लाइव न्यूज़ :

उत्तराखंड में कोविड-19 के 180 मरीजों की मौत, 11-18 मई तक राज्य में कोविड कर्फ्यू लागू

By भाषा | Updated: May 9, 2021 23:35 IST

Open in App

देहरादून, नौ मई उत्तराखंड में रविवार को 5890 नए कोविड मरीज मिलने और एक ही दिन में सर्वाधिक 180 लोगों की मौत के भयावह आंकड़ों के सामने आने के बाद सरकार ने संपूर्ण राज्य में 11 से 18 मई तक सख्त कोविड कर्फ्यू लागू करने का निर्णय किया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से राज्य में महामारी के हालात की जानकारी ली।

इसी बीच, सोमवार से प्रदेश में 18-45 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण अभियान भी शुरू हो रहा है।

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रदेशवासियों के हित में आगामी मंगलवार से 18 मई की सुबह छह बजे तक संपूर्ण राज्य में सख्त कोविड कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने बताया कि इस अवधि में केवल सुबह सात से 10 बजे तक आवश्यक वस्तुओं जैसे फल, सब्जी, दूध, मांस आदि की दुकानें ही खुल सकेंगी। पूर्व में ये दुकानें अपराह्न 12 बजे तक खुल रही थीं। राशन की दुकानें इस दौरान केवल 13 मई को ही खोली जाएंगी।

उनियाल ने बताया कि इस अवधि में केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभाग ही खुलेंगे और उनमें भी 50 प्रतिशत कर्मचारियों को ही बुलाया जायेगा।

मंत्री ने बताया कि कोविड कर्फ्यू की स्थिति में लोग फिलहाल विवाह समारोह स्थगित करने का निर्णय अपने स्तर पर ले सकते हैं लेकिन ऐसा संभव न होने की स्थिति में उसमें केवल 20 लोगों के शामिल होने की अनुमति ही होगी।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार अंत्येष्टि में भी 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे।

इस दौरान, राज्य के अंदर आवागमन में बसों को 50 प्रतिशत यात्रियों को ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि, प्रमाण दिखाने पर लोग टीकाकरण के लिए जा सकेंगे।

राज्य में सभी शिक्षण संस्थान पूरी तरह से बंद रहेंगे। शराब की दुकानें और बार भी पूरी तरह से बंद रहेंगे। लेकिन बैंक तथा गैस एजेंसी को छूट दी गयी है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड के 5890 नए मरीज मिलने के साथ ही 180 मरीजों की महामारी से मृत्यु हो गयी जो एक दिन में अब तक हुई सर्वाधिक मौतें हैं। इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक 151 कोरोना संक्रमितों ने बृहस्पतिवार छह मई को दम तोड़ा था।

इन मौतों में से सर्वाधिक 86 अकेले देहरादून जिले में हुई हैं। इनको मिलाकर अब तक प्रदेश में 3728 मरीज कोविड-19 से अपनी जान गंवा चुके हैं।

यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में उपचाराधीन मामलों की संख्या 74115 हैं जबकि 161634 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं।

इस बीच, उत्तराखंड में 18-45 आयुवर्ग के लोगों के लिए सोमवार से कोविड टीकाकरण अभियान शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह सुबह देहरादून और उसके बाद हल्द्वानी में इस टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे।

इधर, दिन में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे फोन पर प्रदेश में कोविड की स्थिति के बारे में जानकारी ली और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

कोविड के खिलाफ लड़ाई में प्रधानमंत्री और केंद्र से मिले सहयोग के लिए आभार प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके नेतृत्व में हम कोविड से लड़ाई में अवश्य जीतेंगे।

रावत ने कहा कि कोविड-19 से लड़ाई में हम अपने सभी संसाधनों का उपयोग कर रहे हैं और इसमें धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि इसमें विभिन्न संगठनों, संस्थाओं और उद्योगों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वIran-US War: ईरान के सुप्रीम लीडर की हालत नाजुक? मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर चौंकाने वाला दावा

स्वास्थ्यJammu-Kashmir: जम्‍मू कश्‍मीर में कैंसर का बढ़ता बोझ, 2018 से कश्मीर में 50,000 से ज्‍यादा मामले सामने आए

विश्वईरान ने युद्धविराम से किया इनकार, समाधान के लिए रखा 10-सूत्रीय फॉर्मूला? जानें

भारत3 दिन के भारत दौरे पर बांग्लादेशी विदेश मंत्री, क्या सुलझेंगे पुराने मुद्दे? जानें क्या मुद्दे शामिल

क्राइम अलर्टTamil Nadu: 6 साल बाद मिला न्याय! पिता-पुत्र की हिरासत में मौत केस में 9 पुलिसकर्मियों को मृत्युदंड

भारत अधिक खबरें

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे