पाकिस्तान से रिहा होने के बाद 20 मछुआरे अपने गृह राज्य गुजरात पहुंचे, परिवारों से मिले
By भाषा | Updated: November 18, 2021 22:33 IST2021-11-18T22:33:12+5:302021-11-18T22:33:12+5:30

पाकिस्तान से रिहा होने के बाद 20 मछुआरे अपने गृह राज्य गुजरात पहुंचे, परिवारों से मिले
वेरावल (गुजरात), 18 नवंबर पाकिस्तान से रिहा होने के बाद गुजरात के 20 मछुआरे बृहस्पतिवार को गिर सोमनाथ जिले के तटीय शहर वेरावल पहुंच गए और अपने परिवारों से मिले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पाकिस्तान ने इन मछुआरों को गहरे समुद्र में पकड़ लिया था। वेरावल के मत्स्य पालन अधीक्षक के एम सिकोटरिया ने कहा कि वापस लौटे 20 मछुआरों में से 19 मछुआरे गिर सोमनाथ जिले के विभिन्न हिस्सों के हैं जबकि एक पड़ोसी पोरबंदर जिले का है।
मछुआरों के लिए एक भावुक क्षण था क्योंकि वे पाकिस्तान में कई साल तक जेलों में बंद रहने के बाद अपने परिवारों से मिल रहे थे।
सिकोटरिया ने संवाददाताओं से कहा "पाकिस्तान से उनकी रिहाई के बाद, उन्हें 15 नवंबर को अटारी सीमा पर राज्य के मत्स्य अधिकारियों को सौंप दिया गया और उन्हें ट्रेन से वडोदरा लाया गया। इसके बाद, उन्हें सड़क मार्ग से यहां लाया गया और सत्यापन के बाद उन्हें उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।’’
उन्होंने कहा कि गुजरात के करीब 580 मछुआरे और मछली पकड़ने वाली 1,148 नौकाएं अब भी पाकिस्तानी अधिकारियों की हिरासत में हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।