Coronavirus in India: इन 12 जिलों में 28 दिनों से नहीं आया कोरोना का कोई मामला, 78 जिलों में पिछले 14 दिनों से कोई नया केस नहीं
By सुमित राय | Updated: April 23, 2020 18:08 IST2020-04-23T18:00:43+5:302020-04-23T18:08:23+5:30
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के 78 जिलों में पिछले 14 दिनों से कोई कोरोना का नया मामला नहीं आया है, जबकि 12 जिलों में 28 दिनों से कोई नया केस नही आया है।

लव अग्रवाल ने बताया कि 12 जिलों में 28 दिनों से कोई मामला नहीं आया है। (फोटो सोर्स- एएनआई)
कोरोना वायरस का संक्रमण भारत में लगातार बढ़ता जा रहा है और देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 21700 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 12 जिलों में पिछले 28 दिनों से कोई नया मामला सामने नहीं आया है, जबकि 78 जिले ऐसे हैं जहां 14 दिनों से कोरोना का कोई केस नहीं आया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, "पहले चार जिले थे, जहां पिछले 28 दिनों से कोई केस नहीं आया था, अब इसमें 8 नए जिले जुड़ गए हैं, जहां 28 दिनों को कोरोना का कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है।"
उन्होंने बताया, "कर्नाटक के चित्रदूर्ग, छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, मणिपुर के इम्फाल वेस्ट, मिजोरम के आइजोल वेस्ट, तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडम, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत, पंजाब के एसबीएस नगर और गोवा के साउथ गोवा में पिछले 28 दिनों में कोरोना का नया मामला नहीं आया है।"
बता दें कि पहले पुडुचेरी के माहे, कर्नाटक के कोडगु, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल और राजस्थान क प्रतापगढ़ ऐसे चार जिले थे, जहां 28 दिनों से कोरोना का नया पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया था।
इसके साथ ही लव अग्रवाल ने बताया कि अब देश में 23 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के 78 जिले ऐसे भी हैं जहां पिछले 14 दिनों से कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
As on today, we have 12 districts that did not have a fresh case in the last 28 days or more. There are now 78 districts (23 States/UT) that has not reported any fresh cases during the last 14 Days: Health Ministry
— ANI (@ANI) April 23, 2020
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया, "पिछले 24 घंटों में 1409 सकारात्मक मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 21,393 तक हो गई है।" उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 388 लोग ठीक हुए हैं।
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों अनुसार अब तक देश में कोरोना वायरस से 21700 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 686 लोगों की जान जा चुकी है और 4324 लोग ठीक भी हुए हैं। एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है और इस हिसाब से देश में अभी कोरोना वायरस के 16689 एक्टिव केस मौजूद हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मामले
देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से आए हैं और अब तक राज्य में कोरोना वायरस की चपेट में 5652 लोग आ चुके हैं। महाराष्ट्र में अब तक इस महामारी से 269 लोगों की जान जा चुकी है, हालांकि 789 लोग ठीक भी हुए हैं।