लाइव न्यूज़ :

उप्र में दीवार एवं मकान गिरने की घटनाओं में 12 लोगों की मौत, योगी ने राहत-बचाव के निर्देश दिए

By भाषा | Updated: September 17, 2021 19:08 IST

Open in App

(डेट लाइन में बदलाव एवं अतिरिक्त सामग्री के साथ)

लखनऊ, 17 सितंबर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़, अमेठी, सुलतानपुर और चित्रकूट जिलों के अलग-अलग स्थानों पर बारिश के कारण मकान और दीवार गिरने की घटनाओं में तीन मासूम बच्‍चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने राहत कार्य पूरी सक्रियता से संचालित करने तथा प्रभावितों को तत्परतापूर्वक मदद प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

प्रतापगढ़ पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को हुई लगातार बारिश के दौरान अंतू थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अंतू के नेवड़िया वार्ड में मकान गिरने व मलबे में दबने से चार वर्षीय अमित की मौत हो गई और इसी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में दीवार गिरने की घटना में ओम प्रकाश (50) की जान चली गई।

उन्होंने बताया कि वहीं, सागीपुर थाना क्षेत्र के बरेंद्र गांव मे दीवार गिरने से मलबे में दबकर कालिका (80) की मौत हो गई जबकि कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लौलीपोख्ता गांव में दीवार गिरने की घटना में कलावती (65) नामक महिला की मौत हो गयी।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली पट्टी थाना क्षेत्र के तरदहा गांव में मकान गिरने की घटना में चमेला देवी (54) और इसी थाना क्षेत्र के श्रीनाथपुर में मकान गिरने से कुसुम मौर्य (25) और थाना उदयपुर क्षेत्र के कुम्भी डीहा गांव में दीवार गिरने से अमरजीत सिंह (65) की मौत हो गयी।

इस बीच, अमेठी से मिली खबर के अनुसार जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर खदरी गांव में कच्ची दीवार गिरने से 52 वर्षीय व्यक्ति की मलबे में दबने से मौत हो गयी। अमेठी के उप जिलाधिकारी महात्मा सिंह ने बताया कि मधुपुर खदरी गांव में गयादीन (52) नाली की सफाई कर रहा था, उसी बीच कच्ची दीवार उसके ऊपर गिर गयी जिससे उसकी मौत हो गयी।

सुलतानपुर जिले में बीते 72 घंटों से रुक-रुककर हो रही झमाझम बारिश से कच्चे मकान से लेकर जर्जर हो चुके पक्के मकानों के गिरने का सिलसिला तेज हो चुका है, जिसके कारण जानमाल के साथ संपत्ति का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

गारवपुर पुलिस चौकी के प्रभारी अवनीश अवस्थी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात्रि चांदा थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में भारी बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवार गिरने से सूरजपाल (55) की दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि इस घटना में उसकी पांच बकरियों की भी दबकर मौत हो गई।

चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र के करही गांव में शुक्रवार की शाम एक कच्चा मकान ध्वस्त हो जाने पर उसके मलबे में दबकर एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गयी।

मऊ थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बारिश की वजह से जर्जर हुआ अजय सिंह का कच्चा मकान अचानक भरभरा कर ध्वस्त हो गया, जिसके मलबे के नीचे उसकी पत्नी यशोदा (25), उसका बेटा ऋषि (पांच) और बेटी रिया (तीन) दब गए और तीनों की मौत हो गई।

बृहस्पतिवार को भी राज्य में वर्षा जनित हादसों में करीब एक दर्जन लोगों के मरने की खबर आई थी।

एक सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर प्रदेश में अतिवृष्टि से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राहत कार्य पूरी सक्रियता से संचालित करने तथा प्रभावितों को तत्परतापूर्वक मदद एवं राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी जलभराव हुआ है, उन क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था की जाए। नगरीय निकायों द्वारा पूरी क्षमता के साथ जल निकासी के प्रबंध किए जायें और ग्रामीण इलाकों में भी इसी प्रकार जलजमाव की समस्या का समाधान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संक्रामक रोग न फैलने पाएं, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किये जायें। योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को सक्रियतापूर्वक पीड़ितों की मदद करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा है कि आपदा के प्रभावितों को तत्काल अनुमन्य आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।

मौसम विभाग के अनुसार आजमगढ़, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, कन्नौज, लखनऊ, अंबेडकर नगर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, उन्नाव, गोरखपुर, कानपुर देहात, इटावा, प्रयागराज, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, एटा, अमेठी संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, प्रतापगढ़ और सोनभद्र से बारिश की सूचना है।

गौरतलब है कि खराब मौसम को देखते हुए उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बृहस्पतिवार को राज्‍य के सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजे गये आदेश में कहा कि राज्य में अत्यधिक बारिश के कारण कक्षा एक से कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय, अशासकीय मान्‍यता प्राप्‍त एवं अन्‍य बोर्ड के विद्यालय 17 सितंबर, शुक्रवार एवं 18 सितंबर, शनिवार को बंद रहेंगे। राज्‍य में कक्षा आठ तक के स्‍कूल अब सोमवार से खुलेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

क्रिकेटकेकेआर के लिए सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच क्यों नहीं खेल रहे हैं? जानें कारण

विश्वखुफिया प्रमुख मेजर जनरल माजिद खादेमी की मौत, इजराइल-अमेरिका ने ईरान किया हमला, 25 मरे?, जवाब में ईरान ने पड़ोसी खाड़ी देशों पर मिसाइलें दागीं

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत अधिक खबरें

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos

भारतDelhi Assembly Security Breach: कार में सवार व्यक्ति ने कॉम्प्लेक्स का गेट तोड़कर पोर्च में रखा गुलदस्ता, वीडियो

भारतबिहार में शराबबंदी कानून को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उठाया सवाल, कहा- बिहार में 40 हजार करोड़ रुपये की एक समानांतर अवैध अर्थव्यवस्था खड़ी हो गई है

भारतमुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने जदयू नेताओं ने लगाया निशांत कुमार जिंदाबाद, CM भी मुस्कुराए