनगर जिले में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए स्थायी समाधान खोजने को भी कहा है। मैसुरू में जरूर ही समस्या है लेकिन मैसुरु से चामराजनगर और मांड्या में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।”

मरीजों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए, मंत्री ने कहा कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए चामराजनगर जाएंगे।

मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने घटना के दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी और घटना पर दुख व्यक्त किया।

येदियुरप्पा ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और जो कोई भी जिम्मेदार होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि इस तरह की घटना भविष्य में कभी नहीं हो।’’

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘ये मौतें हैं या हत्या? इनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ‘सिस्टम’ के जागने से पहले लोगों को और कितनी पीड़ा सहनी पड़ेगी?’’

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा कि राज्य की सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है और किसी तरह की जिम्मेदारी नहीं ले रही है।

राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने इन मौतों की न्यायिक जांच की मांग की।

गौरतलब है कि आज की घटना से पहले मुंबई में मार्च में कोविड अस्पताल में लगी आग में नौ लोगों की मौत हो गई थी।

नासिक के सिविल अस्पताल में मुख्य ऑक्सीजन भंडार में गड़बड़ी आने के कारण ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने से 22 ऐसे रोगियों की दम घुटकर मौत हो गई थी जो या तो वेंटिलेटर पर थे या ऑक्सीजन सपोर्ट पर।

इसी तरह अप्रैल में महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक निजी अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में आग लगने से कोरोना वायरस के 15 रोगियों की मौत हो गई थी।

दिल्ली में बत्रा अस्पताल में शनिवार को कथित तौर पर ऑक्सीजन की कमी के चलते एक वरिष्ठ चिकित्सक सहित कोविड-19 से पीड़ित 12 रोगियों की मौत हो गई।

आंध्रप्रदेश के विजयनगरम में पिछले हफ्ते ऑक्सीजन आपूर्ति में गड़बड़ी के कारण तीन लोगों की मौत हो गई थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतWest Bengal Polls 2026: ममता बनर्जी ने भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल किया, जानें चुनावी समीकरण

स्वास्थ्यसन फार्मा ने लॉन्च किया ‘हार्ट के लिए 8- मेकिंग इंडिया हार्ट स्ट्रॉन्ग’ कैंपेन, दिल के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए भारतीयों से रोजाना में अच्छी आदतें अपनाने का आग्रह

क्रिकेटDC vs GT, IPL 2026: दिल्ली में बादलों का डेरा, जानें DC vs GT मैच में बारिश खेल बिगाड़ेगी या नहीं?

कारोबारRBI MPC Meeting: रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, आरबीआई ने 5.25% को रखा बरकरार; नहीं बढ़ेगी आपकी ईएमआई

भारतनहीं रहीं मोहसिना किदवई, उत्तर प्रदेश से लेकर केंद्र की राजनीति तक, 5 दशकों तक छाई रहने वाली कांग्रेस दिग्गज नेता का निधन

भारत अधिक खबरें

भारतDC vs GT, IPL 2026: फ्री होकर देखिए मैच, दिल्ली मेट्रो देर रात तक पहुंचाएंगी घर, DMRC ने बदली अपनी टाइमिंग

भारतनिजी जासूसी एजेंसियों को लेकर नई चिंताएं

भारतपंजाब में अमित शाह का प्रतिभा खोज अभियान?, आरिफ मोहम्मद खान ढाका जाएंगे!

भारतNagpur: पवनी सफारी में दिखा दुर्लभ ‘काला चीतल’, पर्यटकों में बढ़ा रोमांच

भारत‘अपने स्तर को नीचे न गिराएं’: मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘गुजरात के लोग अनपढ़ हैं’ वाले बयान पर शशि थरूर की सलाह