गर्मी का कहर! नवी मुंबई में 'महाराष्ट्र भूषण' कार्यक्रम में शामिल हुए 11 लोगों की तेज धूप से मौत, कई अब भी अस्पताल में भर्ती

By भाषा | Updated: April 17, 2023 07:33 IST2023-04-17T07:15:37+5:302023-04-17T07:33:12+5:30

नवी मुंबई में ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह के दौरान तेज धूप की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों का इलाज अभी भी जारी है और उन्हें अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। अमित शाह भी इस कार्यक्रम में रविवार को शामिल हुए थे।

11 people died in 'Maharashtra Bhushan' program in Navi Mumbai due to scorching sun and heat wave | गर्मी का कहर! नवी मुंबई में 'महाराष्ट्र भूषण' कार्यक्रम में शामिल हुए 11 लोगों की तेज धूप से मौत, कई अब भी अस्पताल में भर्ती

'महाराष्ट्र भूषण' कार्यक्रम में शामिल हुए 11 लोगों की तेज धूप से मौत

Highlightsनवी मुंबई में रविवार को खुले मैदान में आयोजित किए गए ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह में बड़ा हादसा।तेज धूप की चपेट में आने से कम से कम 11 लोगों की मौत, समारोह के लिए पहुंचे थे लाखों लोग।इस समारोह का हिस्सा दिन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बने थे, अस्पताल में कुछ मरीज अभी भी वेंटिलेटर पर हैं।

मुंबई: नवी मुंबई में रविवार को खुले मैदान में आयोजित किए गए ‘महाराष्ट्र भूषण’ पुरस्कार समारोह के दौरान तेज धूप की चपेट में आने के बाद कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई। कार्यक्रम में लाखों लोगों ने भाग लिया था। मुंबई के पड़ोस में स्थित रायगढ़ जिले के खारघर क्षेत्र में आयोजित समारोह का हिस्सा दिन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बने थे। उन्होंने आध्यात्मिक नेता एवं समाज सुधारक अप्पासाहेब धर्माधिकारी को यह पुरस्कार प्रदान किया।

गर्मी का कहर: कुछ मरीज अभी भी वेंटिलेटर पर 

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि नवी मुंबई और पनवेल शहर के अस्पतालों में कुछ मरीज ‘वेंटिलेटर’ पर हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने रविवार रात एक विज्ञप्ति में कहा, “तेज धूप की चपेट में आने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई।”

पुलिस अधिकारी ने कहा कि कुछ मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं और चिकित्सकों की देखरेख में हैं। सीएमओ द्वारा विज्ञप्ति जारी किए जाने से पहले शिंदे ने नवी मुंबई के एक अस्पताल के बाहर संवाददाताओं से कहा कि अस्पताल में कम से कम 50 लोगों को भर्ती कराया गया था, जिनमें से 24 अभी भी भर्ती हैं जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद वहां से छुट्टी दे दी गई। उन्होंने इन मौतों को ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया।

मृतकों के लिए शिंदे सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान

घटनास्थल के निकटतम मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। शिंदे ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना के चलते अस्पताल में भर्ती हुए लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया किया जाएगा। राज्य सरकार उनके इलाज के लिए अपने खजाने से भुगतान करेगी।”

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि अगर मरीजों का अतिरिक्त इलाज किये जाने की जरूरत है, तो उन्हें विशेष अस्पतालों में भेजा जाए।

Web Title: 11 people died in 'Maharashtra Bhushan' program in Navi Mumbai due to scorching sun and heat wave

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे