एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: ओमान से पहला और पाकिस्तान से दूसरा मैच खेलेगी भारतीय हॉकी टीम
By भाषा | Updated: July 5, 2018 17:39 IST2018-07-05T17:39:43+5:302018-07-05T17:39:43+5:30
भारत 18 अक्टूबर से मस्कट में शुरू हो रही पांचवीं एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में मेजबान ओमान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।

Asian Champions Trophy Hockey: India to face Oman in opener on 18 October
नई दिल्ली, पांच जुलाई। गत चैम्पियन भारत 18 अक्टूबर से मस्कट में शुरू हो रही पांचवीं एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में मेजबान ओमान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी। एशियाई हॉकी महासंघ ने 18 से 28 अक्टूबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट के कार्यक्रम की गुरुवार को घोषणा की। भारत के अलावा छह देशों के इस टूर्नामेंट में मलेशिया, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, जापान और ओमान खेलेंगे।
भारत टूर्नामेंट में सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है और खिताब की प्रबल दावेदार भी है। विश्व रैकिंग में छठे स्थान पर काबिज भारत को 12वीं रैकिंग वाली मलेशिया और 13वीं रैकिंग वाली पाकिस्तानी टीम से कड़ी चुनौती मिल सकती है।
हर टीम पांच राउंड रॉबिन मैच खेलेगी, जिसके बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। बाकी दो टीमें पांचवें स्थान के लिए खेलेंगी। फाइनल और कांस्य पदक का मुकाबला 28 अक्तूबर को होगा।
भारत ने 2011 और 2016 में यह खिताब जीता था। भारत का सामना 20 अक्टूबर को पाकिस्तान से और अगले दिन जापान से होगा। उसे 23 अक्तूबर को मलेशिया और 24 को दक्षिण कोरिया से खेलना है।