पुडुचेरी में कोविड-19 के 102 नए मामले, एक व्यक्ति की मौत
By भाषा | Updated: August 7, 2021 13:37 IST2021-08-07T13:37:48+5:302021-08-07T13:37:48+5:30

पुडुचेरी में कोविड-19 के 102 नए मामले, एक व्यक्ति की मौत
पुडुचेरी, सात अगस्त केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में कोविड-19 के 102 नए मामले आने के बाद शनिवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,21,523 हो गई।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी जे रमेश ने बताया कि नए मामलों में से पुडुचेरी क्षेत्र में सर्वाधिक 69, माहे में 24, कराईकल में नौ मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से एक और व्यक्ति की मौत के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में मृतक संख्या बढ़कर 1800 हो गई।
उन्होंने बताया कि पुडुचेरी में अभी 882 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जिनमें से 176 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं और 706 लोग गृह पृथक-वास में हैं। पिछले 24 घंटे में 91 और लोगों के ठीक होने के बाद केन्द्र शासित प्रदेश में संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या बढ़कर 1,18,841 हो गई। नमूनों के संक्रमित पाए जाने की दर 1.85 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की दर 97.79 प्रतिशत और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है।
नोडल अधिकारी ने बताया कि अब तक 37,911 स्वास्थ्य कर्मियों और अग्रिम मोर्चे पर तैनात 22,979 कर्मियों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गई है। वरिष्ठ नागरिकों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित 45 साल से अधिक उम्र के करीब 5.22 लाख लोगों को टीका लगाया गया है। कुल मिलाकर 7.31 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक दी गयी है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।