1 नवंबर 2024: केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर बधाई?, पीएम मोदी और सीएम ने किया याद

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: November 1, 2024 12:23 IST2024-11-01T12:23:04+5:302024-11-01T12:23:51+5:30

1 नवंबर 2024: तीन दिवसीय राज्योत्सव समारोह इस वर्ष चार से छह नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर में मनाया जाएगा।

1 November 2024 Congratulations foundation day Kerala, Haryana, Madhya Pradesh, Karnataka, Andhra Pradesh and Chhattisgarh, PM Modi and CM remembered | 1 नवंबर 2024: केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर बधाई?, पीएम मोदी और सीएम ने किया याद

file photo

Highlightsप्रदेश हर क्षेत्र में विकास के नित-नए मानदंड गढ़ता रहे।भाइयों और बहनों को राज्य दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। लोगों ने राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, केरल और कर्नाटक के स्थापना दिवस के मौके पर इन राज्यों के लोगों को बधाई दी और उनके स्वस्थ व सफल जीवन की कामना की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक के बाद एक पोस्ट में इन सभी राज्यों की प्रगति की भी कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के लिए विख्यात हमारे हरियाणा ने देश के विकास में हमेशा अहम योगदान दिया है। राज्य के स्थापना दिवस पर यहां की प्रगति में भागीदार अपने सभी भाई-बहनों को हार्दिक बधाई देने के साथ ही मैं उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’ मध्य प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए मोदी ने कामना की कि प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध यह प्रदेश हर क्षेत्र में विकास के नित-नए मानदंड गढ़ता रहे।

छत्तीसगढ़वासियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘‘वैभवशाली लोक परंपरा और जनजातीय संस्कृति के अद्भुत संगम से सजा यह प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ता रहे, यही कामना है।’’ इसी प्रकार, प्रधानमंत्री ने कर्नाटक और केरल के लोगों को बधाई देते हुए उनके सफल जीवन और प्रगति की कामना की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लोगों को शुक्रवार को उनके राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार संदेशों में आशा व्यक्त की कि ये राज्य आने वाले वर्षों में प्रगति और विकास की यात्रा निर्बाध रूप से जारी रखेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के हमारे भाइयों और बहनों को उनके राज्य दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी जीवंत संस्कृति और समृद्ध साहित्यिक परंपराओं के साथ, आंध्र प्रदेश ने राष्ट्र निर्माण में अपने अपार योगदान से भारत को गौरवान्वित किया है। कामना है कि राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुए।’’ शाह ने कर्नाटक के ‘‘बहनों और भाइयों’’ को ‘‘राज्योत्सव’’ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौरवशाली विरासत के गौरवशाली उत्तराधिकारी के रूप में कर्नाटक के लोगों ने राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं।’’ शाह ने केरल के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केरल ने अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत से वर्षों से भारत को मजबूत किया है। उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर राज्य को और समृद्ध होने का आशीर्वाद दें।’’

केरल के राज्य के स्थापना दिवस को ‘‘पिरावी’’ के नाम से भी जाना जाता है। ‘‘वीरभूमि’’ हरियाणा के स्थापना दिवस पर वहां के निवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि राज्य के मेहनती किसान, राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित जवान और ऊर्जावान खिलाड़ी देश की विकास यात्रा को गति देने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

शाह ने कहा कि वे (हरियाणा के लोग) देश को सुरक्षित बना रहे हैं और वैश्विक मंचों पर इसका गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ हरियाणा पिछले एक दशक से जिस तरह विकास और उन्नति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, मेरी कामना है कि समृद्धि की यह यात्रा निर्बाध जारी रहे।’’ शाह ने छत्तीसगढ़ के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह राज्य आदिवासी संस्कृति और खनिज संपदा से भरपूर है।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरी कामना है कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी संस्कृति और कला के संरक्षण और संवर्धन की यात्रा निर्बाध गति से जारी रहे और राज्य विकास एवं प्रगति के शिखर पर पहुंचे।’’ गृह मंत्री ने मध्य प्रदेश के ‘‘सभी बहनों और भाइयों’’ को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनकल्याण कार्यों का स्वर्णिम काल देख रहा है।

मैं प्रदेश के लोगों के सर्वांगीण विकास की कामना करता हूं।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के निवासियों को उनके स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और प्रत्येक राज्य की अनूठी सांस्कृतिक विरासत एवं आध्यात्मिकता पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए शुभकामनाएं दीं।

आदित्यनाथ ने केरल के लिए लिखा, ‘‘जगद्गुरु आदि शंकराचार्य की पावन जन्मस्थली, अध्यात्म, संस्कृति और संस्कारों से समृद्ध धरा, ‘ईश्वर के अपने घर’ के नाम से विख्यात ‘देवभूमि’ केरल राज्य के स्थापना दिवस की केरल वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!'' मुख्यमंत्री ने हरियाणा को दिए अपने संदेश में कहा, ‘‘योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण की पावन उपदेश स्थली, कर्मठ अन्नदाता किसानों, उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं वीर जवानों की धरती हरियाणा राज्य के स्थापना दिवस की हरियाणा वासियों को हार्दिक बधाई!’’

उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जीवनदायिनी मां नर्मदा की अविरल धारा से अभिसिंचित, अध्यात्म, ऐतिहासिकता एवं आधुनिकता की संगम स्थली मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस की मध्य प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई!’’ उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए कहा, ‘‘लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य व विपुल खनिज संपदा से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस की छत्तीसगढ़ वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!’’

आदित्यनाथ ने कर्नाटक के लिये कहा,''संकटमोचन श्री हनुमान जी की पावन जन्मस्थली, अद्भुत नैसर्गिक सौंदर्य व अतुल्य सांस्कृतिक विरासत से दीप्त धरा कर्नाटक राज्य के स्थापना दिवस की कर्नाटक वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!'' आंध्र प्रदेश के लिए अपने संदेश में उन्होंने राज्य की सांस्कृतिक विरासत, उल्लेखनीय वास्तुकला और वैदिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा,''समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, अद्भुत वास्तुकला व वैदिक कालीन स्मृतियों से पूरित आंध्र प्रदेश के स्थापना दिवस की आंध्र प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं!'

Web Title: 1 November 2024 Congratulations foundation day Kerala, Haryana, Madhya Pradesh, Karnataka, Andhra Pradesh and Chhattisgarh, PM Modi and CM remembered

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे