अलीगढ़ में नकली शराब पीने से 11 लोगों की मौत : जिला आबकारी अधिकारी समेत पांच निलंबित

By भाषा | Updated: May 28, 2021 20:25 IST2021-05-28T20:25:55+5:302021-05-28T20:25:55+5:30

11 people died in Aligarh due to fake liquor drinking: five including District Excise Officer suspended | अलीगढ़ में नकली शराब पीने से 11 लोगों की मौत : जिला आबकारी अधिकारी समेत पांच निलंबित

अलीगढ़ में नकली शराब पीने से 11 लोगों की मौत : जिला आबकारी अधिकारी समेत पांच निलंबित

अलीगढ़/ लखनऊ (उप्र), 28 मई अलीगढ़ में एक अनुबंधित दुकान से खरीदी गई कथित नकली शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से बीमार हैं। घटना के बाद जिला आबकारी अधिकारी समेत पांच लोगों को निलंबित कर दिया है तथा शराब की दुकान के मालिक समेत चार लोगो की गिरफ्तारी हुई है ।

अलीगढ़ के जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने पत्रकारों को बताया कि जिले में जहरीली शराब के सेवन से 11 लोगों की मौत हो गई है और कुछ अन्य बीमार हैं जिन्‍हें अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि घटना की समयबद्ध मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दे दिया गया है और यह जांच अपर जिलाधिकारी स्तर के एक अधिकारी द्वारा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाये जाने वाले लोगों के खिलाफ प्रशासन राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा सकता है।

अपर मुख्‍य सचिव आबकारी संजय भूसरेड्डी ने शुक्रवार को बताया कि अलीगढ़ के जिला आबकारी अधिकारी धीरज शर्मा, संबंधित क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव और चंद्रप्रकाश यादव, प्रधान आबकारी सिपाही अशोक कुमार, आबकारी सिपाही रामराज राना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गयी है।

इसके पहले अलीगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) दीपक कुमार ने पत्रकारों को बताया कि आज सुबह लोधा थाना पुलिस को सूचना मिली कि अलीगढ़-टप्पल राजमार्ग पर यहां से करीब 20 किलोमीटर दूर करसिया गांव में एक ठेके से खरीदी गई देसी शराब पीने से दो लोगों की मौत हो गई है जिनकी पहचान ट्रक चालकों के रूप में की गई।

उन्होंने बताया कि दोनों चालक अलीगढ-टप्‍प्‍पल राजकीय राजमार्ग पर स्थित एक गैस डिपो में काम के सिलसिले में आये थे। उनके मुताबिक जब तक पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक सूचना मिली कि करसिया और आसपास के कुछ अन्य गांवों के छह अन्य लोगों ने भी शराब पीने के बाद दम तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों को इलाके में भेजा गया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आबकारी विभाग के उपायुक्त डी शर्मा ने बताया कि गंभीर हालत में पांच ग्रामीणों को दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्‍हें अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित शराब की दुकान को सील कर दिया गया है और परीक्षण के लिए नमूने एकत्र किये गये हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि शाम को शराब की दुकान के मालिक समेत चार लोगो को गिरफ्तार किया गया है ।उन्होंने बताया कि पुलिस की छह टीमें आसपास के गांवो में शराब पीने वालों की तलाश कर रही है, ताकि अगर कोई बीमार हो तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सकें ।

स्‍थानीय निवासियों के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम कुछ ग्रामीणों के बीमार होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों को आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि आसपास के गांवों के कई लोगों ने भी शराब का सेवन किया था और उनके बारे में जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

अलीगढ़ को टप्पल से जोड़ने वाले राज्य राजमार्ग पर स्थित अंडला समेत करसिया गांव और आसपास के कई गांवों में मातम छा गया है। जैसे ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, रोती-बिलखती विधवाओं और परिवार के सदस्यों का उन्‍हें सामना करना पड़ा।

क्षेत्र के सबसे बड़े गांव अंडला के प्रधान ओम दत्त ने कहा कि जहरीली शराब पीने के बाद बीमार होने वालों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बचाव दल पड़ोसी गांवों का दौरा कर रहे थे और जब तक आगे की सूचना नहीं मिलती है, तब तक प्रभावित व्यक्तियों के अंतिम आंकड़ों को उद्धृत करना संभव नहीं होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापक रूप से ऐसी खबरें थीं कि मौतें "नकली शराब" से जुड़े एक संगठित गिरोह के कारण हुईं। उन्होंने इस पूरे मामले की पूरी जांच की मांग की।

इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस घटना में11 लोगों की दुःखद मौत को लेकर पर योगी सरकार पर हमला बोलते हुए सवाल किया कि उत्तर प्रदेश सरकार बताये कि उसके कार्यकाल में जहरीली शराब का अवैध कारोबार किसके संरक्षण में चल रहा है और जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का कौन जिम्मेदार है? उन्होंने यह भी कहा, ‘‘आखिर किन लोगों के दबाव में शराब के अवैध कारोबारियों पर कार्यवाही नहीं हो रही है?’’

लल्लू ने शुक्रवार को लखनऊ में जारी एक बयान में राज्‍य सरकार के आबकारी मंत्री से नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र की मांग करते हुए कहा, ‘‘कोरोना महामारी में आम जनता अव्यवस्था और इलाज, दवाई के अभाव में जहां अपनी जान गंवा रहे हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार आपदा में विभिन्न प्रकार के अवसर तलाश रही है। उसी नक्शेकदम पर चलते हुए अपराधी भी आपदा में अवसर तलाश कर अवैध जहरीली शराब का खुलेआम धंधा कर रहे हैं और सरकार में बैठे लोग आंख मूंदे हुए है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: 11 people died in Aligarh due to fake liquor drinking: five including District Excise Officer suspended

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे