आईएसएल: जमशेदपुर एफसी के खिलाफ जीत के साथ अभियान शुरू करना चाहेगा मुंबई
By भाषा | Updated: October 2, 2018 11:14 IST2018-10-02T11:14:28+5:302018-10-02T11:14:28+5:30
मुंबई सिटी एफसी आईएसएल के पांचवें सीजन के अपने पहले मैच में जमशेदपुर एफसी के खिलाफ जीत से आगाज करने उतरेगी।

आईएसएल: जमशेदपुर एफसी के खिलाफ जीत के साथ अभियान शुरू करना चाहेगा मुंबई
मुंबई, दो अक्टूबर। मुंबई सिटी एफसी हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन के अपने पहले मैच में मंगलवार को के ‘मुंबई फुटबॉल एरेना’ में जमशेदपुर एफसी के खिलाफ जीत से आगाज करने उतरेगी।
मुंबई सिटी के खेल में पुर्तगाल का प्रभाव है। कोच जोर्ज कोस्टा पुर्तगाल के हैं और उनकी टीम में भी अधिकतर खिलाड़ी ऐसे हैं जो पुर्तगाल में फुटबाल खेल चुके हैं। राफेल बास्टोस, आर्नल्ड इसोको, माउडोउ साउगोउ और पाउल माचाडो या तो कोस्टा के मार्गदर्शन में खेले हैं या पुर्तगाल के क्लबों में इन सभी ने समय बिताया है।
जमशेदपुर की बात की जाए तो उसके खेल में स्पेनिश प्रभाव देखने को मिल सकता है। जमशेदपुर ने स्पेनिश क्लब एटलेटिको मेड्रिड के पूर्व मैनेजर सीजर फर्नांडो को अपना कोच नियुक्त किया है जो अपनी स्पेनिश खेल प्रणाली पर ही टिके रहना पसंद करेंगे। उनके पास टिम काहिल और मेमो को छोड़कर स्पेन के पांच खिलाड़ी हैं।
ऐसे में दोनों क्लबों के मैच में पुर्तगाल और स्पेन की प्रतिद्वंद्विता दिख सकती है। कोस्टा जमशेदपुर के खिलाफ रक्षात्मक रणनीति के साथ उतर सकते हैं।
कोस्टा ने कहा, ‘‘मैं पुर्तगाल जैसी फुटबाल खेलना चाहता हूं। आपको देखना होता है कि आपके पास क्या है। खेलने के मेरे अपने तरीके हैं। मेरे पास मेरे खिलाड़ी हैं जिनका मैं काफी सम्मान करता हूं। मैं उस तरह से खेलना चाहता हूं कि इन खिलाड़ियों में से इनका सर्वश्रेष्ठ निकाल सकूं।’’
आइसलैंडर्स के नाम से पहचानी जाने वाली मुंबई सिटी एफसी के लिए गोलकीपिंग की जिम्मेदारी अमरिंदर सिंह पर होगी। वहीं लुसियन गोलान डिफेंस की बागडोर संभालेंगे। पिछले सत्र में जमशेदपुर के लिए खेलने वाले सौविक चक्रवर्ती और शुभाशीष बोस फुल बैक की जिम्मेदारी संभालेंगे। पाउल माचाडो और सेहनाज सिंह मिडफील्ड में दिखाई दे सकते हैं और गोल करने की जिम्मेदारी राफेल बास्टोस के जिम्मे होगी।
मुंबई की टीम को जमशेदपुर एफसी के डिफेंस से पार पाना होगा। पिछले सीजन में जमशेदपुर एफसी का डिफेंस लीग में सबसे शानदार था।
स्टीव कोपेल की जगह जमशेदपुर के कोच बने फर्नांडो ने कहा, ‘‘मैं स्पेन से हूं और स्पेन में फुटबाल खेलने का अपना तरीका है। हम शॉर्ट पास पर ज्यादा ध्यान देते हैं। गेंद अपने पास ही रखते हैं, लेकिन हमारे लिए सबसे जरूरी चीज मैच जीतना है। मुझे उम्मीद है कि हम यह कर पाएंगे।’’
प्रतिबंध के कारण हालांकि जमशेदपुर को टिम कााहिल और गोलकीपर सुब्रत पॉल की सुविधाएं नहीं मिलेंगी। ऐसे में मानो आरक्वेज और सर्जियो सिडोंचा पर जमशेदपुर की टीम काफी हद तक निर्भर रहेगी। डिफेंस का जिम्मा टिरी को पास होगा जबकि सुमित पस्सी के प्रदर्शन पर भी नजरें होगी।