इन 5 तरह की छाछ पीने से दिन भर रहेंगे एनर्जेटिक
By मेघना वर्मा | Updated: May 11, 2018 10:16 IST2018-05-11T10:16:07+5:302018-05-11T10:16:07+5:30
दही से बने छाछ में विटामिन सी, ए, ई, के और बी पाए जाते हैं। जो कि शरीर के पोषण की जरुरत को पूरा करता है।

इन 5 तरह की छाछ पीने से दिन भर रहेंगे एनर्जेटिक
गर्मियां शुरू होते ही अक्सर लोग लिक्विड डाईट पर आ जाते हैं। खाने में भारी और मसालेदार खाने के बजाए लोग हल्का पेय पदार्थ या जूस पीना ही पसंद करते हैं। गर्मियों में अक्सर लोग कहते हैं कि दही का सेवन करना चाहिए। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो खाने के बाद मीठी दही खाना पसंद करते हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो खाने के बाद छांछ पीना पसंद करते हैं चूंकी छाछ, दही से बनता है इसलिए ये आपके पेट को ठंडा रखने के साथ आपको दिन भर एनर्जेटिक रखेगा।वैसे आपने आज तक सिर्फ एक या दो तरह के छाछ का सेवन किया होगा आज हम आपको छाछ के स्वादिष्ट 5 अलग-अलग प्रकार के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें इस गर्मी पीने से आपका पेट तो सही होगा ही साथ ही आप दिन भर खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे।
1. मसाला छाछ
अक्सर आपने ऑफिस में या बाजार से खरीद कर मसाला छाछ पीया होगा। मसालेदार चीजों के शौकीन हैं तो मसाला छाछ आपके लिए ही बनी है। इसको बनाने के लिए आधे कप दही में आधा छोटा चम्मच जीरा पावडर, एक चुटकी काला नमक और एक कप पानी डालकर अच्छी तरह से मिला लें। गार्निश करने के लिए इसमें आइस क्यूब्स, पुदीना या धनिया के पत्ते भी डाल सकते हैं।
2. पुदीना छाछ
गुजराती इस तरह की छाछ को सबसे अधिक पसंद करते हैं। इसमें दही के साथ पुदीने का स्वाद अलग ही टेस्ट होता है। इसे बनाने के लिए एक कप दही में 300 मिली पानी और एक छोटी कटोरी पुदीना का पत्ता, बारीक कटा हुआ अदरक और आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह से ब्लेंड कीजिए। इसे फिल्टर करने के बाद 20 मिनट तक फ्रिज में रख दें और फिर इस ठंडे छाछ का मजा उठाएं।
3. जीरा छाछ
जीरा पेट के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। जीरे को छाछ में मिलाकर इसका असर दोगुना हो जाता है। आप इस छाछ में जीरा पाउडर और काला नमक भी डाल सकते हैं। ध्यान रखें कि ये छाछ थोड़ा पतला होता है। आप गार्निश करने के लिए इसमें पुदीना पत्ता भी डाल सकते हैं।
4. चिली छाछ
दही और पानी को हरी मिर्च और कड़ी पत्ता के साथ ब्लेंड कर लीजिए, या हरी मिर्च और कड़ी पत्ता को क्रश करके छाछ के ऊपर से भी छिड़क सकते हैं। ये रेसिपी मूलत: दक्षिण भारतीय है, लेकिन जो लोग स्पाइसी छाछ पीना चाहते हैं वे इस रेसिपी को जरूर आजमाएं।
ये भी पढ़े- मीठे और रसीले आम खरीदने के ये हैं 3 तरीके
5. नींबू छाछ
2 बड़े चम्मच घर की बनी ताजी दही में एक गिलास पानी मिलाकर अच्छी तरह से फेंट लीजिए। अब उसमें नमक की जगह पर आधा नींबू का रस मिलाकर इसे तुरन्त पी लें। इसे थकान नहीं होगी और पूरे दिन आप एनर्जेटिक रहेंगे।
छाछ पीने के होते हैं ये 5 अचूक फायदे
1. कब्ज से मिलती है राहत
कब्ज में छाछ का सेवन किसी अमृत से कम नहीं है। कब्ज होने पर छाछ में अजवाइन मिलाकर पीने से कुछ ही दिनों में इस समस्या से राहत मिलती है। पेट की सफाई के लिए गर्मियों में पुदीना छाछ आपको राहत पहुंचाते हैं।
2. पाचन क्रिया ठीक करें
जिन लोगों को खाना ठीक से न पचने की शिकायत होती है। उन्हें रोजाना छाछ में भुने जीरे का चूर्ण, काली मिर्च का चूर्ण और सेंधा नमक का चूर्ण समान मात्रा में मिलाकर धीरे-धीरे पीना चाहिए। इसके सेवन से पेट ठीक से साफ भी हो जाएगा और आपको पाचन भी सही रहेगा।
3. विटामिन से भरपूर
दही से बने छाछ में विटामिन सी, ए, ई, के और बी पाए जाते हैं। जो कि शरीर के पोषण की जरुरत को पूरा करता है। यही कारण है कि आपको गर्मीयों में रोजाना छांछ पीना चाहिए।
ये भी पढ़े- मधुमेह वालों के लिए अमृत है प्याज की चाय, कई परेशानियों से रखती है दूर
4. लू से बचाएं
गर्मी की वजह से कोई शारीरिक समस्या हो या फिर लू लगी होने पर भी छाछ का सेवन सबसे बढ़िया रहता है। इसकी तासीर ठंडी होती है और ये आपके पेट की गर्मी को भी शांत करता है।
5. आंखों के लिए फायदेमंद
गर्मी में आंखे जलन कर रही हो तो आप दही की मलाई को पलकों पर लगा सकते है। इसके साथ ही यदि आप छाछ का रोज सेवन करते हैं तो आपको आराम मिलेगा।


