Valentine's Week: पत्नी ने रोज डे पर पति को गुलाब और शराब परोसा, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
By एस पी सिन्हा | Updated: February 13, 2026 14:13 IST2026-02-13T14:11:58+5:302026-02-13T14:13:57+5:30
Valentine's Week: सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।

file photo
पटनाः बिहार में मुंगेर जिले सदर थाना ओलाके में रोज डे पर पति को गुलाब और शराब देकर प्यार जताना एक महिला को महंगा पड़ गया। दरअसल, वर्तमान में बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, ऐसे में सार्वजनिक रूप से शराब का प्रदर्शन करना भारी पड़ गया। वायरल वीडियो में महिला, जिसकी पहचान कंचन देवी के रूप में हुई है, अपने पति को गुलाब का फूल देने के बाद बड़े ही गर्व से शराब परोसती नजर आ रही है। इस वीडियो के इंटरनेट पर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया एक वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
अब इस पूरे प्रकरण में महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच में जुट गई है। प्रात जानकारी के अनुसार कंचन देवी ने रोज डे के मौके पर अपने पति को खास अंदाज में सरप्राइज देने का प्लान बनाया था। उन्होंने पहले अपने पति को गुलाब का फूल दिया और फिर उसी दौरान एक वीडियो रिकॉर्ड किया।
वीडियो में आगे दिखता है कि वह अपने पति को एक गिलास में शराब डालकर देती हैं और साथ में शराब की बोतल भी दिखाई देती है। पति इस दौरान मुस्कुराते हुए नजर आते हैं और माहौल सामान्य दिखता है। मामला तब और गंभीर हो गया जब कंचन देवी की एक और तस्वीर सामने आई, जिसमें वह एक ब्यूटी पार्लर के अंदर हाथ में पिस्टल लेकर पोज देती दिख रही हैं।
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और महिला के घर पर छापेमारी की। जांच में पता चला कि तस्वीर में दिख रही पिस्टल दीनदयाल चौक निवासी विशाल कुमार की लाइसेंसी हथियार है। हालांकि हथियार वैध है, लेकिन किसी अनधिकृत व्यक्ति को इसके साथ फोटो खिंचवाने या सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने देना कानूनन अपराध है।
मुंगेर एसपी ने पुष्टि की है कि कंचन देवी और हथियार के मालिक विशाल कुमार दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी वाले राज्य में प्रतिबंधित पदार्थों को बढ़ावा देना और हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। एसपी ने साफ कहा है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे मामला सोशल मीडिया से जुड़ा ही क्यों न हो।