Food Poisoning के इन 5 लक्षणों को न करें नजरअंदाज, हो सकती है आफत
By उस्मान | Updated: August 25, 2018 07:35 IST2018-08-25T07:35:40+5:302018-08-25T07:35:40+5:30
लोग इसे आम समस्या मानते हैं और छोटे इलाज से ही इससे राहत पा लेते हैं। हालांकि कुछ मामलों में ये एक गंभीर समस्या साबित हो सकती है।

फोटो- पिक्साबे
बहुत से लोग अक्सर जल्दी-जल्दी में जो भी मिलता है उसे खा लेते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि उन्हें फूड पॉइजनिंग सहित कई बीमारियों का खतरा होता है। फूड पॉइजनिंग की सबसे अहम वजह है साफ सफाई में कमी। इससे आपको कमजोरी के साथ-साथ थकान महसूस होने लगती है और कुछ खा पाना भी मुश्किल होता है। लोग इसे आम समस्या मानते हैं और छोटे इलाज से ही इससे राहत पा लेते हैं। हालांकि कुछ मामलों में ये एक गंभीर समस्या साबित हो सकती है। जरनल फिजिशियन डॉक्टर अजय लेखी के अनुसार, इस समस्या के लक्षणों को भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चलिए जानते हैं कि फूड पॉइजनिंग के क्या-क्या लक्षण हैं।
1) उल्टी या पेट में दर्द
अगर खाने के बाद आपको उल्टी या पेट में दर्द होने लगा है, तो सतर्क हो जाएं। ऐसा फूड पॉइजनिंग के कारण हो सकता है। इसमें खाने के बाद मतली या उल्टी जैसा महसूस हो सकता है। अगर काफी देर बाद भी ये लक्षण कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं, तो आपको तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए।
2) डिहाइड्रेशन और कमजोरी
दस्त के साथ आपको डिहाइड्रेशन की भी समस्या हो सकती है। यानि आपको ज्यादा प्यास लगेगी और मूंह सूखने लगेगा। इसके अलावा पेशाब भी कम आएगा। इसके अलावा आपको चक्कर, थकान या कमजोरी भी महसूस हो सकती है।
3) बुखार
फूड पॉइजनिंग के बाद आपकी बॉडी गर्म होने लगती है और आप फ्लू जैसे लक्षण महसूस करने लगते हैं। यानि अगर आपको तेज बुखार होने लगा है तो, तुरंत डॉक्टर से मिलें।
4) दस्त
कई मामलों में फूड पॉइजनिंग से दस्त की समस्या हो सकती है, जोकि दो से तीन दिन तक रह सकती है। इसके अलावा आपकी पॉटी में खून भी आ सकता है।
5) पेट में ऐंठन
अगर खाने के बाद आपके पेट में तेज दर्द होने लगा है और पेट से आसपास के हिस्से में ऐंठन होने लगी है, तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए।

