विकास दुबे एनकाउंटर: पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, तीन गोलियां हुई थी आरपार, शरीर पर जख्म के 10 निशान
By विनीत कुमार | Updated: July 20, 2020 08:41 IST2020-07-20T08:31:18+5:302020-07-20T08:41:23+5:30
यूपी के कुख्यात हिस्ट्री शीटर विकास दुबे के एनकाउंट के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। इसमें बताया गया है कि विकास के शरीर पर 10 जख्म थे, इसमें 6 गोलियों के हैं।

विकास दुबे एनकाउंटर: पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने (फाइल फोटो)
कानपुर शूटआउट के मास्टरमाइंड विकास दुबे की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आ गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार हिस्ट्री शीटर विकास दुबे की मौत एनकाउंटर में गोली लगने के बाद हेम्रेज (खून बहने) और शॉक की वजह से हुई। कानपुर के बिकरू कांड का वांटेड विकास दुबे 10 जुलाई को पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था।
रिपोर्ट में ये बात भी सामने आई है कि विकास दुबे के शरीर से तीन गोलियां आरपार हुई थीं और शरीर में 10 जख्म थे। पहली गोली दाहिने कंधे और अन्य दो गोलियां बाएं सीने में लगी थीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि विकास दुबे के शरीर पर 10 जख्म थे। इसमें से छह गोलियों के हैं, जबकि अन्य चार भागते समय गिरने वजह से लग सकते हैं। हालांकि रिपोर्ट में इस बात का जिक्र नहीं है कि गोली कितनी दूरी से मारी गई।
Postmortem report of history-sheeter #VikasDubey states 'hemorrhage and shock due to ante-mortem firearm injuries' as the cause of his death.
— ANI UP (@ANINewsUP) July 20, 2020
He was wanted in #KanpurEncounter case and was killed in a Police encounter on July 10th.
इससे पहले शनिवार को फोरेंसिक टीम मुठभेड स्थल पहुंची थी। पुलिस के अनुसार विकास दुबे भागने के प्रयास में पुलिस के हाथों मुठभेड में मारा गया था। उसे मध्य प्रदेश के उज्जैन से लेकर आ रहा वाहन भारी बारिश के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके बाद उसने भागने का प्रयास किया था।
बिकरू कांड का मास्टरमाइंड था विकास दुबे
विकास दुबे को 9 जुलाई को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार किया गया था। बता दें कि दो-तीन जुलाई की दरमियानी रात को कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित बिकरू गांव में विकास दुबे को गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर उसके साथियों ने घात लगाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इसमें विकास दुबे भी शामिल था।
इस घटना में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी मारे गए थे तथा छह अन्य घायल हो गए थे। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने अलग अलग मुठभेड़ों में दुबे के गिरोह के पांच सदस्यों को मार गिराया था।
(भाषा इनपुट के साथ)