FIFA: सुआरेज ने अपने 100वें मैच में किया गोल, सऊदी अरब को मात देकर अंतिम 16 में उरुग्वे

By भाषा | Updated: June 20, 2018 23:54 IST2018-06-20T23:08:15+5:302018-06-20T23:54:12+5:30

सुआरेज ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाकर गोल दागा, जिससे उरुग्वे ने सऊदी अरब को हराकर विश्व कप 2018 के अंतिम 16 में जगह बनाई। 

uruguay beat saudi arabia, qualify in round of 16 of Fifa world cup | FIFA: सुआरेज ने अपने 100वें मैच में किया गोल, सऊदी अरब को मात देकर अंतिम 16 में उरुग्वे

uruguay beat saudi arabia, qualify in round of 16 of Fifa world cup

रोस्तोव ऑन दान (रूस), 20 जून। लुईस सुआरेज ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाकर गोल दागा, जिससे उरुग्वे ने सऊदी अरब को 1-0 से हराकर विश्व कप 2018 के अंतिम 16 में जगह बनाई। 

उरुग्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में मिस्र को भी इसी अंतर से हराया था। उसकी इस जीत से ग्रुप ए से नाकआउट में पहुंचने वाली दोनों टीमें भी तय हो गयी हैं। उरुग्वे की जीत ने मेजबान रूस का भी अंतिम 16 में स्थान पक्का कर दिया। इन दोनों टीमों के अभी दो मैचों में छह . छह अंक हैं। सऊदी अरब और मिस्र का सफर विश्व कप में लीग चरण में ही थम जाएगा। 


सुआरेज ने खेल के 23वें मिनट में मैच का महत्वपूर्ण गोल दागा जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। शुरुआती 20 मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे को बराबर की टक्कर दी लेकिन सुआरेज ने इसके बाद गोल करके उरुग्वे के दर्शकों में उत्साह भर दिया। इससे सऊदी अरब की टीम पर दबाव भी बना।

रोस्तोव एरेना में खेले गये मैच में सुआरेज ने कार्लोस सांचेज के कार्नर पर यह गोल किया। तब गेंद सऊदी अरब के गोलकीपर मोहम्मद अल ओवैस की पहुंच से भी बाहर थी। इस तरह से सुआरेज ने अपने 100वें मैच में 52वां गोल दागा। वह तीन विश्व कप में गोल करने वाले उरुग्वे के पहले खिलाड़ी भी बन गये हैं। 

इसके दो मिनट बाद उरुग्वे अपनी बढ़त दोगुनी करने की स्थिति में पहुंच गया था। एडिसन कवानी गेंद लेकर आगे बढे लेकिन वह सऊदी अरब के कप्तान ओसामा हवासावी को नहीं छका पाये। 

सऊदी अरब ने मैदान के मध्य क्षेत्र में गेंद पर कब्जा जमाये रखा लेकिन गोल पर शॉट जमाने के मामले में उसके स्ट्राइकर फिर से नाकाम रहे। उरुग्वे की रक्षापंक्ति उसके लिये काफी मजबूत साबित हुई जिसने अपना गोल ही नहीं अपना बाक्स भी सुरक्षित रखा।

दूसरे हाफ के शुरू में कोई भी टीम एक दूसरे को चुनौती देती हुई नहीं लगी। खेल के 62वें मिनट में तब दोनों टीमें हरकत में दिखी जब उरुग्वे ने अपने हाफ में फ्री किक के जरिये गेंद आगे बढ़ायी। बायें छोर से कवानी को रोकने के लिये कोई खिलाड़ी नहीं था। उन्होंने आगे अच्छा क्रास भी बढ़ाया लेकिन अन्य खिलाड़ी उनके इस प्रयास का फायदा नहीं उठा पाये। 

उरुग्वे अपनी बढ़त को बरकरार रखना चाहता था जबकि सऊदी अरब किसी भी तरह से आक्रमण मजबूत करना चाहता था। उसके कोच जुआन एंटोनियो पिज्जी ने आखिरी दस मिनट में मोहम्मद अल सहलावी को मैदान पर उतारकर इसके स्पष्ट संकेत भी दिये।

लेकिन गोल करने के मौका उरुग्वे के पास था। खेल के 88वें मिनट में कवानी गेंद लेकर आगे बढ़े। उन्हें केवल गोलकीपर को छकाना था लेकिन वह इसमें नाकाम रहे। उरुग्वे अब 25 जून को लीग चरण के अपने आखिरी मैच में रूस से भिड़ेगा जिससे ग्रुप ए से शीर्ष पर रहने वाली टीम का निर्धारण भी होगा। सऊदी अरब इसी दिन मिस्र का सामना करेगा। 

Web Title: uruguay beat saudi arabia, qualify in round of 16 of Fifa world cup

फुटबॉल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे