व्हाइट फंगस से पीड़ित महिला की आंत में हुए कई छेद, डॉक्टर्स बोले-ऐसा मामला कभी नहीं देखा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 27, 2021 16:09 IST2021-05-27T16:09:30+5:302021-05-27T16:09:30+5:30
सर गंगाराम अस्पताल में व्हाइट फंगस का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिसके चलते कोविड-19 से जूझ रही एक महिला की आंत में छेद हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर
नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में व्हाइट फंगस का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिसके चलते कोविड-19 से जूझ रही एक महिला की आंत में छेद हो गए। यह अपनी तरह का पहला मामला है। अस्पताल में इंस्टीट्यूट ऑफ गेस्ट्रांएंट्रोलॉजी एंड पेनक्रिएटिकोबिलेरी साइंसेज के चेयरमैन डॉ. अनिल अरोड़ा का कहना है कि कोरोना वायरस के संक्रमण में व्हाइट फंगस के दौरान भोजन की नली और आंतों में छेद होने का मामला अभी तक सामने नहीं आया है।
डॉक्टर्स के मुताबिक, 13 मई को एक 49 वर्षीय महिला को पेट में दर्द, उल्टी और कब्ज की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला स्तन कैंसर से भी पीड़ित थी और इसके चलते करीब छह महीने पहले उनका स्तन निकाला गया था और चार हफ्ते पहले कीमोथैरेपी भी की गई थी।
पेट में हवा और पानी
महिला का जब सीटी स्कैन कराया गया तो उसके पेट में पानी और हवा होने का पता चला। यह उस वक्त होता है जब आंत में छेद हो। जिसके बाद डॉक्टर समीरन के नेतृत्व में अगले दिन महिला का ऑपरेशन किया गया। महिला के शरीर से करीब एक लीटर मवाद निकाली गई।
भोजन नली में भी हो गए छेद
डॉक्टर्स ने बताया कि भोजन की नली के निचले हिस्से में भी छेद पाए गए और छोटी आंत में गैंगरीन के चलते उस हिस्से को ही निकाल दिया गया। महिला का एंटीबॉडी स्तर अधिक होने और व्हाइट फंगस की शिकायत पर उन्हें एंटी फंगल दवाएं दी गई।
डॉक्टर्स ने भी नहीं देखा ऐसा मामला
अब महिला की हालत पहले से बेहतर है। डॉक्टर्स का कहना है कि व्हाइट फंगस के कारण आंत में छेद और भोजन की नली में छेद होने जैसे मामले उन्होंने कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि कैंसर रोगी होने, कीमोथैरेपी और कोविड-19 के कारण महिला की इम्युनिटी बेहद कम हो चुकी थी।