FIFA World Cup: बेल्जियम ने पहला वर्ल्ड कप खेल रहे पनामा को रौंदा, छा गए लुकाकू

By विनीत कुमार | Updated: June 18, 2018 23:07 IST2018-06-18T23:07:59+5:302018-06-18T23:07:59+5:30

बेल्जियम की ओर से लुकाकू ने ये गोल हाफ टाइम के बाद 69वें और 75वें मिनट में दागे।

fifa world cup 2018 belgium defeated panama by 3 0 with romelu lukaku brace | FIFA World Cup: बेल्जियम ने पहला वर्ल्ड कप खेल रहे पनामा को रौंदा, छा गए लुकाकू

Romelu Lukaku

सोची (रूस), 18 जून: वर्ल्ड रैंकिंग में तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम ने कमजोर पनामा को रौंदते हुए फीफा वर्ल्ड कप-2018 में अपने अभियाम का दमदार आगाज किया। ग्रुप-जी के इस मैच में रोमेलु लुकाकू के दो गोलों की बदौलत बेल्जियम ने पनामा को 3-0 से हरा दिया। बेल्जियम की ओर से लुकाकू ने ये गोल हाफ टाइम के बाद 69वें और 75वें मिनट में दागे। वहीं, बेल्जियम के लिए एक गोल ड्राइस मर्टेंस ने 47वें मिनट में किया।

दूसरे हाफ में बिल्कुल औसत प्रदर्शन करती नजर आई पनामा की टीम ने पहले हाफ में जरूर अपने खेल से बेल्जियम की मुश्किलें बढाई और कोई गोल नहीं करने दिया। पनामा की रक्षापंक्ति और गोलकीपर जैम पेनेडो ने बेल्जियम के कई आक्रमण नाकाम किए।

खेल के चौथे मिनट में पनामा को बेल्जियम के बॉक्स से काफी बाहर फ्री किक मिला और इसका कोई फायदा पनामा को नहीं हुआ। इसके बाद छठे मिनट में बेल्जियम ने तगड़ा आक्रमण किया। पनामा के बॉक्स के अंदर से यानिक कारासाको ने शानदार शॉट भी खेला लेकिन पेनेडो ने इसे रोक दिया।

बेल्जियम के ईडेन हजार्ड को 26वें मिनट में अच्छा मौका मिला लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट से वाइड रह गया। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद बेल्जियम ने दूसरे हाफ में सारी कसर निकाली। हाफ टाइम के ठीक बाद 47वें मिनट में ड्राइस मर्टेंस ने गोल कर बेल्जियम को बढ़त दिला दी।

54वें मिनट में एक बार पनामा की टीम बराबरी करती दिखी लेकिन बेल्जियम के गोलकीपर थिबॉट कर्टोइस ने ऐसा होने नहीं दिया। इसी बीच 69वें मिनट में रोमेलु लुकाकू ने शानदार हेडर के जरिए बेल्जियम को 2-0 से आगे किया।

केविन डि ब्रूयेन ने पनामा के बॉक्स के बाएं ओर गेंद को अपने काबू में किया और लुकाकू को पास दे दिया। हवा में उड़ती गेंद को लुकाकू ने डाइव के जरिए हेडर मारते हुए पनामा के गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।

कुछ देर बाद 75वें मिनट में लुकाकू ने मैच का अपना दूसरा गोल दाग दिया। ईडन हजार्ड बेल्जियम गेंद को लेकर पनामा के हाफ की ओर दौड़े और फिर लुकाकू को पास दे दिया। इसके बाद लुकाकू ने तेजी से दौड़ लगाते हुए पनामा के गोलकीपर को छकाया और गेंद गोलपोस्ट में डाल दी।

Web Title: fifa world cup 2018 belgium defeated panama by 3 0 with romelu lukaku brace

फुटबॉल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे