झारखंड में सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत, 17 घायल
By भाषा | Updated: January 3, 2019 19:40 IST2019-01-03T19:40:35+5:302019-01-03T19:40:35+5:30
एक अन्य घटना में देवघर जिले में डकाया वन के पास एक यात्री वाहन और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गयी और आठ अन्य घायल हो गये।

झारखंड में सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत, 17 घायल
झारखंड में बृहस्पतिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गयी और 17 अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यहां टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार की तड़के फुटपाथ पर सो रहे बच्चों और एक शख्स को एक ट्रेलर ने कुचल दिया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन ने बताया कि घटना में चार लोग घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया गया है। घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक अन्य घटना में देवघर जिले में डकाया वन के पास एक यात्री वाहन और ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गयी और आठ अन्य घायल हो गये।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत नाजुक है। उनका उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीसरी दुर्घटना पलामू जिले के धावा गांव में हुई जहां एक पिकअप वैन के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज मेदिनीनगर सदर अस्पताल में चल रहा है।