2022 गुजरात विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ूंगा, जिग्नेश मेवानी बोले- अभी शामिल नहीं हुआ लेकिन देश भर में करेंगे प्रचार
By सतीश कुमार सिंह | Updated: September 28, 2021 21:46 IST2021-09-28T19:05:48+5:302021-09-28T21:46:42+5:30
भारतीय जनता पार्टी शासित गुजरात में अगले साल (2022) होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह घटनाक्रम हुआ है।

जिग्नेश गुजरात के वडगाम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक हैं।
नई दिल्लीः जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार आखिरकारकांग्रेस में शामिल हो गए। गुजरात से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी भी ‘वैचारिक रूप से’ कांग्रेस के साथ जुड़े, हालांकि विधायक होने के कारण कुछ तकनीकी मुद्दों के मद्देनजर आने वाले दिनों में वह औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी ने कहा कि 2022 गुजरात विधानसभा चुनाव कांग्रेस चुनाव चिह्न से लड़ेंगे। देश भर में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे। कांग्रेस मुख्यालय पर मेवानी ने कहा कि वैचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो गया हूं लेकिन औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल होना बाकी है। अगला गुजरात विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ूंगा।
CPI leader Kanhaiya Kumar and Gujarat MLA Jignesh Mewani joins Congress in the presence of Rahul Gandhi in New Delhi pic.twitter.com/7t0tf8lqmp
— ANI (@ANI) September 28, 2021
शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर युवा नेता ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में देश की सबसे पुरानी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास ने संवाददाता सम्मेलन में दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया।
वेणुगोपाल ने कहा कि कन्हैया कुमार देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। उनके शामिल होने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा। जिग्नेश जी के भी शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। " भगत चरण दास ने कहा, " कन्हैया और जिग्नेश ने भगत सिंह की जयंती पर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। दोनों ने कमजोर और बेसहारा लोगों की आवाज उठाई है। राहुल जी के साथ इन दोनों नेताओं का विचारधारा का मेल भी है। ये नेता कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण योगदान करेंगे।"
To save democracy and the idea of India, I have to be with a party that lead the Independence struggle and dragged the British out of the country. This is why I am here with the Congress today: Gujarat MLA Jignesh Mewani pic.twitter.com/9YPxDyw7mT
— ANI (@ANI) September 28, 2021
कन्हैया कुमार ने कहा कि नौजवानों को लगने लगा है कि कांग्रेस नहीं बचेगी तो देश भी नहीं बचेगा और ऐसे में वह लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कांग्रेस में शामिल हुए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में वैचारिक संघर्ष को कांग्रेस ही नेतृत्व ही दे सकती है। मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखने वाले कन्हैया जेएनयू में कथित तौर पर देशविरोधी नारेबाजी के मामले में गिरफ्तारी के बाद सुर्खियों में आए थे।
कन्हैया पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ भाकपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरे थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी तरफ, दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले जिग्नेश गुजरात के वडगाम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक हैं।