मिजोरम में शरण लेने वाले म्यांमा के 2,200 से अधिक नागरिकों में से 14 जनप्रतिनिधि
By भाषा | Updated: April 12, 2021 23:17 IST2021-04-12T23:17:26+5:302021-04-12T23:17:26+5:30

मिजोरम में शरण लेने वाले म्यांमा के 2,200 से अधिक नागरिकों में से 14 जनप्रतिनिधि
आइजोल, 12 अप्रैल म्यांमा में गत फरवरी में सेना द्वारा किये गए तख्तापलट के बाद वहां से भागकर यहां शरण लेने वाले 2,200 से अधिक व्यक्तियों में कम से कम 14 जनप्रतिनिधि शामिल हैं। यह जानकारी पुलिस ने दी। ये सभी लोग वहां हिरासत से बचने के लिए भागकर यहां आये हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि म्यांमा संसद के 14 सदस्य चिन प्रांत और सागैंग क्षेत्र से हैं और वे नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) पार्टी से संबंधित हैं, जिसने नवंबर 2020 का चुनाव जीता था।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि म्यांमा के कम से कम 2,223 नागरिक मिजोरम में घुस आये हैं और वर्तमान में राज्य के विभिन्न हिस्सों में शरण लिये हुए हैं।
उन्होंने कहा कि 2,223 लोगों में से 80 फीसदी पुलिस कर्मचारी हैं, जबकि बाकी 20 फीसदी अन्य सरकारी कर्मचारी जैसे शिक्षक, दमकलकर्मी और नौकरशाह हैं।
उन्होंने कहा कि अधिकांश शरणार्थियों को स्थानीय गैर सरकारी संगठनों द्वारा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि कुछ को ग्रामीणों ने शरण दी है।
उन्होंने कहा कि चंफाई जिले में म्यांमा के सबसे अधिक 558 नागरिकों ने शरण ली है और उसके बाद सियाहा जिले में 414 लोगों ने शरण ली है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।