Meerut Fire: दो मंजिला घर में भीषण आग, 5 बच्चे सहित 6 लोग जिंदा जले, बुजुर्ग महिला और एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलसा
By सतीश कुमार सिंह | Updated: February 24, 2026 11:05 IST2026-02-24T10:50:07+5:302026-02-24T11:05:49+5:30
Meerut Fire Breaking: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसादी गेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में एक घर में आग लगने से पांच बच्चों और एक महिला समेत 6 लोगों की मौत हो गई।

Meerut Fire Breaking
Meerut: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के लिसाड़ी गेट इलाके में एक कपड़ा व्यापारी के दो मंजिला घर में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 5 बच्चे सहित 6 लोग जिंदा जल गए। एक बुजुर्ग महिला और एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए और इलाज चल रहा है। यह घटना गली नंबर 1, किदवई नगर में सुराही वाली मस्जिद के पास हुई। मृतकों में छह महीने से कम उम्र के दो जुड़वां शिशु भी शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, सोमवार देर शाम इकबाल के घर में आग लगी। चीख-पुकार सुनकर और आग की लपटों की तीव्रता देखकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े।
मेरठ जिले में एक मकान में आग लगने से पांच बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (मेरठ) अविनाश पांडे ने सिविल अस्पताल में संवाददाताओं को बताया कि घटना किदवई नगर इलाके में रात करीब आठ बजे हुई।
उन्होंने बताया कि इकबाल अहमद के आवास पर आग लगने की सूचना रात आठ बजकर 49 मिनट पर मिली, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।पुलिस के मुताबिक, घर में सिलाई का काम होता था और बड़ी मात्रा में कपड़े रखे हुए थे जिससे आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं।
उसने बताया कि प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने का संदेह है और विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल में संवाददाताओं से कहा, ‘‘घटना में सात लोग झुलस गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में चिकित्सकों ने उनमें से छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।’’
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान किदवई नगर में सुराही वाली मस्जिद के पास गली नंबर तीन के निवासी रूकसार (25), महबिश (12), हम्माद (चार), अकदस (चार), नाबिया (चार माह) और इनायत (चार माह) के रूप में हुई है। उसने बताया कि घायल अमीर बानो (55) का उपचार किया जा रहा है और मामले में जांच जारी है।
Meerut, Uttar Pradesh: A fire at the home of clothing businessman Iqbal in Kidwai Nagar, Lisari Gate, killed five children and one woman, and left another woman critically injured. pic.twitter.com/JgaYOA1rkQ
— IANS (@ians_india) February 24, 2026
आग घर के निचले तल से ऊपरी तल तक फैल गई, जिससे परिवार के सदस्य अंदर फंस गए। संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य में बाधा आई। संकरी गलियों के कारण घायलों को छत के रास्ते निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जिस घर में आग लगी थी, उसका इस्तेमाल कपड़े के कारोबार के लिए किया जाता था।
माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह और दमकल अधिकारियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की घटना की सूचना मिलते ही डीएम वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे और विधायक रफीक अंसारी एवं गुलाम मोहम्मद अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक परिवार के सदस्यों से बात की, जिन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
एसपी पांडे ने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि लिसाड़ी गेट इलाके में एक घर में आग लग गई है... बचाए गए छह लोगों, जिनमें एक महिला और पांच बच्चे शामिल हैं, की मौत हो गई है। एक महिला का इलाज चल रहा है। हमें बताया जा रहा है कि आग बिजली के उपकरण में खराबी के कारण लगी।” घटना की आगे की जांच जारी है।