विमान में 169 यात्री, पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद बर्ड हीट शिकार इंडिगो फ्लाइट, इमरजेंसी लैंडिंग
By एस पी सिन्हा | Updated: July 9, 2025 16:36 IST2025-07-09T16:34:48+5:302025-07-09T16:36:33+5:30
पटना एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत का कार्य कर उड़ान के लिए फिट घोषित कर दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

file photo
पटनाःबिहार की राजधानी पटना में एक बडा विमान हादसा पायलट की सुजबूझ से टल गया। दरअसल, पटना एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ देर बाद दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 5009 एक पक्षी से टकरा गई। लेकिन पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और विमान को वापस पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड करा दिया गया। घटना के बाद यात्रियों में थोड़ी देर के लिए घबराहट का माहौल रहा, लेकिन विमान की सुरक्षित लैंडिंग ने सबको राहत दी। वहीं, एयरपोर्ट प्रशासन और विमान कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उनकी जरूरतों का ख्याल रखा। पटना एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान की तकनीकी जांच और मरम्मत का कार्य कर उड़ान के लिए फिट घोषित कर दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि विमान में कुल 169 यात्री सवार थे। पटना एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो फ्लाइट ने सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद, विमान लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी एक पक्षी से टकरा गया।
इस टक्कर से विमान के तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने तुरंत हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) से संपर्क किया और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। सुबह 10:00 बजे विमान को सुरक्षित रूप से पटना एयरपोर्ट पर उतारा गया।
पुलिस और हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि बर्ड हिट की वजह से विमान को नुकसान पहुंचा था। यह घटना हाल के महीनों में बिहार में बर्ड हिट की दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 2 जून 2025 को पटना से रांची जा रही इंडिगो फ्लाइट को गिद्ध से टकराने के कारण रांची में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।