एशियन गेम्स: हॉकी में महिला टीम का विजयी अभियान जारी, दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया

By विनीत कुमार | Updated: August 25, 2018 21:04 IST2018-08-25T21:02:21+5:302018-08-25T21:04:50+5:30

टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम की ये लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारत ने इंडोनेशिया और कजाकिस्तान को हराया है।

asian games india womens team third win as they beat south korea by 4 1 in pool b match | एशियन गेम्स: हॉकी में महिला टीम का विजयी अभियान जारी, दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया

भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया

जकार्ता, 25 अगस्त: भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियन गेम्स में सातवें दिन शनिवार को दक्षिण कोरिया को हराकर अपना विजयी अभियान बरकरार रखा है। भारत ने पूल-बी के इस मैच में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया है। इसके साथ ही भारतीय टीम का सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो गया है। 

भारत पूल-बी में तीन मैचों में तीन जीत के साथ शीर्ष पर है और उसके 9 अंक हैं। टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम की ये लगातार तीसरी जीत है। इससे पहले भारत ने अपने पहले मैच में इंडोनेशिया को 8-0 और फिर कजाकिस्तान को 21-0 से करारी हार दी थी।

बहरहाल, दक्षिण कोरिया के खिलाफ गुरजीत कौर ने दो और वंदना कटारिया ने एक गोल दागा। एक गोल नवनीत कौर के स्टिक से निकला। पहला क्वॉर्टर गोलरहित रहने के बाद भारत को पहली बढ़त 16वें मिनट में नवनीत कौर ने दिलाई। हालांकि, ली युरिम ने पेनल्टी कॉर्नर पर 21वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त खत्म कर दी।

दूसरे क्वॉर्टर में बढ़त खत्म करने के बाद दक्षिण कोरिया ने शानदार डिफेंड दिखाया और लगातार भारतीय आक्रमण को विफल करने में टीम सफल रही। तीसरा क्वॉर्टर भी गोलरहित रहा लेकिन चौथे क्वॉर्टर के आखिरी सात मिनटों में पूरी तस्वीर बदल गई। खेल के 54वें मिनट में गुरजीत कौर ने मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। 

दक्षिण कोरिया इस गोल से संभला भी नहीं था कि 55वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। इस बार भी गुरजीत ने कोई गलती नहीं की और भारत की बढ़त 3-1 की हो गई। भारत की ओर से आखिरी गोल वंदना कटारिया ने 56वें मिनट में दागा।

Web Title: asian games india womens team third win as they beat south korea by 4 1 in pool b match

हॉकी से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे