चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट में बेल्जियम ने भारत को 2-0 से हराया
By अभिषेक पाण्डेय | Updated: January 18, 2018 15:00 IST2018-01-18T14:53:28+5:302018-01-18T15:00:07+5:30
चार देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट में भारत को बेल्जियम के हाथों मिली 0-2 से हार

भारत चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट में बेल्जियम से 0-2 से हारा
भारतीय हॉकी टीम को न्यूजीलैंड में खेले जा रहे चार देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट में गुरुवार को बेल्जियम के हाथों 0-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी। बेल्जियम के लिए आर्थर डि स्लूवर और विक्टर वेगनेज ने क्रमशः आठवें और 34वें मिनट में गोल दागते हुए अपनी टीम को जोरदार जीत दिलाई। ये बेल्जियम की न्यूजीलैंड के हाथों मिली 4-5 से शिकस्त के बाद जोरदार वापसी है।
भारत के पास 12वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागकर बराबरी पर आने का मौका था। लेकिन रमनदीप सिंह गोल दागने से चूक गए। बेल्जियम ने भारतीय रक्षा पंक्ति की कमजोरी का फायदा उठाया और दो गोल दागते हुए मैच अपने नाम कर लिया। वहीं भारतीय टीम बेल्जियम के डिफेंस को भेद पाने में नाकाम रही और एक भी गोल नहीं कर पाई।
भारत ने अपने पहले मैच में बुधवार को जापान को 6-0 से रौंदते हुए जोरदार शुरुआत की थी। भारत के लिए जापान के खिलाफ मैच में विवेक प्रसाद और दिलप्रीत सिंह ने 2-2 और रुपिंदर पास और हरमनप्रीत ने 1-1 गोल दागे थे। भारत अपना तीसरा मैच 20 जनवरी को मेजबान न्यूजीलैंड के साथ खेलेगा।